)
Dumka Medical College: दुमका को बहुत जल्द एक बड़ी सौगात मिलने वाली है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संथाल परगना का लाइफ लाइन फूलों झानों मेडिकल कॉलेज अस्पताल का भवन का उद्घाटन जल्द ही कर सकते है. दुमका के दिग्घी स्थित भव्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल का भवन बनकर लगभग तैयार हो चुका है. जल्द ही अप्रूवल स्वास्थ्य मंत्रालय के देने के बाद फूलो झानों मेडिकल कॉलेज अस्पताल को अपना 500 बेड का आधुनिक भवन उपलब्ध हो जाएगा. अभी वर्तमान में फूलो झानों मेडिकल कॉलेज अस्पताल दुमका के सदर अस्पताल भवन में संचालित है. दिग्घी स्थित फूलो झानों मेडिकल कॉलेज के बगल में 500 बेड का आधुनिक सुसज्जित मेडिकल कॉलेज अस्पताल बनाया गया है. यह पिछले 7 वर्षों से बनाया जा रहा था.
कहा जा रहा है कि फूलो झानों मेडिकल कॉलेज, संथाल परगना क्षेत्र के लोगों के लिए लाइफ लाइन का काम करेगा. इस मेडिकल कॉलेज में कई सुविधाएं मिलेगी. वहीं पोस्टमार्टम हाउस के ठीक सामने एक बीएससी नर्सिंग प्रशिक्षण भवन बन रहा है. जानकारी के मुताबिक, तकरीबन 30 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. अब यहां संसाधनों को व्यवस्थित किया जा रहा है. कहा जा रहा है कि इस साल प्रशिक्षण भवन में नर्सों की ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी. प्रशिक्षण लेकर नर्स किसी भी शहर व राज्य में काम कर सकेंगी. झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने जानकारी देते हुए कहा कि फूलो झानों मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन बनकर तैयार है. अब यह हमारे मंत्रालय में अप्रूवल के लिए आएगा और मेडिकल कॉलेज अस्पताल का ऐतिहासिक उद्घाटन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रहेंगे.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिशा निर्देश पर स्वास्थ्य व्यवस्थाएं को हमने सुधार दिया है. लोग मुझे फोन करके इसकी जानकारी देते हैं और कहते हैं कि हमारी जान बच गई. मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि ऐसी व्यवस्था हमारे विपक्ष के साथी को नजर क्यों नहीं आती है. स्वास्थ्य व्यवस्था की मॉनिटरिंग मै खुद करता हूं, चाहे मेडिकल कॉलेज हो, चाहे रिम्स हो या सदर अस्पताल हो. मै बैठकर सबकी जांच करता हूं.