)
मोतिहारी का शिक्षा विभाग एक बार फिर विवादों में है. इस बार मामला शिक्षा कर्मी सन्नी सुमन से जुड़ा है, जिसने स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार को फोन कर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) के खिलाफ भड़काने की कोशिश की. बातचीत के दौरान सन्नी ने अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया और विधायक से जिला शिक्षा कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई करने की बात कही. इस पर विधायक प्रमोद कुमार ने पलटकर कहा, “विधायक जी आकर फैटा-फैटी थोड़े ही करेंगे!”
विधायक और शिक्षा कर्मी के बीच की बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. खुद को विवाद से बचाने के लिए सन्नी सुमन का कहना है कि उनका फोन हैक कर यह ऑडियो जानबूझकर लीक किया गया है. हालांकि, वायरल क्लिप ने जिले में शिक्षा विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
विवाद यहीं नहीं रुका. शिक्षा कर्मी सन्नी सुमन का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह शराब पार्टी में ठुमका लगाते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो मुजफ्फरपुर के एक होटल का बताया जा रहा है. सन्नी ने सफाई दी है कि यह पार्टी एक अन्य शिक्षा कर्मी के जन्मदिन पर आयोजित हुई थी. वहां शराब जरूर परोसी गई थी, लेकिन उसने खुद शराब नहीं पी थी. बावजूद इसके, शराबबंदी वाले राज्य में किसी सरकारी कर्मचारी का इस तरह की पार्टी में शामिल होना भी नैतिकता के हिसाब से गलत माना जा रहा है.
पूरा विवाद जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरी से जुड़ा माना जा रहा है. जब उनसे इस मामले में प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि वायरल ऑडियो पर टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने इतना जरूर कहा कि जो कार्रवाई करनी थी, वह कर दी गई है. साफ है कि डीईओ मामले को ज्यादा तूल नहीं देना चाहते.
लगातार विवादों में घिरा मोतिहारी का शिक्षा विभाग एक बार फिर सुर्खियों में है. ऑडियो और वीडियो वायरल होने से विभाग की साख पर बुरा असर पड़ा है. यह मामला केवल एक शिक्षा कर्मी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.
इनपुट- पंकज कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!