)
गिरिडीह जिले के गांवा थाना से रविवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. यहां दो महिलाओं की हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपी श्रीकांत चौधरी ने थाना परिसर में ही आत्महत्या कर ली. घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए. बताया जा रहा है कि श्रीकांत ने किसी धारदार वस्तु से गला काट लिया था.
आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने घायल श्रीकांत को गांवा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. यहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
थाना परिसर के अंदर बंद आरोपी द्वारा इस तरह आत्महत्या कर लेना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. यह भी चर्चा का विषय है कि आखिर आरोपी के पास धारदार वस्तु कहां से आई और पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नज़र क्यों नहीं रखी.
घटना के बाद गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने खुद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि आरोपी ने धारदार वस्तु से नहीं बल्कि फंदे से लटककर आत्महत्या की है. हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने किस तरीके से आत्महत्या की.
श्रीकांत चौधरी दो महिलाओं की हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुआ था. उसकी अचानक मौत के बाद इस दोहरे हत्याकांड की कहानी और भी उलझती हुई नजर आ रही है. अब पुलिस इस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है.
इनपुट- मृणाल सिन्हा
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!