)
Gopalganj News: गोपालगंज जिले में शराब माफिया के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान बड़ा घटना सामने आया है. शुक्रवार की सुबह कुचायकोट थाना क्षेत्र के भठवा के समीप पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई. यूपी से शराब लेकर आ रही एक स्कार्पियो का पुलिस ने पीछा किया तो तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक शराब तस्कर को पैर में गोली मारकर जख्मी कर दिया. घायल तस्कर को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना स्थल से पुलिस ने स्कार्पियो वाहन में छिपाकर लायी जा रही 70 कार्टून शराब बरामद की. साथ ही एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है. घायल तस्कर की पहचान सद्दाम हुसैन के रूप में हुई है, जो सिवान जिले के बरहड़िया का निवासी है. पुलिस ने बताया कि वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब लायी जा रही थी, जिसे चुनाव से पहले क्षेत्र में वितरित करने की योजना थी.
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में 24 घंटे जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान शराब से लदे वाहन की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई. पुलिस के पीछा करने पर तस्करों ने गोली चलानी शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने यह भी कहा कि इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि अवैध शराब तस्करी पर लगाम लगाई जा सके. सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है और वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि चुनाव के समय ऐसे अपराधों पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे.
इनपुट: zee बिहार झारखंड
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!