)
जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र के कदुआ तरी गांव में शुक्रवार की शाम पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. पुलिस की यह कार्रवाई गांव में अवैध शराब बरामदगी को लेकर की गई थी. इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से पुलिसकर्मियों को घेर लिया और मारपीट की. घटना में एक महिला पदाधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
पटना मध्य निषेध विभाग ने सूचना दी थी कि कदुआ तरी गांव में बड़े पैमाने पर देशी शराब का अवैध निर्माण और भंडारण हो रहा है. इस आधार पर बरहट थाना की पुलिस टीम गांव पहुंची और छापेमारी की. छापेमारी में महेश टुडू के घर से भारी मात्रा में अर्ध-निर्मित चुलाई शराब बरामद की गई और उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. इसी कार्रवाई से ग्रामीण भड़क उठे और उन्होंने पुलिस दल पर हमला कर दिया.
शराब नष्ट करने के बाद गांव में माहौल अचानक बिगड़ गया. देखते ही देखते महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौके पर जुट गए और पुलिसकर्मियों को घेरकर हमला कर दिया. लाठी-डंडों और पारंपरिक हथियारों से प्रहार किए गए. ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनने की भी कोशिश की. इस दौरान महिला पदाधिकारी समेत कई जवान घायल हो गए. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पूरे जिले में सनसनी फैल गई.
हमले की सूचना मिलते ही वरीय अधिकारी सक्रिय हुए और पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने 20 नामजद और 25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है. अब तक 13 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य आरोपी महेश टुडू बताया जा रहा है. निषेध विभाग की सूचना के अनुसार उसके घर से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई थी. पुलिस का मानना है कि महेश टुडू लंबे समय से गांव में अवैध शराब के कारोबार में सक्रिय है और उसी ने ग्रामीणों को भड़काने में अहम भूमिका निभाई.
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन ने कहा, "पटना मध्य निषेध विभाग की सूचना पर छापेमारी की गई थी. इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और हथियार छीनने की कोशिश की. इस मामले में 20 नामजद और 25 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है. अब तक 13 गिरफ्तारियां हुई हैं और बाकी की तलाश जारी है. महेश टुडू इस पूरे प्रकरण का मास्टरमाइंड है."
इनपुट- अभिषेक निरला
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!