Shailesh Kumar Para Athletics: बिहार के लाल शैलेश कुमार ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में इतिहास रच दिया है. उन्होंने T42 श्रेणी की ऊंची कूद श्रेणी में 1.91 मीटर ऊंची छलांग लगाकर भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीत लिया है, जिसे लेकर CM नीतीश कुमार ने उन्हें बधाई दी. साथ ही, 75 लाख रुपए के पुरस्कार देने की घोषणा भी की है.
Trending Photos
)
Shailesh Kumar Para Athletics: दिल्ली में चल रही 12वीं वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में बिहार के लाल ने इतिहास रच दिया है. जमुई के शैलेश कुमार ने T42 श्रेणी की हाई जंप प्रतिस्पर्धा में 1.91 मीटर ऊंची छलांग लगाकर भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीत लिया है. इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस स्पर्धा में शैलेश ने 1.85, 1.88, 1.91 मीटर ऊंची छलांग लगाकर तीन बार चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाया है.
कौन है शैलेश कुमार?
शैलेश कुमार बिहार के जमुई जिले के अलीगंज प्रखंड के इस्लामनगर गांव के रहने वाले हैं. वो पेरिस में हुए पिछले वर्ल्ड पैरा चैंपियनशिप के रजत पदक और चीन में हुए एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता भी हैं. सरकार की 'मेडल लाओ नौकरी पाओ' योजना के अन्तर्गत शैलेश को क्लास वन की सरकारी नौकरी से भी सम्मानित किया गया.फिलहाल शैलेश समाज कल्याण विभाग में बाल विकास प्रोजेक्ट ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं. एक किसान परिवार से आने वाले शैलेश जटिल और प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करते हुए अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर आज जिस स्थान तक पहुंच गए हैं. यह निश्चित ही बिहार और पूरे देश के लिए खुशी और गर्व की बात है. साथ ही, दूसरे खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं.
यह भी पढ़ें: नवादा में ग्राइंडर ब्लेड से गला रेतकर युवक को उतारा मौत के घाट
CM नीतीश ने शैलेश को दी बधाई
शैलेश की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर CM नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी. उन्होंने लिखा- नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के पुरुष हाई जंप में T63/42 श्रेणी में गोल्ड जीतने और चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाने पर बिहार के बेटे शैलेश कुमार को हार्दिक बधाई. शैलेश कुमार की यह जीत न केवल बिहार बल्कि हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है. शैलेश कुमार की इस ऐतिहासिक जीत पर राज्य सरकार उन्हें खेल पुरस्कार योजना के तहत 75 लाख रुपए की राशि एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करेगी. शैलेश की यह जीत बिहार में खेलों के क्षेत्र में हो रहे बदलाव का प्रत्यक्ष प्रमाण है.