)
Jehanabad News: बिहार के जहानाबाद जिले में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक घटना हो गया, जिसमें बिहार पुलिस के एक हवलदार की करंट लगने से मौत हो गई. घटना नगर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर मोहल्ले की है. मृतक की पहचान हुलासगंज थाना अंतर्गत सुकियावां गांव निवासी रामाश्रय शर्मा के रूप में की गई है, जो जहानाबाद कोर्ट में हवलदार के पद पर तैनात थे.परिजनों ने बताया, रामाश्रय शर्मा लंबे समय से अपने परिवार के साथ शहर के आदर्श नगर मोहल्ले में किराए के मकान मे रह रहे थे. यहीं से वे रोजाना अपनी ड्यूटी जाया करते थे.
सोमवार सुबह भी वे तैयार होकर ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे तभी अनकी नजर घर में रखे इन्वर्टर पर पड़ी. उन्होंने देखा कि बैटरी का पानी कम हो गया है. इसके बाद वह पानी डालने लगे. इसी बीच अचानक उन्हें जोरदार करंट का झटका लगा और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला इन्वर्टर बैटरी में पानी डालने के दौरान करंट लगने का प्रतीत हो रहा है. फिलहाल पूरे मामले की छानबीन की जा रही है.
हवलदार की अचानक मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई. सहकर्मियों और रिश्तेदारों ने गहरा दुख व्यक्त किया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जाता है कि मृतक का स्वभाव मिलनसार था और वह अपनी ड्यूटी के प्रति बेहद ईमानदार माने जाते थे.
इनपुट: मुकेश कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!