)
Jehanabad News: बिहार के जहानाबाद जिले के बभना गांव में पिछले 10 दिनों से जारी पेयजल संकट ने रविवार को बड़ा रूप ले लिया. पानी की किल्लत से जुझ रहे ग्रामीणों का सब्र टूट गया और वे हाथों में खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतर गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने जहानाबाद-अरवल मुख्य सड़क मार्ग एनएच-110 को घंटों जाम कर दिया. इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारों लग गईं और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया. मामला नगर थाना क्षेत्र के बभना गांव वार्ड नंबर-दो का है.
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नल-जल योजना से पानी की आपूर्ति पिछले 10 दिनों से पूरी तरह बंद है. नलजल मोटर में तकनीकी खराबी आने से सप्लाई ठप हो गई है, जिससे लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरसने को मजबूर हैं. लोगों ने विभागीय अधिकारियों को बार-बार शिकायत की, लेकिन आश्वासन के अलावा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. ग्रामीणों का आरोप है कि मोटर हर तीन महीने पर खराब हो जाती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कभी कोई प्रयास नहीं किया गया.
ग्रामीणों का कहना है कि मोटर ही नहीं, पाइपलाइन की हालत बद से बदतर है. जगह -जगह पाइप टूटे पड़े हैं, लेकिन उसकी मरम्मती तक नहीं की गई. ऐसे में पानी की आपूर्ति बंद होने से लोगों की स्थिति गंभीर हो गई है. वहां को लोग फिलहाल दूर-दराज से पानी ढोकर किसी तरह अपनी प्यास बुझा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना था कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग के अधिकारी केवल टालमटोल करते रहे. ऐसे में विवश होकर आज सड़क जाम करने का कदम उठाना पड़ा. महिलाओं और बच्चों ने भी सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया.
इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने की कोशिश की. पुलिस ने विभागीय अधिकारियों से बात कर जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया. आश्वासन मिलने के बाद ही ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया और पुलिस ने यातायात को फिर से सुचारू कराया.
इनपुट: मुकेश कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!