)
जहानाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शकुराबाद थाना क्षेत्र के अइरा गांव में शनिवार को असामाजिक तत्वों ने दिनदहाड़े एक स्कूल के समीप खड़ी वैन में आग लगा दी. देखते ही देखते वैन धू-धू कर जल उठी और पूरी तरह खाक हो गई. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय स्कूल परिसर के आसपास अफरा-तफरी का माहौल था. हालांकि, सबसे बड़ी राहत यह रही कि आगजनी की इस घटना में किसी की जान नहीं गई. घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए और उन्होंने मामले पर नाराजगी जताई.
वैन चालक विकास कुमार ने बताया कि वह अइरा गांव से कुछ लोगों को गया जिले में आयोजित श्राद्धकर्म में ले जाने के लिए आया था. उसने अपनी वैन को गांव के स्कूल के पास खड़ा कर दिया था. कुछ देर बाद एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर आया और उसे डराकर भगा दिया. इसके बाद उसने वैन में तोड़फोड़ की और आग लगा दी. देखते ही देखते वैन पूरी तरह से जलकर राख हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों में लगातार इजाफा हो रहा है. लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में गश्ती बढ़ाई जाए और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए.
इनपुट- मुकेश कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!