)
Bihar Adhikar Yatra: राजद नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को जहानाबाद से बिहार अधिकार यात्रा की शुरुआत की. यात्रा शुरू करने से पहले जहानाबाद के गांधी मैदान में हुई जनसभा में तेजस्वी यादव ने कहा, '2005 से 2025, बहुत हुआ नीतीश'. अब बिहार को बदलाव की जरूरत है. उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास को शिथिल कर दिया है. हालात यह है कि बिहार में एक तरफ जहां बेरोजगारी काफी बढ़ी हुई है तो हत्या, अपहरण और अन्य अपराधों की संख्या बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि हमें 5 साल नहीं, 20 महीना ही दे दो. जब तेजस्वी मुख्यमंत्री बनेगा तो पढ़ाई, दवाई, कमाई की मुकम्मल व्यवस्था करूंगा. जितनी चीनी मिल बंद हैं, उन्हें चालू करूंगा. बंट जुट मिलों को चालू करूंगा. भारी पैमाने पर बिहार में उद्योग धंधे लगाए जाएंगे. बिहार का कोई भी बेरोजगार बाहर नहीं जाएगा.
वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा, एनडीए के लोग आपका वोट देने का अधिकार चुराना चाह रहे हैं. इससे आपको सतर्क रहना है. बिहार को अब नकल की नहीं, अक्ल वाली सरकार की जरूरत है. नेता प्रतिपक्ष ने कहा, मैंने ऐलान किया कि पेंशन राशि 1500 करूंगा तो नकलची सरकार ने इसे 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया. मैंने 200 यूनिट बिजली फ्री करने का ऐलान किया था तो नकलची सरकार ने 125 यूनिट बिजली फ्री कर दिया है. मैंने ऐलान किया कि सभी माई बहनों को महीने में 2500 रुपये दूंगा तो नकलची सरकार ने 10,000 रुपये देने की घोषणा कर दी है. उन्होंने कहा कि यह सरकार जो 10,000 दे रही है और इसके अलावा जो पैसा एक लाख देने की बात कह रही है, चुनाव के बाद ब्याज सहित वापस लेने का काम करेगी.
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि अगर आप मेरी सरकार बनाते हैं तो मैं रोजगार के साथ-साथ अमन चैन कायम करने का काम करूंगा. तेजस्वी की उम्र कच्ची हो सकती है, लेकिन जुबान पक्की है. मैं जो कहता हूं, वो करता हूं. मैंने कहा था कि मेरी सरकार बनेगी तो 10 लाख युवाओं को नौकरी दूंगा. जब मैं डिप्टी सीएम बना तो 5 लाख युवकों को रोजगार दिया. लगभग 4 लाख शिक्षकों को सरकारी दर्जा देने दिया गया. चुनाव बाद मेरी सरकार बनी तो बेरोजगारों को रोजगार दूंगा.
इस मौके पर सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, विधायक कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव, मखदुमपुर विधायक सतीश दास, कुर्था के विधायक बागी कुमार वर्मा, अत्री विधायक रणजीत यादव, जिलाध्यक्ष महेश ठाकुर जिला प्रवक्ता डॉ. शशि रंजन और पप्पू यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, संजय यादव आदि उपस्थित थे.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!