)
Jehanabad News: डिजिटल इंडिया की तेज रफ्तार के बीच जहां देश टेक्नोलॉजी की ओर बढ़ रहा है, वहीं साइबर अपराधियों की चतुराई और हिम्मत भी खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. बिहार के जहानाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक पंचायत सचिव के साथ बड़ा साइबर फ्रॉड कर उनके खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए गए. खास बात यह है कि यह ठगी पंचायती राज विभाग के नाम पर की गई, जिससे सचिव को बिल्कुल भी शक नहीं हुआ.
घटना शकुराबाद थाना क्षेत्र के देवनंदन बीघा गांव की है. रतनी प्रखंड अंतर्गत मुरहरा पंचायत के ग्राम कचहरी में तैनात पंचायत सचिव रमाकांत प्रसाद को शुक्रवार को अचानक एक फोन आया और वह खुद को पंचायती राज विभाग का अधिकारी बताया और उनके खाते में 7200 रुपये पेमेंट भेजने की बात कही.
इस दौरान साइबर ठगों ने पहले उनका व्हाट्सएप नंबर मांग और प्रक्रिया से जुड़ी कुछ जरूरी जानकारी भरने की बात कही. विश्वास में आकर रमाकांत प्रसाद ने अपने बड़े बेटे के सहयोग लिया और जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उनके मोबाइल में कुछ तकनीकी गतिविधियां शुरू हो गईं. थोड़ी ही देर में उनके बैंक खाते से दो बार ट्रांजैक्शन कर एक लाख रुपये निकाल लिए गए.
पीड़ित सचिव के बेटे विकाश कुमार ने अफसोस जताते हुए कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि सरकारी नाम का इस्तेमाल करके भी कोई इस तरह ठगी कर सकता है. विकास ने बताया कि साइबर ठग ने यह भी पूछा था कि खाते में कितना बैलेंस है, परंतु उन्हें तब भी कोई संदेह नहीं हुआ. हम तो यही समझे कि कोई विभाग से ही फोन आया है. लेकिन जब पैसा कट गया तो सब कुछ समझ आ गया. जब तक उन्हें कुछ समझ आता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
घटना के बाद रमाकांत प्रसाद आनन फानन में साइबर थाने में जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई. इधर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस की माने तो यह किसी संगठित साइबर गिरोह की करतूत मानी जा रही है, जो सरकारी विभागों की नकल कर भोले-भाले कर्मचारियों को ठगने का काम कर रहा है. वही इस घटना के बाद पंचायत और अन्य सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने सभी कर्मचारियों को आगाह किया है कि वे किसी भी अनजान कॉल, व्हाट्सएप मैसेज या लिंक पर विश्वास न करें.
इनपुट: मुकेश कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!