)
जहानाबाद जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है. दरअसल बिहार बंद के दौरान भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं और एक महिला शिक्षिका के बीच हुई तीखी नोकझोंक को लेकर शिक्षा विभाग ने संज्ञान लिया है. बिहार बंद के दौरान भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं और एक महिला शिक्षिका के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई थी. घटना गुरुवार की है. गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस की "वोटर अधिकार यात्रा" के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ कथित अपमानजनक भाषा के विरोध में बिहार बंद का आयोजन किया था.
इसी दौरान जिले में पदस्थापित महिला शिक्षिका डिप्टी रानी का भाजपा महिला कार्यकर्ताओं से विवाद हो गया. जिसके बाद विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में शिक्षिका प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करती नजर आ रही हैं. वहीं भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने भी आरोप लगाया है कि शिक्षिका ने अपमानजनक और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया था.
जब यह पूरा विवाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ तो मामले ने तूल पकड़ लिया. वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शिक्षिका को भी भीड़ द्वारा अपमानित किया गया और धक्का-मुक्की की गई. जिसके बाद इस मामले पर प्रशासन को भी सख्त रुख अपनाने पर मजबूर कर दिया.
जिला शिक्षा अधिकारी सरस्वती कुमारी ने शनिवार को जानकारी दी कि वायरल वीडियो के आधार पर शिक्षिका डिप्टी रानी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. उनसे 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है.
यदि शिक्षिका का उत्तर असंतोषजनक पाया गया, तो शिक्षा विभाग उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है. इसमें निलंबन या सेवा शर्तों में अन्य दंड शामिल हो सकते हैं. वहीं, भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि शिक्षिका के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए.
इनपुट- मुकेश कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!