Jehanabad News: बिहार के जहानाबाद शहर के बीचों-बीच बहने वाली दरधा नदी एक दर्दनाक हादसे की गवाह बनी, जब एक मजदूर ने अपनी गाय को बचाने के प्रयास में अपनी जान गंवा दी. यह हृदयविदारक घटना नगर थाना क्षेत्र के रेलवे पुल के पास की है. मृतक की पहचान राजाबाजार स्थित दक्षिणी-दौलतपुर मोहल्ला निवासी मिथिलेश चौधरी के रूप में की गई है.
बताया जाता है कि मिथिलेश मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और एक गाय पाल रखा था, जो उसके जीवन का अभिन्न हिस्सा थी. परिजनों ने बताया कि बुधवार की शाम मिथिलेश की गाय अचानक घर से भागकर नदी के किनारे चली गई. गाय को पकड़ने के प्रयास में मिथिलेश नदी किनारे दौड़ रहा था, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा.
स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास किया, जिसके बाद आज उसका शव नदी से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया. इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि मिथिलेश ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था. उनकी असामयिक मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, और दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों और परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, सरकारी मुआवजा और किसी सरकारी योजना के तहत मदद प्रदान की जाए, ताकि उनके जीवन में कुछ सहारा मिल सके.
इनपुट- मुकेश कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!