Advertisement
trendingNow0/india/bihar-jharkhand/bihar2939058

जहानाबाद नगर परिषद में भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, पुतला दहन कर जताया आक्रोश

जहानाबाद नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ शनिवार को वार्ड नंबर-30 के पार्षद नीरज कुमार और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया. लोगों ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर पुतला दहन कर प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए.

जहानाबाद नगर परिषद पर भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप
जहानाबाद नगर परिषद पर भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप

बिहार के जहानाबाद में नगर परिषद में फैले भ्रष्टाचार, लापरवाही और जनविरोधी रवैये के खिलाफ शनिवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. वार्ड नंबर-30 के पार्षद नीरज कुमार के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया. आक्रोशित भीड़ ने नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा, जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और कार्यपालक पदाधिकारी दीनानाथ सिंह का अर्थी जुलूस निकालते हुए नगर परिषद कार्यालय के बाहर पुतला दहन किया.

गांधी मैदान से निकला जुलूस अंबेडकर चौक होते हुए नगर परिषद कार्यालय पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान नगर परिषद प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए. पार्षद नीरज कुमार ने साफ कहा कि उनके वार्ड में अब तक एक भी सरकारी योजना लागू नहीं की गई है.

वार्ड पार्षद ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी योजनाओं के एग्रीमेंट के नाम पर 50 हजार रुपये रिश्वत और 40 प्रतिशत कमीशन की मांग करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वार्ड में जिन दो योजनाओं की तकनीकी स्वीकृति एक साल पहले मिल चुकी है, उन पर आज तक कोई काम शुरू नहीं हुआ.

Add Zee News as a Preferred Source

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की बदहाली का हाल बताते हुए कहा कि स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइट महीनों से खराब पड़ी हैं. सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. मुख्य पार्षद के पति अशोक पासवान ने खुलासा किया कि नगर परिषद को हर महीने सफाई मद में 62 लाख रुपये मिलते हैं, लेकिन जमीन पर काम नाममात्र का होता है.

आरोप लगाया गया कि कार्यपालक पदाधिकारी हर महीने सफाई एजेंसी से 8 लाख रुपये की अवैध वसूली करते हैं. इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्र में कार्यरत 215 मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी भी नहीं दी जाती, जो सीधे श्रम कानूनों का उल्लंघन है. मजदूरों की यह स्थिति प्रशासन की अनदेखी और भ्रष्टाचार का नतीजा बताई गई.

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि नगर परिषद की कार्यप्रणाली में जल्द सुधार नहीं हुआ और भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा. लोगों ने कहा कि अब उनकी लड़ाई पारदर्शिता और अधिकारों की बहाली के लिए है.

इनपुट- मुकेश कुमार

ये भी पढ़ें- 'NDA एक बार फिर सरकार बनाएगा', जहानाबाद में लवली आनंद ने किया दावा

बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

TAGS

Trending news