झारखंड की 17 और जम्मू-कश्मीर की 16 सीटों पर मतदान आज, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
Advertisement

झारखंड की 17 और जम्मू-कश्मीर की 16 सीटों पर मतदान आज, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके मंत्रिमंडल के तीन सहयोगियों सहित 144 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मंगलवार को होने वाले मतदान में तय होगा। तीसरे चरण के तहत बडगाम, पुलवामा और बारामूला जिलों की 16 सीटों पर मतदान होना है। जबकि झारखंड विधानसभा चुनावों में तीसरे चरण में सत्रह सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

झारखंड की 17 और जम्मू-कश्मीर की 16 सीटों पर मतदान आज, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

रांची/श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके मंत्रिमंडल के तीन सहयोगियों सहित 144 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मंगलवार को होने वाले मतदान में तय होगा। तीसरे चरण के तहत बडगाम, पुलवामा और बारामूला जिलों की 16 सीटों पर मतदान होना है। जबकि झारखंड विधानसभा चुनावों में तीसरे चरण में सत्रह सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

घाटी में शुक्रवार को हुई हिंसा को देखते हुए सभी तीन जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। चार हमलों में 11 सुरक्षाकर्मियों और आठ आतंकवादियों सहित 21 लोग मारे गए थे। सबकी निगाहें, उरी और त्राल विधानसभा सीटों पर लगी हैं जहां चुनाव से पहले आतंकवादियों ने हिंसा की है। राज्य में पहले दो चरण के मतदान में, अलगाववादियों और आतंकवादी संगठनों के बहिष्कार के आह्वान को दरकिनार करते हुए मतदाता बड़ी संख्या में बाहर निकले और रिकॉर्ड 70 प्रतिशत मतदान हुआ।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है क्योंकि इसके पास इन 16 में से नौ सीटें थीं जहां 13.69 लाख मतदाताओं में से 6.51 लाख महिला मतदाता हैं। तीसरे दौर के मतदान में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के तीन सहयोगियों तथा दस अन्य वर्तमान विधायकों सहित कुल 144 प्रत्याशी मैदान में हैं। क्षेत्र में 1,781 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।

झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीके जाजोरिया ने बताया कि रांची की रांची, हटिया और कांके विधानसभा सीटों समेत 17 सीटों के लिए मंगलवार को मतदान करवाने की तैयारी पूरी कर ली गयी है और सुरक्षा की भी चाक चौबंद व्यवस्था की गयी है।

इसमें पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व विधानसभाध्यक्ष सीपी सिंह, राज्य के तीन काबीना मंत्रियों समेत 289 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा और कुल 81 में पचास सीटों पर मतदान संपन्न होने के साथ ही राज्य में बनने वाली सरकार का भी स्वरूप लगभग तय हो जायेगा।

झारखंड के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने बताया कि तीसरे चरण के चुनावों के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबन्ध किये गये हैं और 14 सीटों के नक्सल प्रभावित इलाकों में होने के कारण वहां मतदानकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों को पहुंचाने के लिए वायुसेना के आधा दर्जन हेलीकाप्टरों की भी व्यवस्था की गयी है। जाजोरिया ने बताया कि इन सभी सीटों पर मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान होगा जिसके लिए पूरी तैयारी कर ली गयी है। कल शाम पांच बजे रांची की तीन सीटों पर और नक्सल प्रभावित अन्य चौदह सीटों का प्रचार कार्य अपराह्न तीन बजे संपन्न हो गया।

रांची सीट पर पूर्व विधानसभाध्यक्ष और भाजपा प्रत्याशी सीपी सिंह का मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष महुआ मांझी और कांग्रेस के सुरेन्द्र सिंह से है। वहीं, हटिया सीट पर झारखंड विकास मोर्चा के आज्सू से आये प्रत्याशी निवर्तमान विधायक नवीन जायसवाल का मुख्य मुकाबला भाजपा की सीमा शर्मा से है।

कांके विधानसभा में बहुकोणीय मुकाबला भाजपा, झामुमो और झाविमो में माना जा रहा है।

तीसरे चरण में नक्सल प्रभावित चौदह सीटों पर मतदान होना है जिसमें गिरिडीह, कोडरमा, रामगढ़, सराइकेला खरसांवा, चतरा, बोकारो, हजारीबाग और रांची जिलों की बरकट्ठा, बरही, कोडरमा, बड़कागांव, रामगढ़, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, धनवार, गोमिया, बेरमो, इचागढ़, सिल्ली और खिजरी शामिल हैं।

इसके अलावा राज्य के काबीना मंत्री राजेन्द्र सिंह, अन्नपूर्णा सिंह और जयप्रकाशभाई पटेल के भाग्य का फैसला होगा। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी धनवार विधानसभा क्षेत्र से अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इस चरण में आठ निवर्तमान विधायकों समेत कुल 289 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनमें 26 महिलाएं एवं 103 निर्दलीय उम्मीदवार भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

जाजोरिया ने बताया कि प्रथम दो चरणों की सफलता को देखते हुए तीसरे चरण में और अधिक मतदान होने की संभावना है।