)
Bihar News: बिहार में रविवार (14 सितंबर) को जितिया (जिउतिया) पर्व मनाया गया. कई जिलों में जिउतिया पर्व के दौरान बड़े हादसे हुए पर्व की खुशियां मातम बदल गईं. अरवल जिले के सदर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग जगह पर जिउतिया पर्व के दिन दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. बच्चों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के इस पर्व पर दो मासूमों की मौत ने पूरे जिले को गमगीन कर दिया. पहली घटना सदर प्रखंड के अमरा पंचायत की है, जहां सोन नाला में स्नान करने गई 11 वर्षीय निशा कुमारी पानी में डूब गई. चार बहनों और एक भाई के बीच पली-बढ़ी निशा अपने पूरे परिवार की लाड़ली थी. अस्पताल में बेटी के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
वहीं दूसरी घटना सदर प्रखंड के दुना छपरा सोन नदी घाट की है. जिउतिया स्नान के दौरान पांच बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए. ग्रामीणों ने चार बच्चों को तो बचा लिया, लेकिन 12 वर्षीय रजत कुमार गहरे पानी में समा गया. वह अजय पटेल का इकलौता बेटा था. इन दोनों हादसों ने जिउतिया की खुशियों को मातम में बदल दिया. पर्व पर जहां माताएं बच्चों की लंबी उम्र की दुआ कर रही थीं, वहीं दो परिवारों की गोद सूनी हो गई. पूरे इलाके में शोक की लहर है. उधर कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड के भीतरी बांध में जिउतिया पर्व के अवसर पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया. यहां स्नान करने के दौरान 11 वर्षीय खुशबू कुमारी की पानी में डूबकर मौत हो गई. मृतका मिथिलेश पांडे की पुत्री थी. घटना शाम करीब पांच बजे हुई, जब महिलाएं और बच्चे पर्व के अवसर पर पोखरा में स्नान कर रहे थे.
खुशबू अपनी चार अन्य सहेलियों के साथ पोखरा गई थी. स्नान करते समय खुशबू अचानक गहरे पानी की ओर चली गई और डूबने लगी. बाकी बच्चियां किसी तरह किनारे लौट आईं और शोर मचाने लगीं. उनकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े और बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक खुशबू पानी में समा गई. बीच-बीच में नेटवर्क की समस्या से घटना की सूचना पुलिस को देने में भी देर हुई, जिससे बचाव कार्य में कठिनाई आई. बाद में ग्रामीणों के प्रयास से बच्ची के शव को पानी से बाहर निकाला गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है.
वहीं जहानाबाद के रतनी प्रखंड क्षेत्र के पतीबिगहा गांव निवासी धर्मेन्द्र कुमार की 40 वर्षीय पत्नी गौरी देवी की बलदैया नदी में डूबने से मौत हो गई. घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि गौरी देवी रविवार की शाम जिउतिया पर्व पर अन्य ग्रामीण महिलाओं के साथ बलदैया नदी में स्नान करने गई थीं. स्नान के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगी. गौरी को डूबता देख साथ गई महिलाओं के शोर मचाने लगी. महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में गौरी देवी को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया.
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!