Katihar News: बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत मूसापुर गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो आया, जिसमें करीब 28 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना तब घटी जब मवेशी गांव के पास स्थित नहर के किनारे चर रहे थे. स्थानीय लोगों के अनुसार, नहर के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली की लाइन अचानक टूटकर जमीन पर गिर गई, जिससे करंट पूरे क्षेत्र में फैल गया. करंट की चपेट में आते ही दर्जनों मवेशी तड़प-तड़प कर मर गए.
घटना के तुरंत बाद गांव में कोहराम मच गया. जिन किसानों के मवेशी मरे हैं, वे बिलखते हुए मवेशियों को पकड़कर रोते देखे गए. ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा बिजली विभाग की घोर लापरवाही का नतीजा है. उन्होंने बताया कि कई बार विभाग को जर्जर तारों के बारे में सूचना दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. इसका परिणाम आज इतने बड़े हादसे के रूप में सामने आया है. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तुरंत NH-31 पर उतरकर सड़क को जाम कर दिया. बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. ग्रामीणों की मांग है कि जिन किसानों के मवेशी मरे हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं. हालांकि, खबर लिखे जाने तक जाम हटाया नहीं जा सका था और लोग मुआवजे और न्याय की मांग पर डटे हुए थे. यह घटना एक बार फिर से बिजली व्यवस्था की बदहाल स्थिति और विभाग की अनदेखी को उजागर करती है. अगर समय रहते तार की मरम्मत कर दी गई होती, तो यह जानलेवा हादसा टल सकता था. अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले में कितनी जल्दी और कितनी ईमानदारी से कार्रवाई करता है.
इनपुट- रंजन कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!