)
कटिहार जिले के मनिहारी अनुमंडल से बाढ़ और गंगा कटाव की भीषण तस्वीर सामने आई है. मनिहारी प्रखंड के धुरयाही पंचायत में गंगा नदी का पानी लगातार तबाही मचा रहा है. यहां दर्जनों घर नदी में समा चुके हैं और कई लोग बेघर होकर अस्थायी ठिकानों पर रहने को मजबूर हैं. इसी हालात का जायज़ा लेने रविवार को कटिहार के सांसद तारिक अनवर और मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह धुरयाही पंचायत पहुँचे.

धुरयाही पंचायत में बाढ़ का पानी इतना फैला हुआ है कि नेताओं के लिए गांव तक पहुँचना आसान नहीं था. इसी दौरान एक अनोखा दृश्य सामने आया, जब सांसद तारिक अनवर स्थानीय लोगों के कंधे पर सवार होकर बाढ़ पीड़ितों तक पहुँचे. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और लोग इसे अलग-अलग प्रतिक्रियाओं के साथ देख रहे हैं.
गांव पहुँचने के बाद सांसद और विधायक ने जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया. यहां ग्रामीणों ने अपनी सबसे बड़ी चिंता – घर उजड़ने और रोज़ी-रोटी छिन जाने की बात रखी. उन्होंने सुरक्षित ठिकाने, पुनर्वास और तत्काल राहत की मांग की. लोगों ने कहा कि अब तक सिर्फ़ आश्वासन मिले हैं लेकिन कोई ठोस मदद नहीं पहुंची है.
सांसद तारिक अनवर ने कहा कि वे केंद्र और राज्य सरकार से इस आपदा को देखते हुए विशेष पैकेज की मांग करेंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे. वहीं विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रशासन पर दबाव बनाकर पुनर्वास और राहत सामग्री मुहैया कराई जाएगी.
धुरयाही पंचायत के लोग फिलहाल अस्थायी ठिकानों पर जीवन बसर कर रहे हैं. नदी का पानी और कटाव दोनों ही उनके भविष्य पर गहरे सवाल खड़े कर रहे हैं. ग्रामीण उम्मीद कर रहे हैं कि सांसद और विधायक का यह दौरा केवल औपचारिकता न बनकर, राहत और पुनर्वास की ठोस कार्ययोजना लेकर आएगा.
इनपुट- रंजन कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!