)
Katihar News: कटिहार जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खैरा संथाली टोला, वार्ड संख्या 05 में मंगलवार को मखाना खेत को लेकर दो पक्षों के बीच बड़ा विवाद खड़ा हो गया. विवाद की असली वजह खतियानी जमीन का मालिकाना हक बताया जा रहा है. पीड़ित पक्ष का कहना है कि जमीन बुजुर्ग भीमा मुर्मू (85 वर्ष) के नाम पर दर्ज है और वर्षों से यहां मखाना की खेती कर उनका परिवार अपनी आजीविका चला रहा है.
जमीन के मालिकाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई. इस संघर्ष में कुल 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज भेजा गया है.
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी शशि रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने हालात को काबू में किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में पूछताछ की जा रही है और दोषियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी.
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ जानलेवा हमला किया बल्कि जमीन पर कब्जे की नीयत से हमला किया. दूसरी ओर हमलावर पक्ष का कहना है कि यह जमीन बिहार सरकार की है और वे इस मखाना खेत को सामुदायिक हित में बेचकर समाज के कार्यों में लगाना चाहते हैं.
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. उनका कहना है कि हमलावरों पर अगर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और बिगड़ सकती है. फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है.
इनपुट- रंजन कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!