किशनगंज टाउन थाना पुलिस रविवार को चोरी के मामले में छापेमारी के लिए खगड़ा रेड लाइट इलाके में पहुंची थी. इसी दौरान आरोपी के परिवार वालों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. घटना में चार पुलिसकर्मी घायल हुए और महिला पदाधिकारी के साथ बदसलूकी की गई.
Trending Photos
)
किशनगंज जिले के खगड़ा रेड लाइट इलाके में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चोरी के मामले की छानबीन के लिए गई टाउन थाना पुलिस टीम पर स्थानीय आरोपियों और उनके परिजनों ने हमला कर दिया. यह घटना वार्ड नंबर 33 की है. जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम चोरी की घटना में संदिग्ध आरोपी कादिर की तलाश में छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान आरोपी के परिजनों ने अचानक पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया.
हमले के दौरान स्थिति बिगड़ गई और चार पुलिसकर्मी घायल हो गए. सबसे गंभीर घटना उस समय हुई जब एक महिला पुलिस पदाधिकारी पुष्पांजलि भारती के साथ धक्का-मुक्की की गई और उन्हें झाड़ू और चप्पल से मारा गया. पुलिस की गाड़ी को भी भीड़ ने निशाना बनाया. हमलावरों ने वाहन का गेट खोलकर एक पुलिसकर्मी को बाहर खींच लिया और उसकी पिटाई कर दी.
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ गौतम कुमार और सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया और एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. घायल पुलिसकर्मियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
एसडीपीओ गौतम कुमार ने बताया कि पुलिस टीम चोरी के आरोपी कादिर के घर छापेमारी के लिए पहुंची थी. प्राथमिक जांच में यह भी जानकारी मिली है कि कादिर और उसका परिवार अवैध शराब और स्मैक की तस्करी में शामिल है. जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, परिवार ने विरोध करना शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है. इस मामले में गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
इनपुट- अमित कुमार सिंह
ये भी पढ़ें- पुलिस पर हमले के आरोपी की थाने में मौत से हड़कंप, इलाके में तनाव, भारी फोर्स तैनात
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!