Advertisement
trendingNow0/india/bihar-jharkhand/bihar2928756

DUSU Election 2025 Result: बिहार की बेटी का दिल्ली में डंका, दीपिका झा बनीं डूसू संयुक्त सचिव

DUSU Election 2025 Result: बिहार के मधुबनी की छात्रा 'दीपिका झा' दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में संयुक्त सचिव बनीं. वे महिला सुरक्षा, छात्र कल्याण और समान शिक्षा के लिए सक्रिय हैं. बौद्ध अध्ययन से प्रेरित, उन्होंने समाज सेवा और जरूरतमंद बच्चों की मदद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

दीपिका झा बनीं डूसू संयुक्त सचिव
दीपिका झा बनीं डूसू संयुक्त सचिव

DUSU Election 2025 Result: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2025 में संयुक्त सचिव (जॉइंट सेक्रेटरी) पद पर दीपिका झा ने जीत दर्ज की है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से चुनाव लड़ने वाली दीपिका मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले की रहने वाली हैं और अब वे डूसू की 69वीं संयुक्त सचिव बनी हैं. उनकी इस सफलता ने न केवल मधुबनी, बल्कि पूरे बिहार को गौरवान्वित किया है.

यह भी पढ़ें: नेपाल बॉर्डर पर उग्र प्रदर्शन, जयनगर-जनकपुर ट्रेन सेवा अनिश्चितकाल तक बंद

दीपिका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बिहार से पूरी करने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज से स्नातक की डिग्री ली. वर्तमान में वे डीयू के बौद्ध अध्ययन विभाग (Department of Buddhist Studies) में मास्टर्स कर रही हैं. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि बौद्ध दर्शन के अध्ययन से उनमें करुणा, सेवा और समर्पण का भाव और गहरा हुआ, जो उनके सामाजिक और छात्र हित के कार्यों में परिलक्षित होता है.

Add Zee News as a Preferred Source

दीपिका को छात्र समुदाय में छात्र हितों की पैरोकार और सामाजिक मुद्दों पर मुखर आवाज के रूप में जाना जाता है. उन्होंने डीयू कैंपस में महिला सुरक्षा, रिसर्च इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और छात्रों के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए हैं. डीयू प्रशासन और DUTA (दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ) के साथ उन्होंने कई बैठकों में भाग लेकर छात्र समस्याओं को प्रमुखता से उठाया.

खासकर कृषि-आधारित साधारण परिवार से आने वाली दीपिका झा ने बताया कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उनके माता-पिता ने उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया. उनका संघर्ष और सेवा भाव छात्र राजनीति में उनके मूल्यों और सोच को दर्शाता है.

चुनाव लड़ने से पहले दीपिका 'स्टूडेंट्स फॉर सेवा' संगठन से जुड़ी रहीं और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाती रहीं. उन्होंने जरूरतमंद बच्चों के लिए 'बस्ती की पाठशाला' नामक पहल की, जिसके माध्यम से झुग्गी-झोपड़ी इलाकों में गरीब बच्चों को शिक्षा दी जाती है. साथ ही, वे 'ऋतु मति अभियान' से भी जुड़ी रहीं, जिसके अंतर्गत महिलाओं के स्वास्थ्य और मासिक धर्म से जुड़ी जागरूकता फैलाई जाती है.

अपनी जीत के बाद दीपिका ने कहा कि वे कैंपस में महिलाओं का सशक्त प्रतिनिधित्व करेंगी और छात्राओं की सुरक्षा, एक समान फीस संरचना, और बेहतर प्लेसमेंट की दिशा में ठोस कार्य करेंगी. उनका विजन है कि दिल्ली विश्वविद्यालय एक ऐसा स्थान बने जहां सभी छात्रों को समान अवसर और सुरक्षित माहौल मिले. दीपिका झा की जीत उन छात्राओं के लिए प्रेरणा है जो समाज और शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव लाने की आकांक्षा रखती हैं.

बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi  हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

 

TAGS

Trending news