)
मुंगेर नगर निगम वार्ड संख्या 41 की सैकड़ों महिलाएं मंगलवार को सदर प्रखंड कार्यालय पहुंचीं और बाढ़ सहायता राशि की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. मोकबीरा चांय टोला की महिलाएं हाथों में तख्तियां और नारेबाजी करती हुईं कार्यालय का घेराव करने लगीं. इस दौरान उन्होंने अंचलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा.
गुस्साई महिलाओं ने कहा कि यदि इस बार भी खाते में बाढ़ सहायता राशि नहीं आई तो वे चुनाव में वोट का बहिष्कार करेंगी. उनका कहना था कि डेढ़ महीने तक घर पानी में डूबा रहा, लेकिन अब तक किसी भी तरह की मदद नहीं मिली. यहां तक कि पिछले साल भी राहत राशि उनके खाते तक नहीं पहुंची थी.
बाढ़ पीड़ित महिलाओं ने बताया कि उन्होंने राहत राशि पाने के लिए फॉर्म भरकर वार्ड सदस्य पूजा देवी को दिए थे, लेकिन अभी तक उनके खाते में एक भी रुपया नहीं आया है. उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर, विधायक और अंचलाधिकारी तक गुहार लगाने के बाद भी उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया गया.
प्रदर्शन के दौरान महिलाएं अंचलाधिकारी से मिलने के लिए जिद करती रहीं, लेकिन सीओ मौजूद नहीं थे. हालांकि कर्मचारियों ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी के खाते में सहायता राशि पहुंचा दी जाएगी. इसके बावजूद महिलाओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे “राशि नहीं तो वोट नहीं” के नारे लगाती रहीं.
गौरतलब है कि मुंगेर को बाढ़ प्रभावित जिला घोषित किए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी भी कई प्रभावित इलाकों में पीड़ितों को सहायता राशि नहीं मिली है. इसी कारण लोग बार-बार सड़क जाम और प्रदर्शन करने को मजबूर हो रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
इनपुट- प्रशांत कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!