)
मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. अपराधियों ने किराए पर बोलेरो गाड़ी लेकर चालक का अपहरण कर लिया और फिर उसे घर में बंद कर बेरहमी से पिटाई की. इस घटना का मकसद मुंगेर के एक बड़े व्यवसायी के बेटे का फिरौती के लिए अपहरण करना था. हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस साजिश का भंडाफोड़ हो गया.
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुल्तानगंज स्टैंड से बोलेरो वाहन चालक मोहम्मद मोहिद से मिले. उन्होंने झूठ बोला कि उनकी मौसी का निधन हो गया है और उन्हें तत्काल मुंगेर जाना है. इसके लिए 1500 रुपये में गाड़ी तय की गई. जैसे ही चालक उन्हें लेकर कासिम बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर पहुंचा, अपराधियों ने उसे बंधक बना लिया, जमकर पिटाई की और गाड़ी लूट ली.
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. डीएसपी अभिषेक आनंद के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई, जिसमें कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप, पूरब सराय थानाध्यक्ष सौरव कुमार सिंह और डीआईयू प्रभारी चंदन कुमार शामिल थे. टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और कुछ घंटों में ही मकससपुर से चालक को सकुशल बरामद कर लिया.
इस साजिश का मास्टरमाइंड मंजीत मंडल का भगिना अजित कुमार उर्फ मिट्ठू बताया जा रहा है. पुलिस ने इस मामले में दिलखुश कुमार, मुन्ना साह, नितेश कुमार, अजित कुमार उर्फ मिट्ठू और एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है. मौके से चार देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, मिर्ची पाउडर और नशीली दवा बरामद की गई.
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्हें पैसों की सख्त जरूरत थी और उन्होंने मुंगेर के एक बड़े व्यवसायी के पुत्र को अगवा कर फिरौती वसूलने की योजना बनाई थी. इसी मकसद से उन्होंने गाड़ी किराए पर ली और ड्राइवर का अपहरण किया.
एसपी ने बताया कि अपहरण की इस साजिश को नाकाम करना पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है. सभी गिरफ्तार अपराधियों को जेल भेजा जाएगा और टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा.
इनपुट- प्रशांत कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!