)
नालंदा जिले के राजगीर स्थित अरुणोदय पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में 8 साल के छात्र की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है. मृतक की पहचान गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के चरवारा गांव निवासी स्वर्गीय चंदेश्वर प्रसाद यादव के पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई है. महज कुछ दिन पहले ही 11 सितंबर को उसका नामांकन हॉस्टल में कराया गया था.
परिवार के मुताबिक, दिलखुश के नामांकन के समय वह काफी खुश था और नए स्कूल में पढ़ाई शुरू करने को लेकर उत्साहित था. लेकिन रविवार की सुबह लगभग 3 बजे अचानक परिवार को फोन पर सूचना दी गई कि दिलखुश ने अपना बक्सा लेकर छत से छलांग लगा दी है, जिससे उसकी मौत हो गई.
परिवारजन जब विम्स अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने दिलखुश को मृत पाया. मृतक के शरीर पर कई जगह डंडे से मारपीट के निशान थे. दादा का कहना है कि अगर बच्चा छत से कूदता तो उसके हाथ-पैर टूट जाते, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. उनके अनुसार यह साफ है कि छात्र की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई.
वहीं, स्कूल के शिक्षक का कहना है कि छात्र ने बक्सा लेकर छत से छलांग लगा दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि, परिजनों का आरोप इस बयान से मेल नहीं खाता.
परिवार ने बताया कि जिस बेटे की लंबी उम्र के लिए मां ने अभी हाल ही में जितिया का व्रत रखा था, उसी बेटे की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया. इस घटना से पूरे गांव और रिश्तेदारों में शोक की लहर है.
राजगीर थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
इनपुट-ऋषिकेश
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!