)
Candidates Who Spent Maximum Money During Election: बिहार में विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है. चुनाव आयोग की ओर से किसी भी समय इलेक्शन की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है. चुनावी महासंग्राम से पहले पिछले चुनाव की कुछ दिलचस्प बातों को याद कर लेते हैं. इसी कड़ी में क्या आपको मालूम है कि पिछले इलेक्शन में किस प्रत्याशी ने चुनाव पर सबसे ज्यादा रुपये खर्च किए थे. नहीं पता तो कोई बात नहीं हम आपको बताए दे रहे हैं. एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले चुनाव में एक महिला प्रत्याशी ने सबसे ज्यादा रुपये खर्च किए थे और उसका संबंध बीजेपी से था. उस प्रत्याशी का नाम अरुणा देवी है.
अरुणा देवी को बीजेपी ने नवादा जिले की वरसालीगंज विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा था. एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने चुनाव प्रचार में 27 लाख 15 हजार 775 रुपये खर्च किए थे. इतना खर्च करने के बाद उन्हें जीत हासिल हुई थी. उनके चुनावी खर्चे का ब्यौरा देखने पर पता चला कि उन्होंने 11 लाख रुपये से ज्यादा तो सिर्फ चुनावी प्रचार के लिए वाहनों पर खर्च किए थे. 8 लाख से ज्यादा अपने कार्यकर्ताओं पर खर्च किए थे. चुनावी रैलियों और जनसंपर्क में साढ़े चार लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए थे. ढाई लाख रुपये के करीब को बैनर-पोस्टर में खर्च में हो गए थे.
अरुणा देवी के बाद मुजफ्फरपुर से कांग्रेस प्रत्याशी बिजेंद्र चौधरी का चुनावी खर्च था. उन्होंने अपने चुनाव में कुल 26,80,307 रुपये खर्च किए थे. बिस्फी विधानसभा सीट से बीजेपी के हरिभूषण ठाकुर बचौल ने भी अपने चुनावी प्रचार में पैसे को पानी की तरह बहाया था. उनके चुनाव प्रचार में कुल 25,61,620 रुपये खर्च हुए थे. इस तरह से वह इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. चौथे नंबर पर बीजेपी के नीरज कुमार सिंह ने 24,68,789 रुपये खर्च किए थे. वह छातापुर विधानसभा सीट से मैदान में थे. बक्सर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी को चुनाव जीतने के लिए 23,64,832 रुपये खर्च करने पड़े थे.
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!