)
Nawada Drowning Accident News: बिहार के नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र में बुधवार को कर्म एकादशी के दिन एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. दत्तरौल गांव के कला आहर में स्नान के दौरान एक ही परिवार के चार लोगों की डूबने से मौत हो गई. यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब कई लोग पूजा से पहले आहर में स्नान कर रहे थे.
हादसे में पंचायत समिति सदस्य कृष्ण पासवान की दो बेटियां अनामिका कुमारी (12 वर्ष) और पूजा कुमारी (18 वर्ष) की डूबकर मौत हो गई. इसी परिवार से शंभु पासवान की पत्नी ज्योति देवी (28 वर्ष) और उनकी बेटी खुशबू कुमारी (11 वर्ष) की भी डूबने से जान चली गई. अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डूबो दिया.
इस हादसे में राजेंद्र पासवान की बेटी प्रियंका कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें तुरंत नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. बताया जाता है कि आहर कुछ जगहों पर करीब 20 फीट गहरा है, जिसकी वजह से लोग बाहर नहीं निकल पाए. ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला गया.
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हर कोई परिवार को ढांढस बंधा रहा है, लेकिन चार लोगों की एक साथ मौत ने पूरे प्रखंड क्षेत्र को हिला दिया है. लोग भगवान की इस लीला को कोसते नजर आए. कई ग्रामीणों ने कहा कि कर्म पूजा से पहले ही भाई की लंबी उम्र की कामना करने वाली चार बहनें एक साथ दुनिया छोड़ गईं, जो बेहद दुखद है.
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया. प्रशासन ने जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
इनपुट- यशवंत सिन्हा
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!