)
Jharkhand Naxalites Encounter: झारखंड के पलामू जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां मनातू थाना के केदल जंगल में पुलिस और TSPC उग्रवादियों के बीच हुए मुठभेड़ में 2 जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों के खिलाफ पलामू पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ नक्सली केदल जंगल में मौजूद हैं और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है. जिसके बाद विशेष अभियान शुरू किया गया, जिसमें उग्रवादियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई किया. इस मुठभेड़ में पुलिस के 2 जवान संतन मेहता और सुनील राम शहीद हो गए और एक जवान रोहित कुमार घायल हो गए.
इस मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के भी मारे जाने और घायल होने की सूचना है. हालांकि, अभी तक सुरक्षाबलों को उनके शव नहीं मिल सके हैं. वहीं सुरक्षाबलों की ओर से पूरे इलाके में घेराबंदी करके सर्च अभियान चलाया जा रहा है. घटना के बाद दोनों शहीद जवान और एक घायल जवान को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया है, जहां घायल जवान का डॉक्टरों की टीम ने सफल ऑपरेशन किया. शहीद जवानों के पोस्टमार्टम की तैयारी चल रही है. घटना की जानकारी के बाद एसपी रिष्मा रमेशन, प्रशिक्षु IPS शुभम नागरगोजे समेत सभी वरीय अधिकारी अस्पताल में कैंप कर रहे हैं. वरीय अधिकारियों ने घायल और पीड़ित परिवार का हाल-चाल लिया और परिजनों को ढांढस बंधाया.
बता दें कि जुलाई महीने में झारखंड पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उग्रवादी संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के तीन नक्सलियों को मार गिराया था. यह मुठभेड़ गुमला जिला के घाघरा थाना क्षेत्र के लावा दाग जंगल में हुई थी. एनकाउंटर में मारे गये एक नक्सली की पहचान जेजेएमपी के सब जोनल कमांडर दिलीप के रूप में हुई थी. इस एनकाउंटर के बाद अब पलामू में सुरक्षाबल के जवानों ने बड़ी भारी संख्या में नक्सलियों को घेर लिया था. इस दौरान नक्सलियों की ओर से हुई गोलीबारी में दो जवान शहीद हो गए.
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!