)
Palamu A Mother Sold Her Baby: झारखंड के पलामू से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां गरीबी और तंगहाली से लाचार एक मां ने अपने जिगर को टुकड़े को सिर्फ 50 हजार में बेच दिया. बीमारी और पैसों के अभाव में महिला को अपना बच्चा बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा. इस खबर के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और जिला उपायुक्त को कार्रवाई का आदेश दिया. मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आया और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया. यह घटना ओरिया पंचायत के लोटवा गांव की है. बताया जा रहा है कि लोटवा गांव निवासी रामचंद्र राम और उनकी पत्नी पिंकी देवी बेहद गरीब हैं.
पिंकी देवी ने बीती 9 अगस्त को एक बेटे को जन्म दिया था. बेटे को जन्म देने के बाद पिंकी देवी बीमार पड़ गईं. उनके पास इलाज कराने के पैसे नहीं थे. इस कारण से उन्होंने अपने 2 सप्ताह के बच्चे को 50 हजार रुपये में चटकपुर निवासी करधणी पासवान के पास बेच दिया था. जानकारी के मुताबिक, पिंकी देवी के पहले से 2 बेटे और 2 बेटियां हैं. हाल में ही उसने पांचवी संतान को जन्म दिया था. गरीबी के कारण उन्होंने अपनी संतान का सौदा कर दिया. लेकिन मुख्यमंत्री के आदेश के बाद सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) की टीम भी मौके पर पहुंची और दंपती को भरोसा दिलाया कि वे बच्चे को वापस लाने और परिवार के बाकी बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का इंतजाम करेंगे.
बता दें कि पिंकी देवी का विवाह 20 साल पहले यूपी के सोनभद्र में रामचंद्र राम से हुआ था, लेकिन गरीबी के कारण वो अपने मायके के पास से एक सार्वजनिक मंडप में आश्रय लेकर रहने लगी. परिवार की हालत इतनी बदतर है कि न इनके पास घर है और न जमीन. पीड़ित परिवार आधार कार्ड और राशन कार्ड से भी वंचित है, इसलिए किसी सरकारी योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा. पूरा परिवार कभी कमलकेडिया गाँव में झोपड़ी डालकर रहते थे, लेकिन बारिश में बह जाने के बाद मजबूरन अब लोटवा दुर्गा मंडप के एक सरकारी शेड में शरण लिए हुए हैं.
रिपोर्ट- श्रवण कुमार
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!