)
Bihar Bandh: बिहार की राजनीति में इन दिनों नया विवाद गहराता जा रहा है. मामला कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ से जुड़ा है, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे गए. इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने चुप्पी तोड़ी और भावुक अंदाज में कहा कि यह केवल उनकी मां का नहीं बल्कि देश की हर मां-बहन का अपमान है. उन्होंने सवाल उठाया कि जिनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, उनके खिलाफ ऐसा शब्द क्यों बोला गया.
बीजेपी और एनडीए ने इस पूरे मामले को लेकर गुरुवार 4 सितम्बर को बिहार बंद का ऐलान किया है. बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा. बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं बल्कि सामाजिक गरिमा की रक्षा का सवाल है. बंद के जरिये जनता को यह संदेश दिया जाएगा कि मां-बहनों के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी मां का राजनीति से कोई नाता नहीं था, फिर भी उन्हें अपमानजनक शब्दों का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि उनकी मां ने उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित किया और जीवनभर उन्हें संबल दिया. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि इस अपमान से सिर्फ उनका ही दिल नहीं दुखा बल्कि बिहार की जनता भी आहत हुई है.
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बिहार की महिलाओं की ताकत का भी जिक्र किया. उन्होंने ‘बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड’ नामक संस्था का शुभारंभ किया और इसके तहत 105 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की. इस योजना का मकसद ग्रामीण महिलाओं को सस्ती ब्याज पर ऋण देकर छोटे कारोबार शुरू करने में मदद करना है.
पीएम मोदी ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि राजद और कांग्रेस ने न केवल उनकी मां का अपमान किया बल्कि भारत माता का भी अनादर किया है. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने ऐसा किया है, उन्हें सजा मिलनी चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राजद महिलाओं से बदला लेना चाहता है क्योंकि सत्ता से उनके बाहर होने में महिलाओं की बड़ी भूमिका रही है.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!