Bihar Politics: भाजयुमो अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या पटना पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. उन्होंने युवा सम्मेलन का उद्घाटन किया और कहा कि इस बार का बिहार विधानसभा चुनाव युवाओं के लिए बेहद अहम है. सूर्या ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस सिर्फ परिवार और संपत्ति बचाने की राजनीति कर रहे हैं.
Trending Photos
)
पटना: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या बुधवार को पटना पहुंचे. उनके स्वागत में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्साह दिखाया. सूर्या यहां आयोजित होने वाले युवा सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. उन्होंने कहा कि आज से प्रदेशभर में भाजयुमो द्वारा युवा सम्मेलनों का आयोजन शुरू हो रहा है और पटना में इसका पहला सम्मेलन आयोजित किया गया है.
तेजस्वी सूर्या ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका युवा वर्ग है और विशेष रूप से बिहार में युवा आबादी का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने दावा किया कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में युवा निर्णायक भूमिका निभाएंगे और बिहार की राजनीति की दिशा तय करेंगे.
भाजपा सांसद ने कहा कि पिछले एक दशक से बिहार में बदलाव की प्रक्रिया जारी है. अब जरूरत है कि इस परिवर्तन को और गति दी जाए ताकि प्रदेश सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके. उन्होंने इस चुनाव को युवाओं के भविष्य के लिए बेहद जरूरी बताया.
तेजस्वी सूर्या ने राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता सिर्फ अपनी खानदानी संपत्ति और परिवार को बचाने के लिए राजनीति कर रहे हैं. आम युवाओं और जनता के भविष्य की चिंता उन्हें नहीं है. दशकों से गैरकानूनी तरीके से जनता की संपत्ति लूटने वाले अब खुद को मसीहा बताने की कोशिश कर रहे हैं.
तेजस्वी सूर्या ने कहा कि जब विपक्ष की पार्टियां सरकार में थीं, तब जनता को कोई लाभ नहीं पहुंचाया. अब विपक्ष में रहकर वे लोगों को गुमराह करने के लिए फॉर्म भरवा रहे हैं. उन्होंने इसे एक तरह का "फ्रॉड" बताया. सूर्या ने बिहार की जनता से अपील की कि ऐसे नेताओं से सावधान रहें. उनका कहना था कि अगर आज भी बिहार में गरीबी है तो उसका मुख्य कारण राजद का शासनकाल है.
इनपुट- आईएएनएस
ये भी पढ़ें- LJP कितनी सीटों पर लड़ेगी चुनाव, क्या फिर CM बनेंगे नीतीश कुमार, शांभवी ने दिया जवाब
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!