BPSC 71st Exam: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की ओर से 71वीं प्रारंभिक प्रतियोगी भर्ती परीक्षा का आयोजन 13 सितंबर 2025 को किया जाएगा. इस परीक्षा के माध्यम से कुल 1298 रिक्त पदों को भरा जाएगा, जिनमें सब डिवीजन ऑफिसर, सीनियर डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक, जिला कमांडेंट, अधीक्षक, सब रजिस्ट्रार, उप चुनाव अधिकारी, सहायक निदेशक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं.
जो उम्मीदवार 30 जून 2025 तक सफलतापूर्वक आवेदन कर चुके हैं, उनके लिए एडमिट कार्ड 6 सितंबर 2025 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जारी किए जाएंगे. बिना एडमिट कार्ड के किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी, इसलिए अभ्यर्थियों को समय से पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर प्रिंट आउट साथ लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा.
इस वर्ष की परीक्षा बिहार के 37 जिलों में 912 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. आयोग ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं. परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन या नकल सामग्री ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. होमपेज पर उपलब्ध ‘BPSC 71st एडमिट कार्ड’ लिंक पर क्लिक करें, आवश्यक विवरण भरें, जिसके बाद आपका एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा. इसे डाउनलोड कर प्रिंट आउट लेना न भूलें, क्योंकि इसे परीक्षा केंद्र पर ले जाना आवश्यक है.
परीक्षा से संबंधित लेटेस्ट जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर नजर रखनी चाहिए. बिहार लोक सेवा आयोग इस भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है ताकि योग्य उम्मीदवारों को उनके योग्य पदों पर नियुक्ति मिल सके.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!