)
Bihar Chunav Election Commission Guidelines: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने ईवीएम बैलेट पेपर को लेकर एक अहम फैसला लिया है. इस बार बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों की तस्वीरें रंगीन छापी जाएंगी. इससे पहले तक ब्लैक एंड व्हाइट फोटो का इस्तेमाल होता था. आयोग का मानना है कि यह बदलाव मतदाताओं को सही उम्मीदवार पहचानने में आसानी देगा.
फोटो होगी और ज्यादा स्पष्ट
नई गाइडलाइन के अनुसार, उम्मीदवार की फोटो का तीन-चौथाई हिस्सा सिर्फ चेहरे को दिखाने के लिए होगा. इससे तस्वीरें पहले से ज्यादा स्पष्ट होंगी और मतदाताओं को नाम और चेहरे के बीच भ्रम की स्थिति से बचाया जा सकेगा. खासकर उन क्षेत्रों में जहां एक जैसे नाम वाले उम्मीदवार चुनाव लड़ते हैं, यह कदम बेहद कारगर साबित होगा.
सीरियल नंबर और नाम होंगे स्पष्ट
चुनाव आयोग ने यह भी तय किया है कि उम्मीदवारों और नोटा (NOTA) के सामने अंक अब बड़े और बोल्ड फॉन्ट में लिखे जाएंगे. साथ ही सभी उम्मीदवारों और नोटा के नाम एक ही फॉन्ट टाइप और साइज में होंगे ताकि सभी को आसानी से पढ़ा जा सके.
गुलाबी बैलेट पेपर से होगा विधानसभा चुनाव
नए बैलेट पेपर 70 जीएसएम पेपर पर छपेंगे. विधानसभा चुनावों के लिए इन्हें गुलाबी रंग में तैयार किया जाएगा. आयोग का कहना है कि यह कदम चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में अहम है.
बिहार से होगी शुरुआत
इन सुधारों की शुरुआत सबसे पहले बिहार विधानसभा चुनाव से होगी. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से इन्हें पूरे देश में लागू किया जाएगा. चुनाव आयोग का कहना है कि पिछले छह महीनों में 28 सुधार लागू किए गए हैं और यह उसी कड़ी का हिस्सा है.
विशेष गहन पुनरीक्षण भी जल्द
चुनाव आयोग ने यह भी घोषणा की है कि जल्द ही पूरे देश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) शुरू होगा. इससे मतदाता सूची को अपडेट करने में आसानी होगी और कई राज्यों में आधे से ज्यादा मतदाताओं को किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं पड़ेगी.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!