)
पटना के राजेंद्र नगर नेत्रालय में अगले सत्र से ऑप्थैल्मोलॉजी विषय में डीएनबी कोर्स शुरू करने की तैयारी पूरी हो गई है. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सत्र 2026-27 से यह कोर्स उपलब्ध होगा. अब राज्य के एमबीबीएस छात्रों को इस विशेष प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा. यह सुविधा मिलने से नेत्र चिकित्सा में करियर बनाने वाले छात्रों को बड़ा लाभ होगा.
डीएनबी कोर्स शुरू करने के लिए अस्पताल में एडवांस ऑडिटोरियम और आधुनिक क्लासरूम बनाए गए हैं. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने जुलाई में इन दोनों सुविधाओं का उद्घाटन किया था. अस्पताल का लक्ष्य है कि छात्रों को थ्योरी के साथ-साथ प्रैक्टिकल प्रशिक्षण भी मजबूत तरीके से उपलब्ध कराया जाए.
अस्पताल में ऑप्टोमेट्री कोर्स पहले से ही चल रहा है. छात्र नियमित क्लास और प्रैक्टिकल अभ्यास के जरिए नेत्र चिकित्सा से जुड़ी तकनीकों को सीख रहे हैं. डीएनबी कोर्स की मंजूरी के लिए बीएचयू और अन्य प्रमुख संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने निरीक्षण किया और औपचारिक स्वीकृति प्रदान की.
राजेंद्र नगर नेत्रालय ने पिछले एक वर्ष में 80 हजार से अधिक नेत्र ऑपरेशन किए हैं. बड़ी संख्या में मरीज यहां आधुनिक सुविधाओं और बेहतर इलाज के लिए आते हैं. कई मरीजों ने अस्पताल की सेवाओं की सराहना की और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया.
क्या है DNB कोर्स?
डीएनबी एक स्नातकोत्तर चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसे नेशनल बोर्ड ऑफ एग्ज़ामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज संचालित करता है. यह एमडी या एमएस के समकक्ष माना जाता है. एमबीबीएस पास छात्रों के लिए इसकी अवधि तीन वर्ष होती है, जबकि पीजी डिप्लोमा धारकों के लिए यह दो वर्ष का होता है. कोर्स में व्यावहारिक क्लीनिकल प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाता है.
मरीजों का अनुभव
भोला सिंह, लखीसराय
उन्होंने बताया कि यहां मोतियाबिंद की जांच आसानी से और नि:शुल्क की जाती है, जबकि अन्य अस्पतालों में लंबा इंतजार करना पड़ता है. उन्होंने सरकार और अस्पताल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया.
रामजी सिंह, सीवान
उन्होंने कहा कि कई निजी अस्पतालों में इलाज कराने के बाद भी आराम नहीं मिला. राजेंद्र नगर नेत्रालय में इलाज शुरू करने के बाद उनकी समस्या में सुधार हुआ है.