)
शनिवार की दोपहर पटना के कृष्णापुरी थाना क्षेत्र के न्यू पुनाईचक बोरिंग केनाल रोड पर स्थित इंदिरा भवन के पास गोलीबारी की एक बड़ी घटना सामने आई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक सफेद रंग की इनोवा कार को एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी. इसके बाद विवाद बढ़ गया और लगभग एक घंटे बाद स्कॉर्पियो में सवार युवक अपने साथियों के साथ लौटे और हवाई फायरिंग करने लगे. कुल 10 राउंड गोलियां चलने से इलाके में दहशत फैल गई.
घटना के तुरंत बाद राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए. सरेआम हुई गोलीबारी से यह स्पष्ट हो गया कि पुलिस की गश्ती और निगरानी व्यवस्था में भारी खामी है. इसको लेकर राज्य पुलिस मुख्यालय ने सख्ती दिखाई और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की.
पटना एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की. अब तक कुल छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, जिनमें सचिवालय थाना के दारोगा अशोक कुमार सिंह, कोतवाली थाना के सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार रजक और धनंजय कुमार, पीसीआर में तैनात महिला सिपाही जुसी कुमारी और नीरजा कुमारी, तथा वायरलेस पर तैनात सिपाही राजीव कुमार शामिल हैं.
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई अभी शुरुआती चरण है. एसएसपी ने संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होने के बाद और भी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो सकती है. फिलहाल पूरे पुलिस विभाग में इस कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति है.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!