)
Patna Double Decker Bus Service: पटना के लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों के लिए अब गंगा किनारे घूमने का अनुभव और खास होने वाला है. पर्यटन विभाग ने राजधानी के मरीन ड्राइव पर डबल डेकर बस सेवा शुरू की है. इसका उद्घाटन बिहार के पर्यटन मंत्री डॉ. राजू सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया.
इस नई पहल के तहत पर्यटक लगभग 15 किलोमीटर की यात्रा कर सकेंगे. यह यात्रा जेपी गंगापथ गोलम्बर से शुरू होगी और सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, गांधी घाट, महात्मा गांधी सेतु, चित्रगुप्त मंदिर होते हुए कंगन घाट तक जाएगी. बस यात्रा के दौरान गंगा और उसके किनारे बने महत्वपूर्ण स्थलों का सुंदर नजारा देखने को मिलेगा.
इस डबल डेकर बस में कुल 40 सीटें बनाई गई हैं. ऊपर के खुले हिस्से में 20 सीटें होंगी, जहां पर्यटक खुली हवा और गंगा के दृश्यों का आनंद ले सकेंगे. वहीं नीचे की 20 सीटें वातानुकूलित होंगी, ताकि गर्मी और धूप से बचाव हो सके. बस में एक गाइड भी मौजूद रहेगा जो यात्रा के दौरान स्थलों की जानकारी देगा.
पर्यटकों के लिए टिकट की कीमत भी काफी सुलभ रखी गई है. दोनों ओर का सफर करने के लिए प्रति व्यक्ति ₹100 और एक तरफ की यात्रा के लिए ₹50 का किराया तय किया गया है.
उद्घाटन के मौके पर पर्यटन मंत्री डॉ. राजू सिंह ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार नए-नए प्रयास कर रही है. पटना में गंगा आरती पहले से शुरू हो चुकी है और अब डबल डेकर बस सेवा से पर्यटक गंगा तट का आनंद और आसानी से उठा पाएंगे. यह पहल न केवल स्थानीय लोगों को आकर्षित करेगी बल्कि बाहर से आने वाले सैलानियों के लिए भी खास अनुभव बनेगी.
इनपुट-सुन्दरम कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!