PM Narendra Modi Patna Roadshow: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को आरा और नवादा की जनसभाओं के बाद पटना पहुंचे और यहां विशाल रोड शो किया. उन्होंने दिनकर गोलंबर पर राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर को श्रद्धांजलि दी और फिर गांधी मैदान के पास उद्योग भवन तक रोड शो किया. पूरे मार्ग पर समर्थकों की भारी भीड़ रही और शहर ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंज उठा.
)
बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को आरा और नवादा में जनसभाओं को संबोधित करने के बाद पटना पहुंचे. राजधानी में उनका रोड शो बेहद भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में शुरू हुआ. पीएम मोदी के आगमन से पहले ही सड़कों पर समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी.
)
पटना पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले दिनकर गोलंबर स्थित राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया. श्रद्धांजलि देने के बाद उन्होंने रोड शो की शुरुआत की. इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री और सांसद ललन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और सांसद रविशंकर प्रसाद भी मौजूद थे.
)
पीएम मोदी ने अपने हाथ में भाजपा का चुनाव चिह्न "कमल" का प्रतीक लिए हुए जनता का अभिवादन किया. वे वाहन से धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे. समर्थक “मोदी जिंदाबाद” और “जय श्रीराम” के नारों से आसमान गुंजा रहे थे. लोग अपने मोबाइल कैमरे से उनकी एक झलक कैद करने के लिए उत्सुक दिखाई दिए.
)
प्रधानमंत्री के रोड शो को देखने के लिए हजारों लोग सड़कों के किनारे खड़े थे. महिलाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया. लोग भाजपा के झंडे और पीएम मोदी के पोस्टर लेकर उनका स्वागत कर रहे थे. रास्ते में जगह-जगह स्वागत मंच और स्टॉल बनाए गए थे, जहां से लोग फूल बरसाकर प्रधानमंत्री का अभिनंदन कर रहे थे.
)
यह रोड शो दिनकर गोलंबर से शुरू होकर गांधी मैदान के पास स्थित उद्योग भवन तक पहुंचा. इस दौरान प्रधानमंत्री का काफिला नाला रोड, ठाकुरबाड़ी, बारी पथ और बाकरगंज जैसे इलाकों से गुजरा. उन्होंने इन सभी मार्गों पर खड़े लोगों का अभिवादन करते हुए एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन मांगा.
)
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पटना में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे. सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई थी और पुलिस बल को पूरे मार्ग पर तैनात रखा गया. इसके बावजूद लोगों में जोश और उत्साह बना रहा. पूरा शहर इस रोड शो के स्वागत में झूमता नजर आया.
ट्रेन्डिंग फोटोज़