)
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव, 2025 को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में RJD विधायक, विधान पार्षद, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जिलाध्यक्षों के अलावा जिला प्रधान महासचिवों की बुधवार को 1, पोलो रोड में दो घंटे तक बैठक चली. बैठक में चुनावी रणनीति से लेकर संगठन की मजबूती तक कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई. तेजस्वी यादव ने साफ कहा कि अब सभी विधायक, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य पूरी ताकत से चुनावी तैयारी में जुट जाएं. उन्होंने नेताओं को पार्टी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का मंत्र दिया. बैठक में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी चर्चा हुई. नेताओं को निर्देश दिए गए कि जिनके नाम काटे गए हैं, उनका नाम जुड़वाएं.
बैठक के बाद बोले तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा, विधानसभा चुनाव और जनता के विषयों को लेकर यह बैठक बुलाई गई थी. बैठक में पार्टी के सांसद से लेकर संगठन के नेता मौजूद थे. 4 सितंबर को NDA के बिहार बंद पर तेजस्वी यादव ने कहा, भाजपा के लोगों ने नीतीश कुमार के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था, डीएनए पर सवाल उठाया था, तब ये लोग कहां थे. भाजपा नेता आशुतोष कुमार ने राजद की एक महिला नेता को नंगा घुमाने की बात कही थी. तेजस्वी यादव ने कहा कि जो लोग महिलाओं का शोषण करने की बात कहते हैं, प्रधानमंत्री उनके कैंपेन में जाते हैं.
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक जनक ने मेरी मां को सदन में गाली दी थी. बिहार के लोग समझदार हैं. इनके झाँसे में नहीं आएंगे. दूसरे की माँ-बहन को ये लोग गाली देते रहे हैं. प्रधानमंत्री सोशल मीडिया पर वैसे लोगों को फ़ॉलो करते हैं, जो गाली देते रहते हैं. तेजस्वी ने इस दौरान एक लिस्ट भी दिखाई, जिनको पीएम मोदी फ़ॉलो करते हैं और वे गाली देने वाले नेता हैं.
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, इनलोगों ने लोकतंत्र का मज़ाक बना दिया है. बैठक खत्म होने के बाद विधायकों ने बताया, जिनलोगों का नाम मतदाता सूची से कट गया है, उनके नाम जोड़े जाएं और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाने के लिए अभियान चलाया जाए. साथ ही आने वाले दिनों में RJD बड़े-बड़े जनसंपर्क और सार्वजनिक कार्यक्रम शुरू करेगी, जिससे चुनावी माहौल अपने पक्ष में कर सके.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!