)
भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के बाद फाइनल वोटर लिस्ट अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. कोई भी मतदाता दिए गए चुनाव आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर मतदाता सूची में अपने नाम का विवरण देख सकता है. चुनाव आयोग ने तय किया है कि फाइनल वोटर लिस्ट की कॉपी सभी रजिस्टर्ड पार्टियों को, सभी जिलाधिकारियों को और सभी पार्टियों के प्रदेशाध्यक्षों के अलावा एक एक कॉपी जिलाध्यक्षों को भेजी जाएगी. इसके साथ ही कोई भी चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर वोटर लिस्ट देख सकता है.
भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार में 25 जून, 2025 को वोटर लिस्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू किया था. इसके बाद एक तरह से पूरे देश में राजनीतिक तूफान आ गया था. मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया था. अभी सुप्रीम कोर्ट की ओर से इस पर फैसला नहीं आया है. हालांकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दस्तावेजों की सूची में आधार कार्ड को 12वें कागजात के तौर पर शामिल किया गया था. इस मामले में 7 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी बाकी है. इस बीच चुनाव आयोग ने फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है.
सुप्रीम कोर्ट में जिरह के दौरान चुनाव आयोग की ओर से बार बार यह कहा गया कि नामांकन के आखिरी दिन तक वह वोटर लिस्ट को लेकर आपत्तियां लेने को तैयार है. संसद के मानसून सत्र में भी बिहार एसआईआर का मुद्दा छाया रहा था. इसके अलावा एसआईआर के विरोध में बिहार बंद का भी आयोजन किया गया था. एसआईआर के विरोध में राहुल गांधी ने 16 अगस्त से वोटर अधिकार यात्रा भी निकाली थी.
विपक्ष की ओर से आरोप लगाया जा रहा था कि चुनाव आयोग वोटों की चोरी कर रहा है और मोदी सरकार चुनाव आयोग के साथ है. इसलिए वोटर अधिकार यात्रा के दौरान वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा भी बुलंद हुआ था. राहुल गांधी कहते है, 'आज बिहार का एक एक बच्चा कह रहा है- वोट चोर गद्दी छोड़.' अब सुप्रीम कोर्ट इस पर क्या फैसला देता है, यह तो समय बताएगा, लेकिन फिलहाल के लिए चुनाव आयोग ने फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!