)
Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभार्थियों से बातचीत की. इस दौरान जीविका दीदी पुतुल देवी ने पूर्णिया जिले की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हार्दिक आभार व्यक्त किया. उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10,000 रुपए मिलने पर अपनी खुशी साझा करते हुए बताया कि वह वर्तमान में लड्डू जैसी मिठाइयों की दुकान चलाती हैं और अब टिकरी, बालूशाही, जलेबी और बर्फी जैसी मिठाइयां बेचने की योजना बना रही हैं.
नए जीविका बैंक के लाभों पर डाला प्रकाश
उन्होंने कड़ी मेहनत करने और 2 लाख रुपए की सहायता राशि प्राप्त करने के अपने दृढ़ संकल्प की पुष्टि की, जिससे उन्हें अपने व्यवसाय को बढ़ाने और अतिरिक्त कर्मचारियों को नियुक्त करने में मदद मिलेगी. पुतुल देवी ने नए जीविका बैंक के लाभों पर भी प्रकाश डाला, जिसके माध्यम से वह कम ब्याज दर पर ऋण प्राप्त करके अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की योजना बना रही हैं.
उनकी टिप्पणी पर राय व्यक्त करते हुए, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूछा कि क्या उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करते समय अपने परिवार या समुदाय से शुरुआती चुनौतियों का सामना करना पड़ा था? इस पर पुतुल देवी ने कहा कि कई लोगों ने उनके प्रयासों का मजाक उड़ाया, लेकिन उन्होंने दृढ़ निश्चय बनाए रखा और लड्डू तथा बताशे से अपना छोटा सा उद्यम शुरू किया. जीविका से जुड़ने के बाद, उन्होंने अपना घर बनाने और अपने बच्चे की शिक्षा के लिए ऋण लिया, जो अब कटिहार में सरकार द्वारा प्रायोजित बी.टेक की डिग्री हासिल कर रहा है.
वहीं, रानी देवी जीविका दीदी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए बहुत काम किया है. इसके लिए वह उन्हें धन्यवाद देते हैं. इससे वे लोग काफी खुश हैं. बता दें कि पूर्णिया के समाहरनालय में डीएम अंशुल कुमार की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जीविका दीदी के साथ संवाद किया.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!