)
भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को पटना में "मोदी मित्र" अभियान की शुरुआत की. इस कार्यक्रम का उद्देश्य है कि सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाए और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी हर घर तक पहुंचाई जाए. कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा की मौजूदगी में हुई. इस अवसर पर बीजेपी आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय, संगठन के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे.
भाजपा नेताओं ने कहा कि सोशल मीडिया अब जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है. ऐसे में मोदी मित्र अभियान का मुख्य उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए. उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि यह अभियान केंद्र और राज्य सरकार के कामों को समाज तक पहुंचाने का बड़ा जरिया बनेगा. उन्होंने कहा कि लोग केवल दर्शक नहीं रहेंगे, बल्कि भागीदार बनकर विकास की गवाही देंगे.
कार्यक्रम के दौरान अमित मालवीय ने जानकारी दी कि मोदी मित्र अभियान के तहत भाजपा का लक्ष्य है कि 25 लाख लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए. यह काम चुनाव से दस दिन पहले तक पूरा करना है. हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 30 प्रतिशत लोगों को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा जाएगा ताकि सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी तेजी से लोगों तक पहुंच सके.
भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर भी सीधा हमला बोला. बी.एल. संतोष ने कहा कि विपक्ष की प्रचार शैली को देखकर लगता है कि वे पहले से ही हार मान चुके हैं. उन्होंने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू यादव आज भ्रष्टाचार के खिलाफ ट्वीट कर रहे हैं जबकि उनका पूरा राजनीतिक इतिहास भ्रष्टाचार और जंगलराज से जुड़ा है. उन्होंने कहा कि मोदी मित्र अभियान विपक्ष की अफवाहों और नकारात्मक प्रचार का सीधा जवाब बनेगा.
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है. मोदी मित्र अभियान लोगों को बताएगा कि केंद्र और राज्य सरकार ने किस तरह से विकास कार्य किए हैं. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की ताकत से लोगों की आवाज को समाज तक पहुंचाया जाएगा. विजय सिन्हा ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश सजाने से फुर्सत नहीं है जबकि विपक्ष नकारात्मक माहौल बनाने में व्यस्त है.
तेजस्वी यादव द्वारा भाजपा के अध्यक्ष चुनाव पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि भाजपा एक सामूहिक नेतृत्व की पार्टी है जहां हर बड़ा निर्णय मिलकर लिया जाता है. उन्होंने कहा कि आरजेडी वंशवाद की पार्टी है जहां एक ही परिवार का वर्चस्व है. लालू प्रसाद यादव खुद सजायाफ्ता होने के बावजूद आज भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हुए हैं, जबकि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों पर चलती है.
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने भी इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी की चिंता करते हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गृहमंत्री नित्यानंद राय दो महीने तक मणिपुर में रहकर शांति बहाल करने की कोशिश करते रहे. उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि अतीत में उनकी सरकारों ने मणिपुर में हेलीकॉप्टर से गोलियां बरसाई थीं. लालू यादव के भ्रष्टाचार विरोधी ट्वीट पर उन्होंने तंज कसा और कहा कि नरेंद्र मोदी का ही कमाल है कि अब लालू यादव जैसे लोग भी भ्रष्टाचार के खिलाफ लिखने को मजबूर हो गए हैं.
मोदी मित्र अभियान के तहत 20 सितंबर से 30 सितंबर तक विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे. हर विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार मोदी मित्र जोड़े जाएंगे. भाजपा नेताओं ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लाखों की संख्या में डिजिटल सेना तैयार होगी जो विपक्ष के नकारात्मक प्रचार का जवाब देगी और सरकार के कार्यों को लोगों तक पहुंचाएगी.
इनपुट- सनी कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!