)
5000 Rs To Construction Workers: चुनावी साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता के लिए सरकारी खजाने का मुंह खोल दिया है. वह लगातार एक के बाद एक बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं, जिसका लाभ बिहार की जनता को मिल रहा है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के निर्माण मजदूरों को खुश कर दिया है. सीएम नीतीश कुमार ने विश्वकर्मा पूजा के दिन प्रदेश के निर्माण मजदूरों को नया कपड़ा खरीदने के लिए 5 हजार रुपये देने की घोषणा की है. यह धनराशि नवरात्रि से पहले मिल जाएगी. सीएम ने एक्स पर इसका ऐलान करते हुए लिखा कि आज सृजन के प्रणेता भगवान विश्वकर्मा की आराधना का दिवस है और आज ही आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का जन्मदिवस भी है. आदरणीय प्रधानमंत्री जी देश एवं नागरिकों के उत्थान के लिए पूरी निष्ठा के साथ बिना रूके. बिना थके लगातार परिश्रम कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि यह सुखद संयोग है कि 'बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड' के तहत श्रमिकों के खाते में आज राशि हस्तांतरित की जा रही है. सीएम ने बताया कि आज 16 लाख 4 हजार 929 निर्माण श्रमिकों के खाते में वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के तहत 5 हजार रुपए प्रति निर्माण श्रमिक की दर से कुल 802 करोड़ 46 लाख 45 हजार रुपए की राशि ट्रांसफर की जा रही है. यह धनराशि सीधे उनके खाते में आएगी. इससे निर्माण कार्यों में लगे श्रमिक वर्ग के लोगों का जीवन और बेहतर हो सकेगा एवं उनका सामाजिक एवं आर्थिक विकास होगा.
बता दें कि नवरात्रि से त्योहारों का सीजन शुरु हो जाता है. नवरात्रि के बाद दशहरा, दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहार आते हैं. जिनमें लोग नए कपड़े खरीदते हैं. आर्थिक तंगी की वजह से निर्माण मजदूर नए कपड़े नहीं खरीद पाते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद इस बार उन्हें भी नये कपड़े खरीदने की खुशी मिलने वाली है. इससे पहले भी सीएम नीतीश कुमार प्रदेश के अलग-अलग तबकों के लिए कई घोषणाएं कर चुके हैं. इस पर राजद और कांग्रेस ने सरकार पर जनता को लुभाने के लिए सरकारी खजाने का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. वहीं जेडीयू और बीजेपी ने इसे विकास और सामाजिक न्याय का मॉडल बताया है.
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!