)
Mahagathbandhan CM Post Row: बिहार विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है और किसी भी समय चुनाव आयोग की ओर से चुनावों की तारीख घोषित की जा सकती है. चुनाव सिर पर आ चुके हैं, लेकिन महागठबंधन के अंदर मुख्यमंत्री चेहरे पर फैसला नहीं हो पा रहा है. इसको लेकर दिल्ली से लेकर पटना तक कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं. राहुल गांधी की बिहार में वोटर अधिकार यात्रा भी संपन्न हो चुकी है, जिसमें तेजस्वी यादव ने पूरा सहयोग किया. लेकिन मुख्यमंत्री चेहरे पर तेजस्वी को अभी तक राहुल गांधी से ग्रीन सिग्नल नहीं मिला है. कांग्रेस की चुप्पी राजद के लिए चिंता का सबब बनी हुई है. हालांकि, तेजस्वी को अब CPI महासचिव डी. राजा का समर्थन मिल गया है.
डी. राजा ने महागठबंधन की ओर से सीएम पद के लिए तेजस्वी यादव के नाम पर अपनी मुहर लगा दी है. उन्होंने साफ कहा कि अगर आगामी बिहार चुनाव में महागठबंधन को सफलता मिलती है तो ऐसी स्थिति में तेजस्वी यादव ही महागठबंधन के प्रमुख चेहरों में से एक होंगे. CPI महासचिव ने कहा कि तेजस्वी सबसे बड़ी पार्टी के नेता हैं, उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं और चुनावी सफलता की स्थिति में वे महागठबंधन के प्रमुख चेहरों में से एक होंगे. वहीं दूसरी ओर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हमेशा इस सवाल को टाला है. वोटर अधिकार यात्रा के दौरान जब पत्रकारों ने राहुल गांधी से सीएम चेहरे पर सवाल किया था तो उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया था.
बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु कई बार कह चुके हैं कि चुनाव के बाद विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री चेहरे पर चर्चा होगी. हालांकि, राजद में सीएम फेस को लेकर कोई कन्फ्यूजन नहीं है. आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी का कहना है कि सीएम फेस पर महागठबंधन के अंदर कोई कंफ्यूजन नहीं है, तेजस्वी यादव ही सीएम फेस हैं और वहीं बिहार के अगले सीएम होंगे. अब पटना में एक बार फिर आगामी 15 सितंबर को महागठबंधन की बड़ी बैठक होने वाली है. उम्मीद है कि इस बैठक में सीट शेयरिंग और सीएम चेहरे को लेकर कोई फैसला जरूर ले लिया जाएगा.