)
Danapur Assembly Seat Profile: पटना जिले की दानापुर विधानसभा सीट पाटलिपुत्र लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में आती है. यह क्षेत्र महान गणितज्ञ और खगोल शास्त्री आर्यभट्ट की जन्मस्थली है. आचार्य चाणक्य की तपोस्थली भी इसे माना जाता है. यहां दानापुर रेल मंडल सहित हांडी साहब गुरुद्वारा और शनिचरा मंदिर सहित कई धार्मिक स्थल भी हैं. दानापुर को उसकी छावनी क्षेत्र के लिए विशेष रूप से जाना जाता है, जिसे 1765 में ब्रिटिश शासन के दौरान स्थापित किया गया था. यह देश की दूसरी सबसे पुरानी छावनी है. अब इस छावनी पर भारतीय सेना का कब्जा है. हर साल जून-जुलाई के बीच दानापुर छावनी क्षेत्र एक प्राकृतिक पक्षी अभयारण्य में बदल जाता है. यहां बड़ी संख्या में ओपन बिल स्टॉर्क प्रवासी पक्षी आते हैं. सेना द्वारा इन्हें शिकारियों से संरक्षण भी दिया जाता है.
चुनावी इतिहास
दानापुर विधानसभा सीट की स्थापना 1957 में हुई थी. अब तक यहां कुल 18 चुनाव हो चुके हैं. जिनमें से कांग्रेस और भाजपा ने पांच-पांच बार यहां से जीत दर्ज की है. कांग्रेस को आखिरी जीत 1977 में हासिल हुई थी, जबकि 2005 से 2015 तक लगातार चार बार भाजपा को जीत मिली. राजद सुप्रीमो लालू यादव का इस सीट से बड़ा पुराना रिश्ता है. वह 1995 में इस सीट से जनता दल की टिकट पर विधायक चुने गए थे और फिर मुख्यमंत्री बने. हालांकि, उन्होंने दानापुर सीट छोड़ दी थी. 2000 के चुनाव में लालू यादव यहां से दूसरी बार जीते थे. इसके बाद भाजपा की आशा देवी सिन्हा लंबे समय तक यहां से जीतती रहीं. वर्तमान में राजद के रीतलाल यादव यहां से विधायक हैं. पिछले चुनाव में उन्होंने आशा देवी को मात दी थी.
जातीय समीकरण
दानापुर विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या 3 लाख 81 हजार 359 है. जिसमें पुरुष मतदाता की संख्या 2 लाख 1 हजार 840 है और महिला मतदाता की संख्या 1 लाख 79 हजार 509 है. जबकि थर्ड जेंडर मतदाता की संख्या 10 है. जातिगत समीकरण की बात करें तो यहां अनुसूचित जाति के मतदाता 11.88% हैं तो वहीं मुस्लिम मतदाता 5.9% के आसपास हैं. यादव निर्णायक भूमिका में हैं, लेकिन पटना से लगे इस इलाके में वैश्य समुदाय का भी बोलबाला है. इनके बाद यहां पर ज्यादा वोटर अगड़ी जातियों से हैं. शहरी मतदाता जहां 66.09% हैं, वहीं ग्रामीण मतदाता लगभग 33.92% हैं.
इलाके की समस्याएं
गंगा किनारे बसे दानापुर को हमेशा कटाव की समस्या रही है. तो वहीं जल जमाव की समस्या सबसे बड़ी समस्या मानी जाती है. दानापुर में बेहतर कानून व्यवस्था काम करने को लेकर भी स्थानीय लोग लगातार आवाज उठाते रहे हैं. कटाव, जाम, स्वास्थ्य और शिक्षा का मुद्दा लगातार उठाता रहा है.
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!