)
Bihar Politics: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार को बिहार की एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि आज से भाजपा के कार्यालय से सभी विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी वैन भेजे जाएंगे, जो प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से लोगों को अवगत कराएंगे. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि प्रदेश में अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति तक विकास पहुंचे. इस दिशा में हमारी सरकार ने अब तक कई काम किए हैं. हमारी सरकार ने 'विकसित बिहार' के सपनों को पूरा करने का काम किया है. हमारी सरकार ने गरीबों को 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी है. इसके अलावा, दिव्यांग और विधवा महिलाओं की पेंशन 400 रुपए से 1100 रुपए की गई.
उन्होंने कहा कि महिलाएं हमेशा से ही बिहार सरकार की प्राथमिकता के केंद्र में रही हैं. राज्य सरकार ने हमेशा महिलाओं के विकास को तरजीह दी है. सरकार ने महिलाओं को आरक्षण देकर उनके सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त किया है. पंचायती राज्य और नगर निकाय में महिलाओं को आरक्षण दिया गया है. यही नहीं, बिहार में अगर कोई लड़की स्नातक पास करती है, तो उसे 50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है. हमारी सरकार ने जिस तरह से प्रदेश के विकास की दिशा में कदम उठाए हैं, उसके बारे में ये एलईडी वैन बिहार के मतदाताओं को जानकारी देंगे.
इसके अलावा, उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा के महिलाओं से संवाद कार्यक्रम को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब पंजाब सहित अन्य राज्यों में बिहार के लोगों को गाली दी जाती है, तो यही प्रियंका गांधी ताली बजाती है. बिहार की जनता प्रियंका गांधी के इस कृत्य को कभी नहीं भूल पाएगी. बिहार की जनता प्रियंका गांधी से सवाल कर रही है कि जब किसी अन्य राज्य में हमारे लोगों को गाली दी जाती है, तो आप ठहाके मारकर क्यों हंसती हैं?
उन्होंने कहा कि इतने सालों तक प्रियंका गांधी वाड्रा को बिहार की याद नहीं आई, लेकिन आज उन्हें बिहार की याद आ रही है. खैर, बिहार की जनता यह सबकुछ अच्छे से समझ रही है. प्रियंका गांधी को इन सब चीजों से कुछ भी मिलने वाला नहीं है. साथ ही, उन्होंने अमित शाह के दो दिवसीय बिहार दौरे पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बिहार के 10 जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक होगी. इस बैठक में आगामी चुनाव के लिए रणनीति तैयार की जाएगी. आज शाम को भी भाजपा कार्यालय में बैठक होगी। इसके अलावा, शनिवार को भी अमित शाह की कई जिलों में मीटिंग होगी.
इनपुट: आईएएनएस
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!