)
Jitan Ram Manjhi Big Ultimatum: बिहार की राजनीति में सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने बड़ा बयान दिया है. मांझी ने बोधगया में कहा कि अगर उनकी पार्टी को एनडीए से 15 सीटें नहीं मिलीं तो वे अकेले 100 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं. इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई और विभिन्न दलों की ओर से इस पर प्रतिक्रिया आने लगी.
बिहार भाजपा के प्रवक्ता पीयूष शर्मा ने कहा कि एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं है. एनडीए एक मजबूत गठबंधन है और सभी घटक दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि हर दल की इच्छा होती है कि वह ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़े और जीतन राम मांझी का बयान भी उसी सोच को दर्शाता है. लेकिन जब गठबंधन के शीर्ष नेता बैठकर सीटों का बंटवारा करेंगे तो सबकी सहमति से समाधान निकलेगा. भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि एनडीए एकजुट है और अगले चुनाव में मजबूत होकर बिहार में सरकार बनाएगा.
बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि मांझी बड़े कद के नेता हैं, लेकिन भाजपा और जेडीयू उन्हें लगातार हाशिये पर धकेल रही है. ऐसे में उनका नाराज होना स्वाभाविक है. कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर सिरफुटौंअल अब सामने आने लगी है और इससे साफ है कि जो भी भाजपा के साथ रहेगा उसे राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मांझी की नाराजगी इस बात का सबूत है कि एनडीए के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है.
जनता दल यूनाइटेड के प्रवक्ता मनीष यादव ने एनडीए में किसी भी तरह की समस्या से इनकार किया. उन्होंने कहा कि गठबंधन के भीतर सब कुछ ठीक है और जैसे लोकसभा चुनाव में सीटों का बंटवारा आराम से हो गया था, वैसे ही विधानसभा चुनाव में भी कोई समस्या नहीं होगी. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि असल विवाद महागठबंधन के भीतर है, जहां आपसी खींचतान चल रही है. एनडीए में सब कुछ शांत और व्यवस्थित है.
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने मांझी के बयान पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के साथ रहने वाले दल विचारधारा की वजह से नहीं बल्कि सत्ता और स्वार्थ के लिए साथ हैं. उन्होंने कहा कि मांझी पहले सीटों की मांग करते हैं और फिर अपने फायदे के हिसाब से पीछे हट जाते हैं. राजद प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि एनडीए के घटक दलों की राजनीति केवल सत्ता के लिए है और जनता अब इस बात को समझने लगी है. उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति करने वाले नेता जनता के सामने पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं.
मांझी के बयान से साफ है कि विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज होगी. हालांकि भाजपा और जदयू यह मान रही हैं कि सब कुछ शांतिपूर्ण तरीके से सुलझा लिया जाएगा. वहीं कांग्रेस और राजद मांझी के बयान को एनडीए की कमजोरी के रूप में देख रहे हैं. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में सीटों का बंटवारा किस तरह से होता है और मांझी अपने बयान पर कितना कायम रहते हैं.
इनपुट- सुन्दरम
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!