)
Lalu Yadav Family Crisis: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार में बड़ा भूचाल आया हुआ है. लालू यादव की बेटी और सारण लोकसभा सीट से राजद प्रत्याशी रही रोहिणी आचार्य के नाराज होने की बात कही जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिहार चुनाव से पहले ही रोहिणी वापस सिंगापुर चली गई हैं. इतना ही नहीं उन्होंने अपने एक्स अकाउंट से परिवार समेत सभी राजनीतिक हैंडल को अनफॉलो तक कर दिया है. इनमें माता-पिता, भाई-बहन और पार्टी तक शामिल हैं. इससे सियासी गलियारों में हलचल मच गई है. अब सवाल ये है कि क्या लालू यादव के परिवार में विरासत की सियासी जंग शुरू हो गई है? आखिर कौन है जो लालू परिवार में दरार डालने में जुटा हुआ है?
इस पूरे घटनाक्रम के तार राजद के राज्यसभा सांसद संजय यादव से जुड़े हैं. दरअसल, तेजस्वी यादव की यात्रा के दौरान एक तस्वीर सामने आई, जिसमें संजय यादव तेजस्वी की सीट पर बैठे हुए नजर आ रहे थे. लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इस पर आपत्ति जताई. मामला तूल पकड़ा तो रोहिणी ने अन्य नेताओं की तस्वीरें और वीडियोज भी शेयर किए, लेकिन मामला ठंडा नहीं हुआ. इसके बाद रोहिणी ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने हमेशा बेटी और बहन के तौर पर अपना धर्म निभाया है और आगे भी निभाती रहेंगी. उन्होंने आगे लिखा कि उन्हें किसी पद की लालसा नहीं है, न ही कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा है, लेकिन उनके लिए आत्मसम्मान सर्वोपरि है.
इसके बाद खबरें आ रही हैं कि रोहिणी सबकुछ छोड़कर वापस सिंगापुर चली गई हैं. इस घटनाक्रम में तेज प्रताप यादव ने बहन रोहिणी आचार्य का समर्थन किया है. तेज प्रताप ने कहा कि वे अपनी बहन की गोद में खेले हैं और वह जो कह रही हैं, बिल्कुल सही कह रही हैं. उन्होंने कहा कि बहन का अपमान करने वालों पर कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलेगा. सियासी गलियारों में चर्चा है कि तेज प्रताप का इशारा तेजस्वी यादव पर है, क्योंकि संजय यादव को तेजस्वी का करीबी माना जाता है. इससे पहले तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से 6 साल के लिए बाहर कर दिया गया था. तेज प्रताप ने कई बार घर के भीतर ही जयचंद होने की बात कही. हालांकि, उन्होंने खुलकर कभी किसी का नाम नहीं लिया. तेज प्रताप और अब रोहिणी आचार्य इन दो घटनाक्रम से साफ लगता है कि लालू परिवार में राजद अध्यक्ष की सियासी विरासत को संभालने की जंग शुरू हो चुकी है. अगला नंबर किसका आता है, ये देखना दिलचस्प होगा.
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!