)
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मंत्री अशोक चौधरी का विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप
अशोक चौधरी ने कहा कि पिछली लोकसभा में विपक्ष ने यह कहकर भ्रम फैलाने की कोशिश की कि "संविधान और आरक्षण खतरे में है" या "वोट चोरी हो रहा है". लेकिन सच्चाई यह है कि 98% लोग पहले ही वोटर बन चुके हैं और बाकी 2% का नाम तकनीकी कारणों से हटाया गया है. उन्होंने साफ कहा कि नीतीश कुमार ने हर गरीब के घर में बिजली, नल और नाली पहुंचाई है, ऐसे में वोट चोरी का सवाल ही नहीं उठता.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: विकास योजनाओं के मास्टर हैं नीतीश कुमार: मंत्री अशोक चौधरी
मंत्री अशोक चौधरी ने तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि "हर घर नल का जल", "हर घर बिजली", "पोशाक योजना", "गली-नाली" जैसी योजनाएं नीतीश कुमार की देन हैं. उन्होंने कहा कि आज बिहार में 96% घरों में शौचालय हैं और जीविका योजना ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी. ऐसे में विपक्ष का यह कहना कि हमारी योजनाएं कॉपी की जा रही हैं, पूरी तरह गलत है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: बिजली व्यवस्था में बड़ा बदलाव: मंत्री अशोक चौधरी
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि पहले लोग मोबाइल चार्ज करने के लिए 10 किलोमीटर दूर जाते थे और 10 रुपये देकर चार्ज करवाते थे, लेकिन आज गांव-गांव में 22 से 23 घंटे बिजली मिल रही है. उन्होंने बताया कि 2005 में जहां 700 मेगावॉट प्रतिदिन खपत होती थी, वहीं अब 25 साल में यह बढ़कर 8800 मेगावॉट हो गई है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: प्रति व्यक्ति आय और उद्योग में तेजी: अशोक चौधरी
अशोक चौधरी ने बताया कि बिहार का प्रति व्यक्ति आय अब 66 हजार रुपये तक पहुंच गया है. लक्ष्य है कि इसे 1 लाख रुपये तक ले जाया जाए. उद्योग विभाग ने करीब 3 लाख करोड़ रुपये का एमओयू साइन किया है और राज्य में बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित होंगे. उन्होंने कहा कि 1 करोड़ रोजगार सृजन का वादा भी पूरा किया जाएगा.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: नीतीश कुमार ने बदली बिहार की तस्वीर: मंत्री अशोक चौधरी
मंत्री अशोक चौधरी ने तेजस्वी यादव के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि नीतीश कुमार की नेतृत्व में विकास ने बिहार की तस्वीर बदली है. पहले 40% लोग गरीबी रेखा से नीचे थे, अब यह संख्या घटकर 16% रह गई है. लगभग 30% लोगों को गरीबी से बाहर लाने का श्रेय नीतीश कुमार को जाता है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: गठबंधन पर बोले अशोक चौधरी
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि जेडीयू और एनडीए के बीच सीट बंटवारे या बड़े-छोटे भाई जैसी कोई राजनीति नहीं है. दोनों दलों का रिश्ता "जुड़वा भाइयों" जैसा है और जैसे पिछली बार साझेदारी रही थी, इस बार भी वैसी ही रहेगी.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update:संविधानिक संस्थाओं के सम्मान पर विजय सिन्हा का बयान
विजय सिन्हा ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि वे बार-बार संविधानिक संस्थाओं का अपमान करते हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का फैसला सर्वोच्च है और अदालत ने भी इसे मान्यता दी है. ऐसे में आयोग पर सवाल उठाना अस्वस्थ मानसिकता का प्रतीक है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: 'सोने का चम्मच' पैदा हुए हैं तेजस्वी यादव: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि वे "सोने का चम्मच" लेकर पैदा हुए हैं. जनता अब उनकी हर बातों को समझ चुकी है और इससे वोटों पर कोई असर नहीं पड़ता. विजय सिन्हा ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार की बड़ी धरोहर हैं. उन्होंने विकास यात्रा में हर योजना की समीक्षा कर जनता के लिए काम किया है. बिहार की जनता भी नीतीश कुमार को समर्पित व्यक्ति मानती है और उन पर भरोसा करती है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: विपक्ष के तीखे हमलों पर बोले विजय सिन्हा
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि विपक्ष उन पर तीखे हमले करता है क्योंकि वे दिल से सच बोलते हैं, दिमाग से नहीं. उन्होंने कहा कि विरोधियों को उनकी साफगोई चुभती है. तेजस्वी यादव का नाम आते ही उन्हें बेचैनी होती है, क्योंकि वे परिवारवाद की मानसिकता से ग्रसित हैं. विजय सिन्हा ने कहा कि चुनाव में हार-जीत कोई नई बात नहीं है. कभी वे कम वोटों से हारे तो कभी 60 हजार से ज्यादा वोटों से जीते. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही मालिक है और जनता जो फैसला करेगी, वही उन्हें मंजूर होगा.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: दशरथ मांझी परिवार को लेकर जीतन राम मांझी का बयान
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि दशरथ मांझी के परिवार को लेकर जो बातें फैलाई जा रही हैं, वो पूरी तरह झूठ हैं. उन्होंने बताया कि परिवार को पहले से ही इंदिरा आवास योजना के तहत दो से तीन घर मिले थे, फिर भी राजनीतिक लाभ के लिए चाबी थमाने का दिखावा किया गया. उन्होंने कहा कि परिवार को स्वास्थ्य विभाग, पीडीएस और बीटीएमसी जैसी जगहों पर नौकरियां भी दी गई हैं, यानी बिहार सरकार ने हर स्तर पर उनकी देखभाल की है. दशरथ मांझी के निधन के समय भी उन्हें राजकीय सम्मान दिया गया था और खुद मुख्यमंत्री ने इसका ध्यान रखा था. जीतन राम मांझी ने दशरथ मांझी के साथ बिताए निजी पलों को याद करते हुए कहा कि वे जब उनके घर आते थे और वे 200 रुपये देते थे तो दशरथ मांझी 100 रुपये लौटा देते थे और कहते थे कि इतने पैसे की जरूरत नहीं है, 200 रुपये में मैं क्या करूंगा. उन्होंने कहा कि यह उनकी सादगी और ईमानदारी का प्रतीक है और आज झूठी कहानियां बनाकर उनके परिवार का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने राहुल गांधी पर लगाया आरोप
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि भागीरथ मांझी के पास पहले से ही अपना घर था, लेकिन राहुल गांधी ने चाबी देकर लोगों को भ्रमित किया और झूठ फैला दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ की खेती कर रही है और जनता को गुमराह कर रही है. मांझी ने यह भी कहा कि अगर किसी के लिए मदद नहीं हुई तो वे व्यक्तिगत रूप से 20 लाख रुपये अपने फंड से देने को तैयार हैं, क्योंकि वे संसद सदस्य हैं और अपने संसदीय क्षेत्र की जनता की भलाई के लिए काम करते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि भागीरथ मांझी ने यह सच सबके सामने कह दिया और झूठ की राजनीति को उजागर किया.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: बिहार में एक तिहाई आबादी गरीब पर मंत्री जीतन राम मांझी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने स्पष्ट किया कि बिहार में नीतिश कुमार की सरकार लगातार काम कर रही है और इस बात पर कोई दो मत नहीं है. मांझी ने जोर देकर कहा कि बिहार की करीब 70% आबादी गरीब है और उनके लिए सरकार लगातार अवसर और मदद उपलब्ध करवा रही है. उन्होंने बताया कि जमीन और आवास योजनाओं में भी सरकार ने गरीबों को प्राथमिकता दी है. उनके अनुसार, बिहार सरकार ने इंदिरा आवास जैसी योजनाओं के तहत पहले से ही कई मकान तैयार किए हैं और लाभार्थियों को उचित सम्मान के साथ घर दिए जा रहे हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: बिहार में एक तिहाई आबादी गरीब, योजनाओं से मिली राहत: मदन सहनी
बिहार समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने बताया कि हाल के सर्वे में पता चला है कि बिहार की लगभग एक तिहाई आबादी गरीबी रेखा से नीचे है. राज्य में करीब 94 लाख परिवार गरीबी की स्थिति में हैं, जिनके जीवन स्तर में सुधार के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. मदन सहनी ने कहा कि 2005 से मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के नेतृत्व में पंचायतों में महिलाओं और अति पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षण लागू किया गया, जिससे महिलाओं को घर से बाहर निकलकर पंचायत संचालन में भाग लेने का मौका मिला. इसके अलावा, बच्चों के लिए साइकिल योजना, स्कूल पोशाक योजना और महिला सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए गए. उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश से सभी योजनाएं निष्पक्ष रूप से लागू की जाती हैं और लोगों को रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार अवसर दिए जा रहे हैं. मदन सहनी ने यह भी कहा कि शराबबंदी और अन्य सामाजिक सुधारों से महिलाओं और गरीबों को सीधे लाभ पहुंच रहा है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: समाज कल्याण योजनाओं पर मदन सहनी
बिहार के समाज कल्याण मंत्री और जनता दल यूनाईटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता मदन सहनी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का मकसद केवल वोट पाने का नहीं है, बल्कि सभी जरूरतमंदों तक मदद पहुँचाना है. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एचआईवी से पीड़ित व्यक्ति और अन्य गंभीर रोगियों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है, चाहे वे वोटर हों या नहीं. इसी तरह अनाथ बच्चे और उपेक्षित समाज के लोग भी लाभ के हकदार हैं. मदन सहनी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाई गई है और आंगनबाड़ी सेविकाओं का मानदेय भी बढ़ाया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की नीतियों में किसी राजनीतिक पक्ष के वोटर या समर्थक को प्राथमिकता नहीं दी जाती, बल्कि सभी लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए और मुख्यमंत्री नीतिश कुमार की सरकार का मकसद सभी लोगों तक समान रूप से सहायता पहुंचाना है, न कि सिर्फ समर्थकों का ध्यान रखना.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: 33 प्रतिशत महिलाएं सांसद से लेकर विधायक बनेंगी: सम्राट चौधरी
भाजपा और एनडीए ने बिल पास कर दिया है कि 33 प्रतिशत महिलाएं सांसद से लेकर विधायक बनेंगी. हम समाज के विकास के लिए आए हैं, अपने परिवार के विकास के लिए नहीं. सम्राट चौधरी ने दावा किया कि इस बार एनडीए 205 सीटें पार कर जाएगा. उन्होंने कहा कि पिछली बार हमारे मतदाता बिखर गए थे. इसको इस बार हमने ठीक किया हुआ है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: बिहार में अपराध के सवाल पर सम्राट चौधरी
मुख्यमंत्री पद के चेहरे की दावेदारी को लेकर सम्राट चौधरी ने कहा, मैं भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता हूं. पार्टी आगे जो दायित्व देगी, उसी पर काम करूंगा. प्रशांत किशोर का कहना है कि हमारी सरकार आई तो फर्जी शराबबंदी कानून को खत्म कर देंगे, इस पर सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछले 30 साल से बिहार की राजनीति में हूं. गांव की महिलाएं सकून की जिंदगी जी रही हैं. नीतीश कुमार जी को पता है कि शराब चालू करने से 20 हजार करोड़ रुपये आएंगे, लेकिन इससे गांव की महिलाओं को काफी फायदा हो रहा है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: बिहार में अपराध के सवाल पर सम्राट चौधरी
बिहार में अपराध के सवाल पर सम्राट चौधरी ने कहा, अगर आपके व्यक्तिगत दुश्मन नहीं हैं तो आप रात के 12 बजे भी पटना से किशनगंज तक जा सकते हैं और कोई आपको छू नहीं पाएगा. चाहे गोपाल खेमका मर्डर हो या फिर अस्पताल में चंदन मिश्रा का मर्डर, दोनों घटनाओं में 100 घंटे के अंदर अपराधियों को जेल भेजने का काम किया. लालू प्रसाद जी सीएम हाउस में डील करते थे. वह संगठित अपराध था और सरकार से उसे संचालित किया जाता था. सभी का इलाज हो रहा है. कुछ इलाज होम्योपैथी से इलाज होते हैं तो कुछ एलोपैथी से. सभी अपराधियों को नीतीश कुमार जी ने जेल में डाला. अगर कोई बाहर है तो वह कोर्ट से बेल पर निकला हुआ है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: नीतीश कुमार पर सम्राट चौधरी की टिप्पणी
सम्राट चौधरी ने कहा कि 1996 से नीतीश कुमार हमारे साथ हैं, बीच के कुछ समय को छोड़कर. उन्होंने बिहार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और आज भी नीतीश कुमार बिहार में बड़े फैक्टर हैं. बक्सर में मुख्यमंत्री ने बिना सीट बंटवारे के प्रत्याशी का ऐलान किया, जिसे सम्राट चौधरी ने नीतीश जी का विशेषाधिकार बताया और कहा कि इसे इस बार जिताना चाहिए. उन्होंने लोकतंत्र और राजनीति में सम्मान की बात करते हुए कहा कि गाली का राजनीति में कोई स्थान नहीं है और नरेंद्र मोदी को जिस तरह की गाली दी गई, उसका कोई दूसरा उदाहरण नहीं है. कही राजतंत्र है, कही लोकतंत्र है. लालू प्रसाद जी ने कहा था, रानी के पेट से राजा पैदा नहीं होता. हम उन्हीं की बात को फॉलो कर रहे हैं. आप भी किसी के बेटे हैं और वो भी राजनेता हैं के जवाब में सम्राट चौधरी ने कहा, मेरे पिताजी किसी पार्टी के अध्यक्ष नहीं हैं. मेरे पिताजी मुख्यमंत्री नहीं हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: बिहार के विकास पर सम्राट चौधरी का बयान
सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा और एनडीए लगातार काम करने में भरोसा करती हैं. उन्होंने बताया कि एनडीए ने लगातार चार चुनावों में लालू प्रसाद यादव को और उनके पुत्र को पिछले तीन चुनावों से हराने का काम किया है. उनका कहना था कि जनता को यह देखकर फर्क नहीं पड़ता कि मेरे माता-पिता मुख्यमंत्री रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार अब विकास की रफ्तार पकड़ चुका है. अर्थव्यवस्था और जीडीपी ग्रोथ रेट में बिहार देशभर में तीसरे नंबर पर है. पहले जिस प्रदेश को आलू, बालू और लालू के नाम से जाना जाता था, आज इसे विकास की रफ्तार के कारण पहचाना जाता है. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2000 तक बिहार में फैक्ट्री, प्लांट और माइंस मौजूद थे, लेकिन फिर राज्य आर्थिक रूप से कमजोर हो गया.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मुख्यमंत्री पद के दावेदारी पर तेजस्वी यादव का बयान
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब मुख्यमंत्री पद के दावेदार के सवाल पर राहुल गांधी ने चुप्पी साध ली थी, तो उन्होंने ही राहुल गांधी से कहा था कि अभी कोई बयान मत दीजिए. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे का विधिवत ऐलान बाद में किया जाएगा. NDA पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले अमित शाह जी यह सुनिश्चित करें कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: अशोक स्तंभ विवाद पर तेजस्वी यादव की टिप्पणी
तेजस्वी यादव ने भाजपा के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि अशोक स्तंभ को फालतू बताना सिर्फ अफवाह है. उन्होंने कहा कि उनके पिता महाकुंभ को फालतू कहते थे, लेकिन बेटा अशोक स्तंभ को फालतू बताता है, यह पूरी तरह झूठ है. तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार राष्ट्रगान का अपमान करते हैं, लेकिन इसका मुद्दा नहीं बनता. उन्होंने भाजपा की राजनीति को नफरत और अफवाह पर आधारित बताया और कहा कि ये अंग्रेजों से सीखा गया "बांटो और राज करो" का तरीका है. वहीं, मुकेश सहनी की डिप्टी सीएम की दावेदारी और 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना पर उन्होंने कहा कि यही लोकतंत्र और गठबंधन का तरीका है और इसी आधार पर सीट शेयरिंग होती है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: तेजस्वी यादव ने कई नेताओं पर की टिप्पणी और किए राजनीतिक तंज
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में चूहों का राज है और मौज तो चूहे कर रहे हैं. प्रशांत किशोर पर उन्होंने कहा कि उनकी बातों का जवाब देना जरूरी नहीं समझते. गिरिराज सिंह को उन्होंने गलत चरित्र वाला बताया. वहीं अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री रहते हमेशा विकास और सबको साथ लेकर चलने की बात करते रहे. ओवैसी परिवार पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनके पिताजी की विचारधारा अलग थी और असदुद्दीन ओवैसी की अलग है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: तेजस्वी यादव ने भाजपा और नीतीश कुमार पर बोला हमला
तेजस्वी यादव ने भाजपा पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि "तेजस्वी सरकार बनतो, यादव रंगदार बनतो" वाले वीडियो को खुद भाजपा नेता शेयर कर रहे हैं. उन्होंने नित्यानंद राय और अन्य यादव नेताओं को भी घेरा और कहा कि उन्हें इस बयानबाजी पर शर्म आनी चाहिए. नीतीश कुमार को लेकर उन्होंने कहा कि वे अब अचेत अवस्था में हैं और हर बार यू-टर्न लेते हैं, इसलिए उनकी तस्वीर की जगह अब "यूटर्न" का प्रतीक लगा देना चाहिए.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: तेजस्वी यादव ने बताया बिहार के विकास के लिए 4 बड़े रोडमैप
तेजस्वी यादव ने बिहार के लिए पढ़ाई-लिखाई, दवाई, सिंचाई, कार्रवाई और सुनवाई को मुख्य रोडमैप बताया. उन्होंने कहा कि राज्य में फूड प्रोसेसिंग यूनिट की जरूरत है, क्योंकि यहां केला, लीची और मखाना जैसी फसलें होती हैं. उन्होंने कहा कि हमने नौकरी देने, पेंशन बढ़ाने और फ्री बिजली की बात कही थी और सरकार ने वही कदम उठाए हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: तेजस्वी यादव ने बिहार में बढ़ते पलायन पर बोले तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने बिहार में बढ़ते पलायन को सबसे गंभीर मुद्दा बताया. उन्होंने कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक पलायन घटने के बजाय बढ़ रहा है. बिहार के लोग पहले बड़ी संख्या में आईएएस-आईपीएस बनते थे, लेकिन अब स्थिति अलग है. उन्होंने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद यादव ने रेलवे कारखाने लगवाए, जबकि मौजूदा सरकार सिर्फ गुजरात में फैक्ट्री लगवा रही है और वोट बिहार से चाहती है. बिहार में न तो टेक्सटाइल पार्क बना, न आईटी पार्क, और मुख्यमंत्री तो नीति आयोग की बैठक में भी शामिल नहीं होते.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: बिहार बंद के दौरान महिलाओं के अपमान पर बोले तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार बंद के दौरान महिलाओं का अपमान हुआ और खुद उन्हें सदन में भाजपा विधायक ने मां-बहन की गाली दी थी. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी की मां पर भी अभद्र बातें कही गईं, लेकिन तब किसी ने चिंता नहीं जताई. तेजस्वी ने सवाल किया कि क्या डीएन खराब कहने वाले भूल गए हैं कि यह भी किसी की मां पर ही टिप्पणी थी.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: पीएम की मां से जुड़े विवाद पर बोले तेजस्वी यादव
वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने के मामले पर तेजस्वी यादव ने कहा कि मां, मां होती है, चाहे किसी की भी हो. ऐसे मामलों में कार्रवाई जरूर होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने यह कहा, वह कभी जेडीयू में रहा है तो कभी भाजपा में. तेजस्वी ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री खुद भी कई बार महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बयान दे चुके हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: एसआईआर पर बोले तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा कि एसआईआर लोगों के अधिकार और अस्तित्व को खत्म कर रहा था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने हमारी बात को सही ठहराया और आधार कार्ड को 12वां दस्तावेज मान लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में वोट चोरी बड़े पैमाने पर हुई है. कई विधानसभा सीटों पर 3 हजार से भी कम वोटों से हार-जीत हुई. चंडीगढ़ का उदाहरण देकर उन्होंने कहा कि अब यह साफ हो गया है कि किस तरह गड़बड़ियां होती रही हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: तेजस्वी यादव का वोट चोरी और खटारा सरकार का आरोप
वोटर अधिकार यात्रा का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि हर जगह "वोट चोर गद्दी छोड़" का नारा गूंजा. उन्होंने कहा कि बिहार अब खटारा सरकार से ऊब चुका है और बदलाव चाहता है. नीति आयोग की रिपोर्ट में बिहार को सबसे गरीब राज्य बताया गया है, भ्रष्टाचार चरम पर है और चुनाव आयोग की मेहरबानी से ही पिछली बार सत्ता टिकी रही.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: तेजस्वी यादव का प्रधानमंत्री के बिहार दौरे पर तंज
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब बिहार उन्हें अच्छा लगने लगा है. बार-बार बिहार आ रहे हैं और यहां का लिट्टी-चोखा उन्हें पसंद आ गया है. उन्होंने कहा कि अब और भी बिहार की रेसिपी प्रधानमंत्री को खिलाई जाएगी.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: आरजेडी सांसद संजय यादव
आरजेडी सांसद संजय यादव ने कहा कि आज बिहार की राजनीति दो ध्रुवों पर खड़ी है. एक तरफ 20 साल से बनी हुई लेकिन विजनलेस सरकार है, जिसके मुखिया बार-बार गठबंधन बदलते रहे. 2010 से लेकर अब तक नीतिश कुमार कभी भाजपा, कभी महागठबंधन तो कभी किसी और के साथ रहे. इससे राज्य में राजनीतिक अस्थिरता और प्रशासनिक अराजकता बढ़ी है.
तेजस्वी यादव की राजनीति का क्या है नया एजेंडा?
संजय यादव के मुताबिक 2020 के बाद से तेजस्वी यादव ने बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश की राजनीति को नई दिशा दी. रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे असली मुद्दों को उन्होंने राजनीति के केंद्र में ला दिया. पहले राजनीति सिर्फ हिंदू-मुस्लिम बाइनरी में फंसी रहती थी, लेकिन अब रोजगार सबसे बड़ा सवाल बन गया है.
सीट बंटवारे पर बताई स्थिति
सीट शेयरिंग को लेकर संजय यादव ने कहा कि कोई अल्टीमेटम नहीं है. सब दल बातचीत कर रहे हैं और अंतिम निर्णय सामूहिक रूप से होगा. उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं में ही भ्रम है. केंद्र के गृह मंत्री अमित शाह साफ कह चुके हैं कि चुनाव नीतिश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, लेकिन मुख्यमंत्री का फैसला चुनाव बाद होगा.
अपराध के आंकड़ों पर किया हमला
एनडीए पर निशाना साधते हुए संजय यादव ने कहा कि 2005 से पहले और बाद के नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े उठाकर देख लीजिए. 2005 के बाद अपराध में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है. 70 हजार से ज्यादा हत्याएं हुई हैं और सरकार अब अपराध का डाटा सार्वजनिक करना ही बंद कर चुकी है. उन्होंने कहा कि यह विपक्ष का आरोप नहीं, बल्कि भारत सरकार के एनसीआरबी के आंकड़े हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: नीतिश कुमार क्यों ?
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतिश कुमार ने 20 साल तक लगातार बिहार के विकास के लिए काम किया है. उन्होंने न सिर्फ विकास कार्य किए बल्कि समाज के सभी वर्गों को सत्ता में भागीदारी भी दी. पंचायत चुनाव हो, नगर निकाय चुनाव हो या स्थानीय निकाय, अति पिछड़ा, दलित और महादलित समाज को पहली बार सम्मानजनक हिस्सेदारी मिली. उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतिश कुमार के पहले दलित परिवार का कोई व्यक्ति वार्ड मेंबर तक नहीं बन पाता था. महिलाओं की स्थिति तो और भी कमजोर थी. लेकिन नीतिश कुमार के फैसलों के कारण आज महादलित, दलित और अति पिछड़ा समाज की महिलाएं तक जिला परिषद और नगर परिषद की अध्यक्ष बन रही हैं. वे कलेक्टर के सामने बराबरी से कुर्सी पर बैठकर बात कर पा रही हैं. सीट शेयरिंग के सवाल पर उपेंद्र कुशवाहा ने साफ कहा कि बातचीत चल रही है और जल्द फॉर्मूला तय हो जाएगा. उन्होंने दावा किया कि एनडीए का प्रदर्शन इस बार बेहद मजबूत होगा. कई जगह सरकार को लेकर शिकायतें जरूर आईं, लेकिन लोगों ने भरोसा भी जताया है. उपेंद्र कुशवाहा ने विश्वास जताया कि बिहार में किसी भी तरह का राजनीतिक परिवर्तन संभव नहीं है. उन्होंने दावा किया कि 100% फिर से नीतिश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी और लोग बेहतर प्रदर्शन देखेंगे.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: महागठबंधन पर क्यों नहीं भरोसा?
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने महागठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा एनडीए पर इसलिए है क्योंकि वर्तमान राज्य सरकार ने हर क्षेत्र में काम किया है. सिर्फ शिक्षा ही नहीं, अन्य क्षेत्रों में भी सुधार हुआ है. उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि परिवार में भी जो सदस्य काम करता है, उसी पर भरोसा किया जाता है. एनडीए लगातार काम कर रहा है, इसलिए जनता उसे मौका देती रही है. उन्होंने कहा कि महागठबंधन को जब मौका मिला, तब वह उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा. एनडीए के समय काम का स्तर ऊपर उठा, जबकि विपक्ष के समय गिरावट आई. यही वजह है कि जनता आज भी एनडीए पर भरोसा करती है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: शिक्षा पर बोले उपेंद्र कुशवाहा
शिक्षा को लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह उनकी विशेष रुचि का विषय है. उन्होंने याद दिलाया कि जब वे केंद्र सरकार में मंत्री थे, तब शिक्षा सुधार के लिए 25 सूत्री अभियान चलाया था. उन्होंने स्वीकार किया कि शिक्षा में जितनी प्रगति होनी चाहिए थी, उतनी नहीं हुई, लेकिन काफी सुधार भी हुआ है. उनका मानना है कि समाज का विकास शिक्षा के बिना संभव नहीं है, और इसी आधार पर एनडीए जनता से वोट मांगेगा.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: महागठबंधन की रणनीति पर उपेन्द्र कुशवाहा की प्रतिक्रिया
उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष की एकजुटता को लेकर बातें जरूर हुईं, लेकिन सच्चाई यह है कि एनडीए अपनी वोट बैंक को एकजुट रखने में चूक गया. वैशाली जैसे इलाकों में एनडीए का कोर वोटर महागठबंधन की तरफ चला गया. उन्होंने इस स्थिति को धोखा या गद्दारी नहीं, बल्कि एनडीए के भीतर हुई गलतियों का नतीजा बताया.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: लोकसभा चुनाव की हार पर आत्ममंथन
उपेंद्र कुशवाहा ने माना कि 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए का प्रदर्शन उम्मीद से कम रहा. उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में आपसी मतभेद और "सेल्फ गोल" के कारण हार मिली. शाहाबाद और मगध इलाकों में अपेक्षा से कमजोर प्रदर्शन हुआ. उन्होंने साफ कहा कि यह महागठबंधन की मजबूती नहीं, बल्कि एनडीए की आंतरिक कमी थी.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: एनडीए की चुनावी तैयारी पर बोले राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि एनडीए इस बार 56 प्रकार का व्यंजन परोसने की तरह पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगा. उनका कहना है कि लोकसभा चुनाव में कुछ जगहों पर प्रदर्शन कमजोर रहा, लेकिन विधानसभा चुनाव में कोई गलती नहीं दोहराई जाएगी. एनडीए मजबूती से रणनीति बनाकर जनता के बीच जाएगा.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मुंबई से बिहार तक के सफर पर बोले मुकेश सहनी
मुकेश सहनी ने कहा कि उन्होंने 900 रुपये की नौकरी से शुरुआत कर मुंबई में अपना मुकाम बनाया, लेकिन बिहार उनका घर है. उन्हें भरोसा है कि यहां जनता का आशीर्वाद और प्यार हमेशा मिलेगा. उन्होंने कहा कि लोग श्रीराम का नाम तो जपते हैं, लेकिन प्रभु राम ने मल्लाह समाज को जो वचन दिया था, उसे निभाने से पीछे हट रहे हैं. मुकेश सहनी ने इसे समाज के साथ धोखा बताया. सहनी ने दावा किया कि आने वाले समय में यूपी, बिहार और झारखंड में उनकी पार्टी इतनी मजबूत होगी कि सरकार उनकी बनेगी. उन्होंने कहा कि 2029 में दिल्ली की सरकार भी उनकी पार्टी के समर्थन से बनेगी.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मुकेश सहनी ने चुनाव आयोग पर उठाया सवाल
विपक्ष के हारने पर आरोप लगाने की बात पर सहनी ने कहा कि जो आरोप लगाए जाते हैं, उन्हें साबित करना जरूरी है. उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर केस हो सकता है, लेकिन चुनाव आयोग पर क्यों नहीं. उन्होंने याद दिलाया कि 1975 से पहले और 1990 तक वोट की डकैती खूब हुई थी, जिसमें सभी जाति और धर्म के लोग शामिल थे. यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मुकेश सहनी ने भाजपा पर वोटर चोरी का गंभीर आरोप लगाया
मुकेश सहनी ने भाजपा पर वोटर चोरी का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जो भी नए वोटर बने, वे भाजपा के खाते में कैसे चले गए. महाराष्ट्र में भी हमने उनकी चोरी पकड़ी थी. लोकसभा चुनाव में मोदी जी के नाम पर चुनाव हुआ तो भाजपा हार गई, लेकिन विधानसभा चुनाव में अचानक पूरा माहौल कैसे बदल गया. इस पर चुनाव आयोग से शिकायत की गई तो एफिडेविट मांगा गया.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मुकेश सहनी ने कहा कांग्रेस को करना होगा फैसला
मुकेश सहनी ने कहा कि इस महीने के अंत तक कांग्रेस को यह तय करना होगा कि बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का चेहरा तेजस्वी यादव होंगे. उन्होंने माना कि देश में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन कांग्रेस भी दूसरे नंबर की पार्टी है और उसे हल्के में नहीं लिया जा सकता.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: चंपा विश्वास कांड पर मुकेश सहनी की प्रतिक्रिया
चंपा विश्वास कांड से जुड़े सवाल पर सहनी ने कहा कि इस तरह की घटनाएं कहीं भी हो सकती हैं, लेकिन सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी होती है कि इन्हें रोका जाए. उन्होंने कहा कि लोग शांति चाहते हैं और पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए. सहनी ने जोड़ा कि सरकार का एक सिस्टम होता है और कोर्ट अपने हिसाब से ही चलता है, किसी के दबाव में नहीं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: जंगलराज पर मुकेश सहनी की सफाई
मुकेश सहनी ने बिहार में जंगलराज के आरोपों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि उस दौर को गलत तरीके से पेश किया गया है. जमीन पर बैठे रहने वाले और अन्याय सहने वाले लोगों की आवाज उठी थी, इसी को जंगलराज कहा गया. मुकेश सहनी के मुताबिक वह दौर सामाजिक न्याय के लिए अहम था और आने वाला समय और बेहतर बनाया जा सकता है, लेकिन उस समय को कोई वापस नहीं ला सकता.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: विधायक खरीद-फरोख्त पर मुकेश सहनी का तीखा बयान
भाजपा पर तोड़फोड़ की राजनीति का आरोप लगाते हुए सहनी ने कहा कि आज देश में विधायक इधर-उधर होते हैं तो सिर्फ भाजपा के पास ही क्यों जाते हैं. इसका मतलब साफ है कि खरीद-फरोख्त हो रही है. उन्होंने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने एक सांसद की कमी से अपनी सरकार गिरा दी थी, लेकिन आज भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है. सहनी ने खुद को फूलन देवी का वंशज बताते हुए कहा कि वे न तो डरते हैं और न किसी को डराते हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मुकेश सहनी का जातीय जनगणना और मोदी सरकार पर हमला
मुकेश सहनी ने जातीय जनगणना को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दबाव में सरकार यह काम कर रही है, लेकिन इसके लिए चार साल का समय लिया जा रहा है, जिसमें कोई न कोई राजनीतिक खेल छुपा हुआ है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “गलत-सलत काम करना मोदी है तो मुमकिन है.”
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मुकेश सहनी ने भाजपा पर साधा निशाना
मुकेश सहनी ने भाजपा से जुड़े सवाल पर कहा कि निषाद समाज को आरक्षण देने का वादा भाजपा कई बार कर चुकी है, लेकिन कभी पूरा नहीं किया. उन्होंने साफ कहा कि भाजपा आरक्षण खत्म करने की लड़ाई लड़ रही है, जबकि वे गरीबों और पिछड़ों की आवाज उठाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि आर्थिक आधार पर दिया गया आरक्षण सभी वर्गों को मिलना चाहिए.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update:मुकेश सहनी ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला
मुकेश सहनी ने भाजपा पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने उनके चार विधायकों को तोड़ लिया, लेकिन आने वाले समय में वे भाजपा को 40 सीटों पर हराएंगे. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने 60 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है, हालांकि महागठबंधन की बैठक में अंतिम संख्या तय होगी. सहनी ने यह भी कहा कि अगर वे किसी सीट पर प्रत्याशी बदलने की बात करेंगे तो उनकी बात जरूर मानी जाएगी.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मुकेश सहनी का कांग्रेस और वाम दलों पर बयान
मुकेश सहनी ने स्पष्ट किया कि महागठबंधन में वाम दल भी शामिल हैं और कांग्रेस ने कभी तेजस्वी को लेकर ‘ना’ नहीं कहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर चाहे तो किसी और बड़े नेता को मुख्यमंत्री बना सकती है, यहां तक कि दो डिप्टी सीएम भी हो सकते हैं. उन्होंने यह भी जोड़ा कि गठबंधन में बातचीत हुई है और इसलिए वे यह बात सार्वजनिक रूप से कह पा रहे हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मुकेश सहनी ने तेजस्वी यादव को बताया बड़ा चेहरा
मुकेश सहनी ने कहा कि तेजस्वी यादव उनके छोटे भाई हैं और वे लालू प्रसाद यादव की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा कि महागठबंधन में तेजस्वी से बड़ा कोई चेहरा नहीं है. इसके साथ ही उन्होंने खुद को गठबंधन का दूसरा लोकप्रिय चेहरा बताया और कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनेगी तो उसमें सभी की हिस्सेदारी होगी.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: 'भाजपा अजगर है'- मुकेश सहनी का भाजपा पर तीखा प्रहार
भाजपा पर हमला बोलते हुए सहनी ने कहा कि अजगर एक समय के बाद खाना छोड़ देता है, ठीक उसी तरह भाजपा के साथ रहकर अब उन्हें डर लगने लगा है. उन्होंने याद दिलाया कि 2020 में उनके समर्थन से नीतीश कुमार की सरकार बनी थी, लेकिन बाद में उनके विधायकों को खरीद लिया गया. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि चिराग पासवान की पार्टी तोड़ दी गई, दूसरा गुट खड़ा कर दिया गया. महाराष्ट्र में भी शिंदे गुट के सहारे भाजपा ने सत्ता पाई. सहनी ने कहा कि भाजपा किसी की नहीं हुई. अगर भाजपा लालकृष्ण आडवाणी की नहीं हुई तो किसी और की कैसे होगी.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: वोटर अधिकार यात्रा और सीट शेयरिंग पर मुकेश सहनी का बयान
विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि फिलहाल वोटर अधिकार यात्रा समाप्त हो चुकी है और अब सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत चल रही है. इसके बाद पार्टी जनता के बीच जाएगी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन्हें अडानी-अंबानी के पास जाना है वे जाएं, हम तो जनता के बीच के लोग हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: स्वास्थ्य व्यवस्था पर डॉ. बीरेंद्र कुमार यादव की टिप्पणी
डॉ. बीरेंद्र कुमार यादव ने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने एक अच्छा काम किया है कि PMCH को एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बना दिया है, लेकिन साथ ही एक बड़ी गलती भी की है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यह वैसा ही है जैसे भूगोल पढ़ाने के लिए रसायन शास्त्र के शिक्षक को नियुक्त कर दिया जाए. दरअसल, सरकार ने आयुष डॉक्टरों की बहाली की है, लेकिन उनसे एलोपैथी की दवाइयां लिखवाई जा रही हैं, जो स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: गया के के. पी. यादव होम्यो हॉस्पिटल के निर्देशक डॉ. बीरेंद्र कुमार यादव ने सरकारी स्कूलों की हकीकत पर सवाल
गया के के. पी. यादव होम्यो हॉस्पिटल के निर्देशक डॉ. बीरेंद्र कुमार यादव ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि अगर सच में सरकारी स्कूलों की पढ़ाई का स्तर इतना ही अच्छा है, तो यह बताइए कि किस नेता का बेटा-बेटी इन स्कूलों में पढ़ रहा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि स्थिति यह है कि सरकारी स्कूलों के शिक्षक तक अपने बच्चों को सरकारी विद्यालय में नहीं भेजते. इससे साफ है कि शिक्षा व्यवस्था की सच्चाई और सरकार के दावों में बड़ा फर्क है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: सभी 243 सीटों पर एनडीए के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे -सच्चिदानंद सिंह
पब्लिक में वोट चोरी कोई मुद्दा नहीं है. मैं लोगों के बीच रहने वाला आदमी हूं. किसी के वोट चोरी तो हुए नहीं तो मुद्दा कैसे बनेगा. राहुल गांधी आरोप लगाते हैं कि एक व्यक्ति के 3 जगह वोट हैं, तो बिना एसआईआर के ये सब कैसे हटेगा. एक तरफ पूरी दुनिया में स्थितियां विकराल हो रही हैं, उसमें आप रोजाना नई नौटंकी लेकर आ जाते हैं. तेजस्वी यादव को आज भी बिना पढ़े लिखे वोट मिल जाता है तो उन्हें पढ़ने लिखने की क्या जरूरत. सीट शेयरिंग को लेकर कोई विवाद नहीं है. सभी 243 सीटों पर एनडीए के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री बने रहेंगे- सच्चिदानंद सिंह
सच्चिदानंद सिंह ने कहा कि कप्तान बदलने का अभी समय नहीं आया है. अभी नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री बने रहेंगे. हर विधायक मुख्यमंत्री बनने योग्य होता है, लेकिन सब कोई तो बनता नहीं है. अगर हमारा गठबंधन मजबूत है तो मुख्यमंत्री पद की वैकेंसी पटना में नहीं है. 2005 के पहले अपराधी अपराध करते थे, पकड़े नहीं जाते थे. पकड़े भी जाते थे तो एक फोन से छुट जाते थे. ट्रायल नहीं होता था. 2005 के बाद से न्यायिक प्रक्रिया शुरू हुई. इसका नतीजा यह रहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को भी जेल जाना पड़ा. कौन सा क्षेत्र है, जो बिहारियों से अछूता रहा है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: 2005 के बाद बिहार बदलना शुरू हुआ- सच्चिदानंद सिंह
निर्दलीय एमएलसी सच्चिदानंद सिंह ने सीएम नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार में 2005 के बाद से जिस तरह से बिहार बदलना शुरू हुआ, 2020 के बाद से विकास में तेजी आई है. जिस तरह से काम हुआ है, उससे मुझे लगता है कि इस बार 225 सीटें मिलेंगी. बिहार में आधारभूत चीजों से बिहारियों को वंचित किया गया था. बिहारी नाम गाली बनता जा रहा था. बिहारी कहते ही निगेटिव फीलिंग होने लगती थी. ऐसा नहीं है कि बिहार में अपराध ज्यादा हो रहे, बल्कि यह नेशनल औसत के आसपास ही है. पिछला 20 वर्ष पुरानी गंदगी को धोने में काफी मददगार साबित हुआ है. शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर काम हो रहा है. 2020 के बाद हर जिले में मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं. हर पंचायत में वेलनेस केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं. आने वाले 10 साल में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत बड़ा परिवर्तन होने वाला है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: महागठबंधन को रोकना ज्यादा जरूरी- शांभवी चौधरी
एलजेपी-आर की सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि हम सम्मानजनक सीटों के लिए समझौता करेंगे. लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन के आधार पर सीटों का बंटवारा चाहती है. 2020 में लोजपा अकेले लड़ी थी और जेडीयू को बड़ा डैमेज पहुंचाया था. आगे उन्होंने कहा कि हमारा पहली प्राथमिकता महागठबंधन को रोकने पर है. उन्होंने कहा कि सामान्य जीवन में देश पहले आता है और फिर प्रदेश, फिर गठबंधन और उसके बाद पार्टी आती है. ऐसे में महागठबंधन को रोकना ज्यादा जरूरी है. एनडीए 200 सीटें पार करेगा.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: एनडीए में लोजपा कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी?
एलजेपी-आर की सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि लोजपा रामविलास ने लोकसभा चुनाव में 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट दिया था. चिराग पासवान जी ने बहुत मेहनत करके यह सफलता हासिल की थी. इसलिए हम सम्मानजनक सीटें चाहते हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा?
इस सवाल का जवाब देते हुए लोजपा-रामविलास की सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ही होंगे और गठबंधन के कई नेता इस बात को कह चुके हैं. चिराग पासवान के नेतृत्व को लेकर शांभवी चौधरी ने कहा कि बिहार में युवाओं को आगे करने की जरूरत है. युवाओं को नेतृत्व मिलेगा तो युवा अपने आप आगे बढ़ेंगे.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: क्या युवाओं के पास इतना पेशेंस है?
इस सवाल का जवाब देते हुए लोजपा-रामविलास की सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि हमारा यह कहना है कि आपके सामने जो काम हुआ है, उसके आधार पर वोट दीजिए. ये लोग चिल्ला रहे हैं कि पलायन रोक देंगे, लेकिन उनकी सरकार के समय में ही तो ज्यादा पलायन हुआ. आज युवाओं के लिए काम हो रहा है. बीच में कुछ समय के लिए तेजस्वी यादव डिप्टी सीएम बने और सारा क्रेडिट खुद खाना चाहते हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: शांभवी चौधरी ने मुख्यमंत्री की तारीफ की
नीतीश कुमार की सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए लोजपा-रामविलास की सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि बाकी राज्यों की तुलना में हमने बहुत पीछे से शुरू किया है. अब हम मेन स्ट्रीम में आ गए हैं. अब निजी इन्वेस्टमेंट की तरफ जा रहे हैं. बड़ी बड़ी कंपनियां आएं. शांभवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि अगर बिहार के लिए किसी ने काम किया है तो माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया है. स्पेशली महिलाओं के लिए, वो काम बहुत उल्लेखनीय है. उनकी कई ऐसी योजनाएं हैं, जिनको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली. शांभवी ने कहा कि हमारा यह कहना है कि आपके सामने जो काम हुआ है, उसके आधार पर वोट दीजिए. ये लोग चिल्ला रहे हैं कि पलायन रोक देंगे, लेकिन उनकी सरकार के समय में ही तो ज्यादा पलायन हुआ. आज युवाओं के लिए काम हो रहा है. बीच में कुछ समय के लिए तेजस्वी यादव डिप्टी सीएम बने और सारा क्रेडिट खुद खाना चाहते हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: पलायन-बेरोजगारी पर शांभवी चौधरी का जवाब
लोजपा-रामविलास की सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि हम अभी तक आधारभूत चीजों के लिए काम कर रहे थे. अब युवाओं पर पूरा फोकस है. 20 साल में हमने शुरुआत वहां से किया, जब बिहार मीलों पीछे था. हम लोग माइनस जीडीपी से काम करना शुरू किए.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: जन सुराज की सरकार बनने पर क्या बदलेगा?
बिहार को सुधारने में बहुत समय लगेगा. अगर हमारी सरकार बनी तो फर्जी शराबबंदी कानून को हटा दिया जाएगा. बिहार में 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को 2 हजार रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी. एक नया विभाग बनाया जाएगा, जिसका काम होगा कि बिहार से होने वाले पलायन को बंद कर दिया जाए. इसका फायदा यह होगा कि 50 लाख से अधिक लोग, जो 12 हजार रुपये कमाने के लिए बाहर जाते हैं, वो न जाएं. स्कूलों को नेतरहाट के स्तर तक ले जाने की कोशिश की जाएगी. बिहार में कृषि को मनरेगा से जोड़ दिया जाएगा. नकदी फसल बोने वाले किसानों को मनरेगा से मुफ्त मजदूर उपलब्ध कराया जाएगा. 100 सबसे भ्रष्ट नेता और अफसरों को जेल में डालने की कार्रवाई होगी. साल भर में उनके परिवार से उनकी संपत्ति वसूलने की कार्रवाई की जाएगी.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: नीतीश जी से कैसा रिश्ता है?
इस सवाल के जवाब पर प्रशांत किशोर ने कहा कि व्यक्तिगत रिश्ता है. उनसे हमारा केवल वैचारिक मतभेद है. हमने जेडीयू इसलिए छोड़ी क्योंकि हमारा मानना था कि नागरिकता कानून पर भाजपा के साथ नहीं जाना चाहिए. जब जेडीयू ने भाजपा के इस बिल पर साथ दे दिया तब नीतीश कुमार जी ने कहा था कि बिहार में हम लागू नहीं करेंगे. मैंने इस बात का विरोध किया और दल से इस्तीफा दे दिया.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: कांग्रेस पर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान
बिहार में कांग्रेस के भविष्य से जुड़े सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं दिखता है. कांग्रेस ने खुद तय किया है कि उसका भविष्य लालटेन से जुड़े. 13 दिन गाड़ी पर बैठकर राहुल गांधी घूमे, यदि यह मेहनत है तो मेहनत की परिभाषा बदल देनी चाहिए. राहुल गांधी 13 दिन बिहार में रहे, इसके लिए बिहार के लोगों को एहसान मान लेना चाहिए.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: प्रशांत किशोर ने भाजपा को हराने का फॉर्मूला बताया
प्रशांत किशोर ने कहा कि हमने बताया कि एमवाई समीकरण है, उसकी कोई न्यूट्रिलिटी नहीं है. अगर आपको भाजपा को हराना है तो 40 प्रतिशत हिंदू और 20 प्रतिशत मुसलमान का समीकरण बनाइए. अगर ये लोग राष्ट्रवादी मुस्लिम शक्तियों के साथ आ जाएं तो भाजपा को हराया जा सकता है. आजादी से पहले इसी फॉर्मूले से अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी गई थी. देश में 80 प्रतिशत हिंदू हैं, भाजपा को वोट मिले 36 प्रतिशत. पांचवें क्लास का विद्यार्थी भी बता देगा कि 80 प्रतिशत में से केवल 36 प्रतिशत वोट ही भाजपा को हासिल हो रहा है. भाजपा का एक भी वोट न टूटे, तब भी भाजपा को हराया जा सकता है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: बी टीम के आरोपों पर प्रशांत किशोर का जवाब
प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा से आप यही सवाल पूछिएगा तो वो कांग्रेस और राजद का बी टीम बताएगी. कांग्रेस और राजद वाले भाजपा की बी टीम बताएंगे. दरअसल, महागठबंधन को लग रहा है कि मुस्लिम वोट कटेंगे तो उन्होंने मुझे बी टीम बता दिया. अब भाजपा को लग रहा है कि उसका वोट कट रहा है तो वो महागठबंधन की बी टीम बता रही है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मुसलमानों को केवल अल्लाह से डरना चाहिए- प्रशांत किशोर
राजद पर हमला करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल मुसलमानों को भाजपा का डर दिखाकर वोट लेते हैं. मुसलमानों को केवल अल्लाह का डर होना चाहिए, लेकिन राजनीतिक दल इनलोगों को भाजपा का डर दिखाते हैं. भाजपा क्या मुसलमानों को डरा पाएगी. आप डरकर किसी का कैरोसिन तेल बनिएगा तो रोशनी तो होगी, लेकिन चिराग तले अंधेरा होगा. लालटेन तो राजद के पास है और लालटेन कभी बिजली से तो जलेगा नहीं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: निशांत कुमार के सियासत में आने पर क्या सोचते हैं प्रशांत किशोर
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राजनीति में आने का तेजस्वी यादव समर्थन कर रहे हैं, इस सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि तेजस्वी यादव तो यही चाहेंगे कि सभी नेताओं के बेटे राजनीति में आएं. इतनी ही राजनीतिक समझ उनमें बची है. वे तो चाहेंगे कि सभी नेताओं के बच्चे राजनीति में आएं, ताकि उनके राजनीति में आने को जस्टीफाई हो सके. इस हिसाब से गावस्कर का लड़का क्रिकेटर बनते, फिर तेंदुलकर, कोहली और सूर्य कुमार यादव कहां से आते.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: नीतीश कुमार की तुलना तेजस्वी यादव से नहीं की जा सकती- प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार से जो लोगों से अपेक्षा थी, उस हिसाब से बिहार आगे नहीं बढ़ा. हां, नीतीश कुमार ने बिहार को लूटा नहीं. उन्हें और बेहतर करना चाहिए था. नीतीश कुमार की तुलना तेजस्वी यादव से नहीं की जा सकती.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: त्रिशंकु विधानसभा में जनसुराज किसके साथ जाएगी?
इस सवाल के जवाब में प्रशांत किशोर ने कहा कि हम कहीं नहीं जाएंगे. फिर से चुनाव में जाएंगे.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: राजद-जेडीयू को कितनी-कितनी सीटें मिलेंगी?
इस सवाल पर प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि जेडीयू को 25 सीटें भी नहीं आएंगी. उन्होंने राजद की सीटें भी घटने का दावा किया. उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सीटें इस बार पहले से कम होंगी. इस दौरान पीके ने जनसुराज पार्टी को लेकर बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी अर्श पे रहेगी या फर्श पे. पीके ने कहा कि हमारी पार्टी या तो टॉप पर रहेगी या फिर सबसे नीचे रहेगी. या तो 10 से कम या फिर 150 से आगे.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: क्या चुनाव के बाद भाजपा जेडीयू को निगल जाएंगी?
इस सवाल पर नित्यानंद राय ने कहा कि आज जो राजद बोल रहा है तो महागठबंधन ने तो स्वीकार कर ही लिया कि एनडीए की सरकार बन रही है. हम लोग तो किसान हैं तो हवा का रुख भांप लेते हैं. मैं किसान का बेटा हूं. मैं भी भविष्यवाणी कर रहा हूं कि भारी बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी. कम से कम 200 सीटें आएंगी. नीतीश कुमार जी हमारे नेता हैं और उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव में जा रहे हैं. नेता तो हमारा बूथ अध्यक्ष भी होता है, लेकिन एनडीए के नेता नीतीश कुमार जी हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: जंगलराज को बिहारवासी कभी भूलने वाले नहीं हैं- नित्यानंद राय
विपक्ष के राक्षसराज वाले कमेंट पर नित्यानंद राय ने कहा कि हमारे शरीर में कोई दाग आ जाता है, कट जाता है, जल जाता है तो उसका निशान जीवनभर दिखाई देता है. उसी तरह 15 साल के लालू राबड़ी के शासन का जंगलराज ने बिहार को ऐसा दागा है, जिसे बिहार के लोग कभी भूल नहीं पाएंगे. जिस बिहार में माताएं बहन घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं, व्यापारी दुकान तक जाने में डरते थे. आज रात भर लोग आते जाते थे. व्यापार अच्छा खासा हो रहा है. सिर्फ व्यापारी का अपहरण तो होता ही था, इंजीनियर, डॉक्टरों का अभी अपहरण होता था. जंगलराज का वर्णन करने के लिए किसी किताब के हजारों पेज चाहिए. अब जंगलराज वाले कहें कि राक्षसराज आया है तो यह उस जंगलराज के राक्षसी प्रवृत्ति को परिभाषित करते हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: 'एक नरेंद्र ने भविष्यवाणी की थी और दूसरा नरेंद्र उसे पूरा कर रहा है'
भाजपा आरोप लगाती है, आंकड़े क्यों नहीं देती, इस सवाल के जवाब पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि गरीबों का शौचालय कौन बनाया, मोदी जी ने बनाया. गरीबों को घर कौन दे रहा है, मोदी जी दे रहे हैं. गांव की सड़कें कौन बना रहा है, घर घर बिजली कौन पहुंचा रहा है, आधारभूत ढांचे पर काम कौन रहा है, चांद पर कौन पहुंचाया, आज हम ज्ञान विज्ञान के क्षेत्र में कितना आगे बढ़े हैं. गरीब कल्याण का रिकॉर्ड बना है. इस देश को पहले भीखमंगों का देश कहा जाता था, लेकिन जब से पीएम मोदी जी आए, उस समय से देश ने कीर्तिमान स्थापित करना शुरू कर दिया. आज शौर्य से भरा हुआ भारत है. विवेकानंद जी की भविष्यवाणी थी कि 21वीं सदी के भारत में कोई भूखा नहीं होगा. आज वहीं काम हो रहा है. विवेकानंद जी के बचपन का नाम क्या था, नरेंद्र. एक नरेंद्र ने भविष्यवाणी की थी और दूसरा नरेंद्र उसे पूरा कर रहा है.
भाजपा के पास आपका चेहरा भी तो है
इस सवाल के जवाब में नित्यानंद राय ने कहा कि ऐसा नहीं कि कोई चेहरा नहीं है. मैं सीएम पद की रेस में नहीं हूं. पीएम मोदी जी के नेतृत्व में, अमित शाह जी के सानिध्य में काम करने का जो अवसर प्राप्त हुआ है, वो अवसर खोना नहीं चाहता. आज पीएम मोदी जी के नेतृत्व में देश की सीमा सुरक्षा, आपदा प्रबंधन का दायित्व मैं देख रहा हूं. 8 केंद्र शासित राज्यों का काम मेरे पास है. देश की आंतरिक सुरक्षा को हम देख रहे हैं. कांग्रेस के जमाने में सीरियल ब्लास्ट होता था, आज मोदी जी के जमाने में किसी की ऐसा करने की हिम्मत नहीं है. देश से आतंकवाद समाप्त हो रहा है. मोदीजी 2047 तक भारत को विकसित करने का काम कर रहे हैं.
बिहार में कितने घुसपैठिये
इस पर नित्यानंद राय ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में देश और बिहार को घुसपैठियों का अड्डा बना दिया गया. घुसपैठियों को आमंत्रण देकर बिहार में बसाने का काम राजद सरकार में भी किया गया. इसलिए चुनाव आयोग को एसआईआर कराना पड़ा है. आंकड़ा मेरे पास नहीं है. अभी एसआईआर नहीं है मेरे पास.
इस बार फाइट कितनी तगड़ी है
तय है, एनडीए की सरकार बनेगी. कोई फाइट नहीं है. कोई कहीं नहीं है. केवल एनडीए है. माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का नाम और काम, विकास के लिए भगीरथ प्रयास, 3 करोड़ गरीबों का गरीबी रेखा से बाहर आना, बिहार की उन्नति और तरक्की, यह अभिलाषा केवल और केवल एनडीए पूरा करेगा.
किसका चेहरा बिहार में
एनडीए बहुत बड़ा बैनर है. पीएम मोदी जी का पूरा प्रभाव बिहारियों के मन में है. नीतीश कुमार जी ने 20 साल में बिहार को जंगलराज से बाहर विकास के रास्ते पर लाए हैं. इसलिए पीएम मोदी जी और नीतीश जी चुनाव में नेतृत्व करेंगे.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: कोई कहीं फाइट नहीं है- नित्यानंद राय
कितनी तगड़ी फाइट है- इस सवाल पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि कोई कहीं फाइट नहीं है. तय है कि फिर से एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी. बिहार में किसके चेहरे पर चुनाव लड़ रहे- इस सवाल पर नित्यानंद राय ने कहा कि बिहारियों के मन में मोदी जी हैं और मोदी जी के मन में बिहारी हैं. और नीतीश कुमार जी ने 20 वर्षों में बिहार को जंगलराज से बाहर से निकालकर लाए हैं. दोनों पर लोगों को भरोसा है.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: हमारी जिम्मेदारी सवाल उठाना, जवाब मांगना और जनता की आवाज को सत्ता तक पहुंचाना- CEO
Z Media के CEO करण अभिषेक सिंह ने कहा कि यहां नेताओं के दावे होंगे, वादे होंगे, दृष्टि होगी, दृष्टिकोण होगा. यहां जनता की राय तय करेगी कि बिहार चुनाव किस दिशा में जा रही है. हमारी जिम्मेदारी सवाल उठाना, जवाब मांगना और जनता की आवाज को सत्ता तक पहुंचाना है. हम निष्पक्षता के साथ खबरें लाते हैं और विकास की कहानियां सुनाते हैं, जैसे रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि. यह आयोजन सिर्फ एक चर्चा नहीं, आने वाले कल का आईना भी है. आज हम विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सुनेंगे और जनता की समस्याओं से उन्हें रूबरू कराएंगे. कई सवाल यहां उठेंगे और उम्मीद है कि यहां आज बेहतर बिहार और बेहतर भारत का कल दिखेगा.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: नीतीश कुमार मजबूरी हैं?
इस सवाल के जवाब में दिलीप जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार जी सोशल इंजीनियर हैं. साफ सुथरी छवि है. विपक्ष में भी साहस नहीं है कि वह नीतीश कुमार पर सवाल उठा सके. भाजपा के चेहरे की बात तब आती, जब एनडीए में ऐसी बात हो. उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल आपस में आरोप प्रत्यारोप का काम करते हैं. हम मां बाप को नहीं बदल सकते. अपने गुरु को नहीं बदल सकते. सरकार व्यवस्था से चलती है. एक व्यवस्था के तहत आज जो सरकार चल रही है, उसके खिलाफ विपक्ष माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है. एनडीए सरकार सभी लोग मिल जुलकर विकसित राज्य बनाने का सपना पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं. माई-बहिन मान योजना पर तंज कसते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि एक सपना देखा था राजद और कांग्रेस ने. हमारे यहां महिलाओं को गांव गांव में जाकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया माई बहिन योजना के नाम पर. नीतीश जी ने कहा, तुम्हारी सरकार तो आने वाली नहीं, चुनाव से पहले 10 हजार रुपये हर महिला के अकाउंट में डालेंगे.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: महिलाओं के लिए नीतीश कुमार ने बहुत काम किए- दिलीप जायसवाल
आधी आबादी नीतीश कुमार से प्रभावित होती हैं और क्या महिलाएं भी अब बंट गई हैं, इस सवाल पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि पूरे बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नीतीश कुमार जी ने जो काम किया, मुझे नहीं लगता कि किसी अन्य राज्य में इतनी तेजी से सशक्तिकरण हुआ होगा. पुलिसिंग को ही ले लीजिए, महिलाएं अब रायफल लेकर तैनात रहती हैं. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है. जीविका दीदी योजना को पूरे देश ने एडॉप्ट किया. पूरे बिहार में एक क्रांति हुई है. जो क्रांति जीविका दीदी के द्वारा पूरे बिहार में हुआ है, उसका कोई जवाब नहीं है. जिस बिहार की महिलाएं 2005 से पहले घर से निकलने से डरती थीं, आज बिहार की महिलाओं का सोच बदली है. उनको देखने का नजरिया बदला है. आज बिहार की महिलाएं अपने काम से ध्यान खींच रही हैं. पौने 3 करोड़ जीविका दीदियों के लिए 15 साल से नीतीश कुमार जी काम कर रहे हैं.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: एक भी मतदाता एसआईआर के खिलाफ नहीं- दिलीप जायसवाल
दिलीप जायसवाल ने कहा कि जब एसआईआर को लेकर बिहार की धरती पर कुछ लोग यात्रा कर रहे थे, एक भी मतदाता एसआईआर के खिलाफ नहीं था. कोई भी राजनीतिक दल जब यात्रा निकालेगा, तो उनके कार्यकर्ता निश्चित रूप से आएंगे. पूरी यात्रा में दल के लोग यात्रा में मौजूद रहे. किसी मतदाता का कोई रोष या किसी भी तरह का बयान नहीं आया. राहुल गांधी यात्रा से जाते ही सैर सपाटा पर निकल गए. कितने गंभीर थे वो. पहली बार देख रहा हूं कि एनडीए का जो कार्यकर्ता सम्मेलन हो रहा है, उसमें ज्यादा से ज्यादा महिलाएं आतीं. अगर एसआईआर का माहौल होता तो उसके नेता सैर सपाटे पर नहीं जाते.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: विकास के मुद्दे पर विपक्ष बात नहीं कर सकता- दिलीप जायसवाल
नीतीश कुमार को हटाने की विपक्ष की कोशिश क्या कामयाब होगी, इस सवाल के जवाब में दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार के लोग देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जिस तरह से विकास के काम हुए हैं, एक लंबी लकीर खींची गई है, उससे लगता नहीं कि विपक्ष विकास के मुद्दे पर कोई चर्चा करने की स्थिति में है.जनता सरकार को इसलिए चुनती है कि राज्य का विकास हो.
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave LIVE Update: मोदी बड़े भाई, नीतीश छोटे भाई, दिलीप जायसवाल का बड़ा बयान
इस चुनाव में भाजपा की क्या भूमिका होगी, इस सवाल पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि 2025 का चुनाव एनडीए चुनाव लड़ रही है. हम चट्टानी एकता के साथ एनडीए सरकार ने जो काम किया है, उसको लेकर वोटरों के पास जाएंगे. हमारा संगठन जितना जमीन के नीचे होता है, उतना उपर होता है. हमारे कार्यकर्ता दिन रात मेहनत कर रहे हैं. एक एक एनडीए प्रत्याशी को जिताने का काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि 2025 में एक नया फॉर्मूला आया है. बड़े भाई मोदी जी वहां हैं, नीतीश जी यहां हैं. देश के स्तर पर नरेंद्र मोदी जी हैं और बिहार में नीतीश जी हैं. नरेंद्र मोदी जी और नीतीश कुमार की जोड़ी पूरे देश भर के लिए है. आने वाले बिहार के चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने जा रहे हैं.
Abki Baar Kiski Sarkar Live Update: नेताओं से होंगे तीखे सवाल-जवाब
'Zee Media' के मंच पर सभी प्रमुख पार्टियों के नेता अपनी रणनीतियों पर बात करेंगे. इस दौरान उनकी बातों और वादों को सच्चाई की कसौटी पर कसा जाएगा. इस कार्यक्रम के जरिए आप बिहार चुनाव को गहराई से परख सकते हैं. तो 'Zee Media' से जुड़े रहें और देखते रहे 'अबकी बार किसकी सरकार?'
Bihar Chunav 2025 ZEE Media Conclave Highlights Update: बिहार में अबकी बार किसकी सरकार बनेगी, इसे लेकर 'Zee Media' आज यानी बुधवार (10 सितंबर) पटना में कॉन्क्लेव कर रहा है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल से इस कार्यक्रम की शुरुआत हुई. उनके अलावा इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, नेता-प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और नित्यानंद राय, विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी, बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार राम, पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, राजद से राज्यसभा सांसद संजय यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रेमचंद्र मिश्रा हिस्सा लेंगे.