)
Bihar Chunav 2025 Live Update: केवटी और जाले में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन
डॉ. दिलीप जायसवाल ने जनसभा में महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया. उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं घर से बाहर नहीं निकलती थीं, लेकिन आज वे पुलिस में राइफल लेकर ड्यूटी करती हैं और समाज की आधी आबादी के रूप में सशक्त हो रही हैं. उन्होंने बिजली मुफ्त करने और अपराध में कमी जैसे एनडीए सरकार के कार्यों का जिक्र किया. साथ ही, विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार आई तो जंगलराज लौट आएगा और महिलाएं फिर घरों में कैद हो जाएंगी. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से एनडीए उम्मीदवारों को जिताने और वोट काटने वालों से सावधान रहने की अपील की.
Bihar Chunav 2025 Live Update: केवटी और जाले में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन
दरभंगा जिले के केवटी और जाले विधानसभा क्षेत्रों में रविवार को एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ. इस दौरान बिहार बीजेपी अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल समेत कई मंत्री और स्थानीय विधायकों ने हिस्सा लिया. दोनों स्थानों पर डॉ. जायसवाल का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीविका दीदी गांवों के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने नीतीश कुमार की माई बहन योजना की तारीफ की, जिसमें महिलाओं के खाते में चार महीने का पैसा एकमुश्त जमा करने का वादा किया गया है. जायसवाल ने जोर देकर कहा कि बिहार का विकास केवल नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार ही सुनिश्चित कर सकते हैं.
Bihar Chunav 2025 Live Update: सीट शेयरिंग पर लोजपा का बयान
महनार विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन में पूर्व डिप्टी सीएम तारकेश्वर प्रसाद ने महागठबंधन और राजद पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि महागठबंधन के लोग सत्ता के लिए बेचैन हैं, लेकिन बिहार की जनता उनके पुराने शासन को नहीं भूली है और इस बार उनके झांसे में नहीं आएगी. एनडीए का लक्ष्य 225 सीटें जीतने का है, जिसे वो जरूर हासिल करेंगे. वहीं, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि एनडीए में सभी दल एकजुट हैं और उपराष्ट्रपति चुनाव के बाद सीट शेयरिंग की घोषणा हो जाएगी. उन्होंने कांग्रेस पर भी तंज कसते हुए कहा कि बिहार को अपमानित करने वाले लोग अब यहां रोड शो कर रहे हैं, लेकिन जनता उन्हें सबक सिखाएगी.
Bihar Chunav 2025 Live Update: एनडीए ने तेज की विधानसभा चुनाव की तैयारी
बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, एनडीए ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. वैशाली के महनार विधानसभा क्षेत्र में जंदाहा हाई स्कूल मैदान में एनडीए का एक बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ. इस सम्मेलन में बीजेपी, जदयू और लोजपा के कई बड़े नेता शामिल हुए. सभी नेताओं ने एकजुट होकर एनडीए की बड़ी जीत का दावा किया. कार्यकर्ताओं का जोश देखकर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने तो सभी 243 सीटें जीतने का दावा कर दिया. उन्होंने कहा कि एनडीए बिहार में फिर से मजबूत सरकार बनाएगी.
Bihar Chunav 2025 Live Update: 25 से 30, फिर से नीतीश- जेडीयू
जनता दल यूनाइटेड ने एक बार फिर से नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने का दावा किया. जेडीयू प्रवक्ता मनीष यादव ने कहा कि 2025 से 30 फिर से नीतीश, इसी संकल्प के साथ हम लोग काम कर रहे हैं. महागठबंधन के लोग बैठक पर बैठक कर रहे हैं, लेकिन कुछ भी तय नहीं हो पा रहा है. वहीं एनडीए गठबंधन के अंदर स्पष्ट और साफ है. नीतीश कुमार के नेतृत्व में आगे बढ़ाना है और सरकार बनाना है.
Bihar Chunav 2025 Live Update: महागठबंधन पर बीजेपी का वार
भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि एनडीए के अंदर सब कुछ साफ है. नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम लोग चुनाव लड़ेंगे. हमारा नेता तय है वहीं महागठबंधन के अंदर ना नेता है, ना अभिनेता तय है. ना कार्यकर्ता है. वहां कुछ भी तय नहीं है. वह लोग इसी तरीके से बैठक करते रहेंगे.
Bihar Chunav 2025 Live Update: 15 तारीख से पहले सब कुछ फाइनल हो जाएगा- राजद
महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने कहा कि महागठबंधन की ओर से लगातार बैठक चल रही है. मुद्दों पर बातचीत हो रही है. शनिवार को हुई बैठक में सभी बातों की चर्चा हुई. तेजस्वी यादव और गठबंधन के घटक दलों के नेता एक-दूसरे के साथ बातचीत कर रहे हैं. सब कुछ तय होने के बाद सभी लोगों को बता दिया जाएगा.
Bihar Chunav 2025 Live Update: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से महिलाएं खुश
घरेलू महिलाएं रोजगार कर सके और आत्मनिर्भर बन सकें, इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला रोजगार योजना की शुरुआत की है. इसकी तहत पहली किस्त में 10 हजार रुपये बिजनेस के लिए मिलेंगे और उसके अवलोकन के आधार पर दो लाख तक महिलाओं को मिलेगा. जिससे महिलाएं रोजगार को आगे बढ़ा सकेंगी. आज से आवेदन भरने के लिए पोर्टल खुल गया है. इसके लिए ऑफलाइन भी आवेदन भरे जा रहे हैं. जीविका दीदियों की मुखिया के पास महिलाएं पहुंच रही हैं और अपना फॉर्म भर रही हैं. इस योजना से महिलाएं काफी खुश हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जता रही हैं.
Bihar Chunav 2025 Live Update: गोपालगंज में एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार (07 सितंबर) को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की. इसके तहत परिवार के एक महिला को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे. आगे चलकर इन महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए 02 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है. महिला सशक्तिकरण में इसे बड़ा कदम माना जा रहा है.
Bihar Chunav 2025 Live Update: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार (07 सितंबर) को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की. इसके तहत परिवार के एक महिला को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे. आगे चलकर इन महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए 02 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है. महिला सशक्तिकरण में इसे बड़ा कदम माना जा रहा है.
Bihar Chunav 2025 Live Update: जम्मू-कश्मीर में अशोक स्तंभ को तोड़ने पर ललन सिंह का वार
जम्मू-कश्मीर में अशोक स्तंभ को तोड़ने की घटना पर जेडीयू सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा अशोक स्तंभ देश का प्रतीक है और इसको जिसने खंडित किया है, वह दंडित होगा.
Bihar Chunav 2025 Live Update: राजद विधायक के पति ने तेजस्वी की शादी पर उठाए सवाल
नवादा से राजद विधायिका विभा देवी के पति और पूर्व विधायक राजवल्लभ प्रसाद यादव ने राजद नेता तेजस्वी यादव की शादी पर सवाल उठाए हैं. राजवल्लभ ने कहा कि तेजस्वी यादव सिर्फ यादव वोट के लिए जाति की बात करते हैं. इस दौरान राजवल्लभ ने तेजस्वी की पत्नी राजश्री के हरियाणा से होने का जिक्र करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
Bihar Chunav 2025 Live Update: सीएम नीतीश आज सीवान को देंगे करोड़ों की सौगात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सीवान दौरा आज (रविवार, 07 सितंबर) है. सीएम नीतीश सीवान के पचरूखी प्रखंड के नारायणपुर और पपौर गांव आ रहे हैं. उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस दौरान मुख्यमंत्री करीब 558.35 करोड़ रुपये की नौ योजनाओं का शिलान्यास करेंगे. इनमें से अधिकांश योजनाओं की घोषणा जनवरी में प्रगति यात्रा के दौरान की गई थीं. शिलान्यास समारोह का आयोजन नारायणपुर गांव में होगा. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जीविका दीदियों, पेंशन लाभार्थियों, ममता एवं आशा के साथ संवाद करेंगे. इसके साथ ही वे पचरूखी बाइपास मोहम्मदपुर मोड़ से छपिया– टेढ़ीघाट – गोपालपुर पथ योजना के क्रियान्वयन का निरीक्षण करेंगे. पपौर में वे स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
Bihar Chunav 2025 Live Update: 10 सितंबर को दिल्ली में सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों की बैठक
चुनाव आयोग ने आगामी 10 सितंबर को दिल्ली में सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक बुलाई है. इसमें बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भी शामिल होंगे. जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर की गई कार्रवाई के संबंध में भी चर्चा होगी.
Bihar Chunav 2025 Highlights: बिहार विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. चुनावों को लेकर आगामी 10 सितंबर को राज्य निर्वाचन आयोग की दिल्ली में अहम बैठक होने वाली है. जानकारी के मुताबिक, इसमें बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर की गई कार्रवाई के संबंध में भी चर्चा होगी. संभावना जताई जा रही है कि इस बैठक के बाद कभी भी चुनावों की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है और इसी के साथ राज्य में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी. चुनावों को लेकर पटना में हलचल तेज हो गई है. सत्ताधारी गठबंधन चुनावों के ऐलान से पहले कुछ बड़े फैसलों को धरातल पर उतारने की कोशिश में लगा है. वहीं महागठबंधन की ओर से सीट शेयरिंग पर मंथन शुरू हो गया है.