)
Bihar Chunav 2025 Live Update: 'जनता ने मन बना लिया', पीएम मोदी की गारंटी पर NDA की जीत तय: दिलीप जायसवाल
पीएम मोदी के रोड शो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह रोड शो ऐतिहासिक था. उन्होंने कहा कि लोगों में जो जोश और सकारात्मकता दिखाई दी, उससे यह स्पष्ट है कि बिहार और पटना की जनता पीएम मोदी की गारंटी पर पूरी तरह विश्वास करती है. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि जनता ने मन बना लिया है कि वे बिहार में 'जंगलराज' को फिर से नहीं लाएंगे, और इसी विश्वास के दम पर एक बार फिर एनडीए सरकार बनेगी.
Bihar Chunav 2025 Live Update: पीएम मोदी जनप्रिय नेता हैं, रोड शो ने साबित किया: ललन सिंह
पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, "यह रोड शो था और आपने देखा कि पीएम मोदी के रोड शो में आम लोग कितने उत्साहित थे." उन्होंने विशेष रूप से ज़िक्र किया कि किस तरह लोग और महिलाएं प्रधानमंत्री की आरती उतार रही थीं. ललन सिंह ने इस जनसमर्थन को इस बात का प्रमाण बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भी देश के सबसे जनप्रिय नेता बने हुए हैं.
Bihar Chunav 2025 Live Update: पटना रोड शो त्योहार जैसा, NDA 200 से ज़्यादा सीटें जीतेगी: नितिन नवीन
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी और बिहार के मंत्री नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह अविश्वसनीय था. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपना प्यार बरसाने के लिए लोग भारी संख्या में घरों से बाहर निकल आए थे और यह पूरा माहौल एक त्योहार जैसा लग रहा था. नितिन नवीन ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि 2010 के विधानसभा चुनावों के परिणाम इस बार दोहराए जाएँगे, और एनडीए (NDA) 200 से अधिक सीटें जीतकर एक बड़ी जीत दर्ज करेगी.
Bihar Chunav 2025 Live Update: पीएम मोदी के रोड शो पर रविशंकर प्रसाद की प्रतिक्रिया
पटना में हुए प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो को लेकर बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह अनुभव अविश्वसनीय था. उन्होंने विशेष रूप से जिक्र किया कि रोड शो के दौरान महिलाओं ने जिस तरह से उन पर प्यार बरसाया और उनकी आरती उतारी, वह उनके लिए एक भावनात्मक पल था.
Bihar Chunav 2025 Live Update: महिलाओं ने उतारी पीएम मोदी की आरती, भावुक हुए प्रशंसक
पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के दौरान, सड़कों के साथ-साथ घरों की छतों और बालकनियों पर भी लोगों की भारी भीड़ जमा थी. इसी बीच, कुछ महिलाएं अपनी बालकनी से प्रधानमंत्री मोदी की आरती उतारती दिखाई दीं. एक महिला ने हाथ में जलते दीपक वाली थाली लेकर पीएम मोदी की गाड़ी की ओर आरती की. प्रधानमंत्री मोदी ने महिला की तरफ देखकर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया, जिसे देखकर बालकनी में खड़ी महिलाएं और प्रशंसक काफी भावुक हो गए.
Bihar Chunav 2025 Live Update: रोड शो में गूंजे 'वंदे मातरम' के नारे, ललन सिंह और दिलीप जायसवाल भी मौजूद
रोड शो के दौरान सड़कों पर जगह-जगह मौजूद लोगों ने "पीएम मोदी जिंदाबाद" और "वंदे मातरम" के नारे लगाए. इस दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और हाथ में पार्टी का चुनाव चिन्ह पकड़े हुए उसे लोगों को दिखाते हुए झुककर प्रणाम करते नजर आए. प्रधानमंत्री की गाड़ी में उनके साथ जेडीयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल भी मौजूद रहे, जो लगातार भीड़ का अभिवादन कर रहे थे.
Bihar Chunav 2025 Live Update: पीएम मोदी के रोड शो में भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो शाम को कदमकुआं के दिनकर चौक से शुरू हो चुका है. फूलों से सजी गाड़ी में बैठे पीएम मोदी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं और सड़क के दोनों ओर जमा उत्साहित भीड़ का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं. इस पूरे रास्ते में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों द्वारा 10 विशेष स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं. इन सभी पॉइंट्स पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया जा रहा है, जिसमें फूलों की जोरदार वर्षा, ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शामिल है.
Bihar Chunav 2025 Live Update: पटना में पीएम मोदी का विशाल रोड शो, 14 विधानसभा सीटों पर नजर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम को पटना में 2.8 किलोमीटर लंबा रोड शो करने के लिए पहुँचे. यह रोड शो शाम करीब 6 बजे दिनकर गोलबंदर से शुरू हुआ. बताया जा रहा है कि इस रोड शो के ज़रिए पीएम मोदी की कोशिश पटना की 14 विधानसभा सीटों के वोटरों को साधने की है. रोड शो के दौरान एनडीए (NDA) गठबंधन का ज़बरदस्त शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला. फूलों से सजी गाड़ी पर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जगह जेडीयू के नेता ललन सिंह पीएम मोदी के साथ दिखाई दिए.
Bihar Chunav 2025 Live Update: पीएम मोदी का विशाल रोड शो शुरू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रोड शो की शुरुआत राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके की. उनके साथ जेडीयू के नेता ललन सिंह और बीजेपी के नेता दिलीप जायसवाल भी खुली गाड़ी पर मौजूद हैं. रोड शो के मार्ग पर प्रधानमंत्री को देखने और उनका अभिवादन करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी है. यह रोड शो एक विशाल जनसमर्थन के बीच आगे बढ़ रहा है.
Bihar Chunav 2025 Live Update: ऐसे आदमी मछली ही पकड़ सकते हैं और कुछ नहीं- मांझी
पटना में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर कहा, 'कभी वो भारत की निंदा करते हैं कभी पीएम मोदी की मां को वो अपशब्द बोलते हैं और कभी छठ को ड्रामा कहते हैं तो ऐसे आदमी मछली ही पकड़ सकते हैं और कुछ नहीं.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: जंगलराज पर बोले पवन सिंह
पटना में भाजपा नेता और अभिनेता-गायक पवन सिंह ने कहा, '15 साल पहले का बिहार और आज के बिहार में आप खुद अंतर देख सकते हैं और बोलने वाले तो बोलेंगे ही. हमारा NDA परिवार विकास की राह पर है और हम जितना बोलते हैं उतना करते हैं.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: वैशाली में तेजस्वी यादव की जनसभा
वैशाली में महागठबंधन के सीएम चेहरे और बिहार की राघोपुर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा, 'हमारी सरकार बनते ही जिस परिवार के पास सरकारी नौकरी नहीं है, उस परिवार में एक लोग को सरकारी नौकरी दी जाएगी. भाई-बहन मान योजना लाया जाएगा और यही पर अच्छे अस्पताल, अच्छे सड़क, मुफ्त 200 यूनिट बिजली और आप सबको बिहार से कही बाहर न जाना पड़े इसके लिए स्कूल, कॉलेज सब चीज़े यही खोला जाएगा.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: बिहार की जनता का अंकगणित भी अच्छा- पीएम मोदी
नवादा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'बिहार की इस मिट्टी ने आर्यभट्ट जैसे महान गणितज्ञ पैदा किए. बिहार की जनता का अंकगणित भी अच्छा है, और सामान्य ज्ञान में भी उनका कोई मुकाबला नहीं है. ये चारा घोटाले वाले सोचते हैं कि बिहार वालों को चरा जाएंगे, जबकि इनकी रग रग की सच्चाई बिहार की जनता जानती है.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: आपके हक का ये सारा पैसा लूटकर वो अपनी तिजोरी भर लेते- पीएम मोदी
नवादा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'अगर यही जंगलराज वाले होते तो और उनके साथी कांग्रेस वाले होते तो आपके हक का ये सारा पैसा लूटकर वो अपनी तिजोरी भर लेते. ये मैं नहीं कह रहा हूं बल्कि कांग्रेस के एक पीएम ने कहा था कि दिल्ली से 1 रुपया निकलता है तो गांव तक पहुंचते-पहुंचते ये 1 रुपया 15 पैसा हो जाता है.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: आजाद भारत में पहली बार ऐसा हुआ है- पीएम मोदी
नवादा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'बीते 11 वर्षों में हमारी सरकार छोटे किसानों को कृषि नीति के केंद्र में लाई है. आजाद भारत में ये पहली बार ऐसा हुआ है. छोटे किसानों के लिए बैंक के दरवाजे तक बंद थे, मोदी ने किसानों के बैंक खाते खुलवाए. आज उसी बैंक खाते में पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा जमा होता है. बिहार के किसानों को अब तक करीब 30,000 करोड़ रुपये मिल चुके हैं. नवादा का भी आंकड़ा हम सबका गौरव बढ़ाने वाला है. यहां के 2 लाख किसानों के खाते में 650 करोड़ रुपए जमा हो चुके हैं. ये सारा पैसा बिना तट कमीशन के किसानों के खाते में जमा हुआ है.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: पीएम मोदी ने आरजेडी पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने नवादा रैली में आरजेडी पर हमला करते हुए कहा कि ये चारे वाले सोचते हैं कि बिहार की जनता को चरा जाएंगे. जबकि इनकी रग-रग की सच्चाई बिहार की जनता भली भांति जानती है. आरजेडी हो या कांग्रेस ये सिर्फ दो परिवारों के इर्दगिर्द सिमटी हुई पार्टियां. एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार, दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट परिवार. अब इनके परिवारों में ही घमासान छिड़ गया है. जंगलराज के युवराज को लगता है कि कांग्रेस के युवराज की पदयात्रा ने उन्हें ही पैदल कर दिया है. सीएम पद के लिए हामी तक नहीं भरी. इसके बाद आरजेडी ने कांग्रेस को सबक सिखाने की ठान ली. फिर पूरे देश ने देखा है कि कैसे आरजेडी ने बिहार कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ ही अपना उम्मीदवार उतार दिया. आजकल ये दोनों दल एक दूसरे के बाच नोचने में जुटे हैं. खबर तो ये है कि हर बूथ पर कांग्रेस के लोगों ने आरजेडी को हराने की ठान ली है. 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान संपन्न होते ही कांग्रेस-आरजेडी वाले एक-दूसरे का माथा फोड़ देंगे.
Bihar Chunav 2025 Live Update: नवादा में पीएम को किया गया सम्मानित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार के नवादा में एक सार्वजनिक रैली के दौरान सम्मानित किया गया.
Bihar Chunav 2025 Live Update: राहुल गांधी ने तालाब में लगाई छलांग
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बेगूसराय में तालाब में छलांग लगाई और मछली पकड़ने की पारंपरिक प्रक्रिया में भाग लिया. VIP प्रमुख और महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी, कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार और अन्य भी मौजूद रहे.
Bihar Chunav 2025 Live Update: आरजेडी-कांग्रेस वाले हमारी आस्था-धरोहर का अपमान करने में एक्सपर्ट- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आरजेडी-कांग्रेस वाले हमारी आस्था, हमारी धरोहर का अपमान करने में एक्सपर्ट हैं. आरजेडी के लोगों ने प्रयागराज के महाकुंभ को फालतू कहा था. अभी हमने देखा कि कैसे कांग्रेस के नामदार ने हमारे छठ महापर्व को नौटंकी-ड्रामा बताया. हमारी आस्था का अपमान करने वालों को बिहार कभी माफ नहीं करेगा. बिहार के विकास की रफ्तार रुकने नहीं देना है. छठ पूजा पर आए मतदाताओं से वोट करने की अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले मतदान-फिर जलपान. हमारे एनडीए के उम्मीदवारों को विजयी बनाइए.
Bihar Chunav 2025 Live Update: कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब आंबेडकर का अपमान किया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 5 सालों में यहां उद्योगों का तेज गति से विस्तार होगा. एनडीए सरकार विकास और विरासत दोनों को महत्व देते हुए आगे बढ़ रही है. हमने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जन्मस्थली को विकसित किया. अब हमारी सरकार बाबू वीरकंवर सिंह जी की जन्मस्थली का कायाकल्प करने जा रही है. जिन व्यक्तित्वों ने अपना जीवन राजकीय सेवा में लगा दिया. कांग्रेस-आरजेडी कभी उन्हें सम्मान नहीं दे सकती. कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब आंबेडकर का अपमान किया, क्योंकि उनकी लोकप्रियता कांग्रेस के शाही परिवार से बड़ी हो रही थी. फिर कांग्रेस ने बाबू जगजीवन राम का अपमान किया, क्योंकि कांग्रेस के शाही परिवार की राजनीति को उनसे खतरा लगने लगा था. इतना ही नहीं कांग्रेस ने हमारे सीताराम केसरी जी को भी बेइज्जती किया, क्योंकि कांग्रेस अध्यक्ष पद पर उन्हें कोई और मंजूर नहीं था.
Bihar Chunav 2025 Live Update: निवेशकों को लालटेन, लालझंडा दिखेगा, तो वो...- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि रोहतास जिले में डालमिया नगर है. ये कस्बा अंग्रेजों के जमाने से एशिया का सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल एरिया हुआ करता था. फिर कांग्रेस, लाल झंडा और आरजेडी के जंगलराज ने डालमिया नगर को तबाह कर दिया. यहां चीनी मिल थी, सीमेंट फैक्ट्री थी, कागज की फैक्ट्री थी. लेकिन जंगलराज में मिलों में ताले लग गए, कारखाने बंद हो गए. हजारों लोग बेरोजगार हो गए, पलायन को मजबूर हो गए. जिनका रिकॉर्ड फैक्ट्रियों में ताले लगाने का हो, वो क्या नए उद्योग लगा सकते हैं. जब निवेशकों को लालटेन, लालझंडा दिखेगा, तो वो यहां पैसा लगाएगा क्या? निवेश और नौकरी सिर्फ और सिर्फ एनडीए ही ला सकती है. बक्सर में इतना बड़ा बिजली का कारखाना बन गया है, रघुनाथपुर में सीमेंट कारखाना बन रहा है. दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों ने यहां निवेश करना शुरू कर दिया है.
Bihar Chunav 2025 Live Update: ये घुसपैठियों को बचाने के लिए तन-मन से जुटे हैं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आरजेडी अगर बिहार में जंगलराज लाई, तुष्टिकरण की राजनीति लाई, तो कांग्रेस की पहचान सिखों के कत्लेआम से जुड़ी है. ये 1984 में एक और 2 नवंबर की तारीख थी. जब दिल्ली और देश के कई भागों में कांग्रेस के लोगों ने सिख नरसंहार किया था. आज भी कांग्रेस सिख नरसंहार के गुनहगारों को पूरे सम्मान के साथ अपनी पार्टी में नए-नए ओहदे दे रही है. कांग्रेस हो या आरजेडी, इन्हें अपने पाप का कोई पछतावा नहीं है. तुष्टिकरण की इस राजनीति में कांग्रेस-आरजेडी के लोग बिहार की पहचान खत्म करने में जुटे हैं. ये लोग बिहार में घुसपैठियों के समर्थन में यात्राएं कर रहे हैं. ये घुसपैठियों को बचाने के लिए तन-मन से जुटे हैं. क्या घुसपैठियों को अपने भविष्य का निर्णय करने देंगे. इनको हटाना चाहिए या नहीं? इनके इरादे बहुत खतरनाक है. इसलिए आपको आरजेडी-कांग्रेस वालों से बहुत सावधान रहना है. ये लोग सिर्फ और सिर्फ जंगलराज की पाठशाला में पढ़कर निकले हैं. जिनकी ट्रेनिंग ही जंगलराज की रही है, वो बिहार को बर्बाद करने के अलावा कुछ नहीं कर सकते.
Bihar Chunav 2025 Live Update: आरजेडी ने यहां जातीय दंगे करवाए- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि 2005 से पहले आरजेडी ने यहां जातीय दंगे करवाए. दलितों, महादलितों, अतिपिछड़ों के बच्चों को माओवादी की आग में झोंक दिया और आज ये लोग बिहार का विकास करने की हिम्मत दिखाते हैं. नवंबर, 2004 में यहां की तरारी ब्लॉक की एक डिस्पेंसरी में एक डॉक्टर साहब बच्चों को पोलिया की ड्रॉप पिलाने में व्यस्त थे. देर शाम घर के लिए निकले तो रास्ते में हथियार बंद लोगों ने उनका अपहरण कर लिया. जंगलराज के दौरान ऐसे ही 37 हजार लोगों का अपरहण हुआ था. दूसरों का जीवन बचाने वाले डॉक्टरों को अपना जीवन बचाने के लिए बॉडीगार्ड लेकर चलना पड़ा था. नीतीश जी और एनडीए सरकार बहुत मुश्किल से बिहार को उस दौर से निकालकर लाए हैं.
Bihar Chunav 2025 Live Update: आरजेडी ने यहां जातीय दंगे करवाए- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि 2005 से पहले आरजेडी ने यहां जातीय दंगे करवाए. दलितों, महादलितों, अतिपिछड़ों के बच्चों को माओवादी की आग में झोंक दिया और आज ये लोग बिहार का विकास करने की हिम्मत दिखाते हैं. नवंबर, 2004 में यहां की तरारी ब्लॉक की एक डिस्पेंसरी में एक डॉक्टर साहब बच्चों को पोलिया की ड्रॉप पिलाने में व्यस्त थे. देर शाम घर के लिए निकले तो रास्ते में हथियार बंद लोगों ने उनका अपहरण कर लिया. जंगलराज के दौरान ऐसे ही 37 हजार लोगों का अपरहण हुआ था. दूसरों का जीवन बचाने वाले डॉक्टरों को अपना जीवन बचाने के लिए बॉडीगार्ड लेकर चलना पड़ा था. नीतीश जी और एनडीए सरकार बहुत मुश्किल से बिहार को उस दौर से निकालकर लाए हैं.
Bihar Chunav 2025 Live Update: कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुसंस्कार, कुशासन और करप्शन, जंगलराज की पहचान- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ एनडीए का सुशासन है और दूसरी तरफ जंगलराज का कुशासन है. जंगलराज वो अंधेरा था, जिसने बिहार को धीरे-धीरे खोखला कर दिया. आरजेडी के जंगलराज की पहचान जिन चीजों से होती है, वो कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुसंस्कार, कुशासन और करप्शन. मैं सोशल मीडिया पर एक बिटिया का वीडियो देख रहा था. वो बेटी बोली कि यहां जब कुछ महीने के लिए आरजेडी सरकार में शामिल हुई थी, तो बिटिया ने जंगलराज का ट्रेलर देख लिया था. बिटिया से छेड़खानी, व्यापारियों से लूटपाट-रंगदारी, मौका मिलते ही आरजेडी वाले मैदान में उतर आते हैं.
Bihar Chunav 2025 Live Update: आरजेडी ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर...- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज विकसित बिहार के संकल्प के साथ पूरा एनडीए एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और आरजेडी में घमासान मचा हुआ है. नामांकन वापिस लेने से एक दिन पहले बिहार में बंद कमरे में गुंडागर्दी का खेल खेला गया था. आज एक अंदर की बात बताता हूं, कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि सीएम पद पर आरजेडी के नेता का नाम तय हो, लेकिन आरजेडी ने भी मौका छोड़ा नहीं. आरजेडी ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर सीएम पद चोरी कर लिया. घोषणा करवा कर रहे. आजरेडी-कांग्रेस में झगड़ा भयंकर बढ़ गया है. ना घोषणा पत्र में कांग्रेस की सुनी गई, ना प्रचार में उनकी पूछ हो रही है. चुनाव के बाद ये एक-दूसरे का सिर फोड़ने लगेंगे. ऐसे लोग बिहार का भला कभी नहीं कर सकते.
Bihar Chunav 2025 Live Update: कांग्रेस-आरजेडी को पसंद नहीं आया ऑपरेशन सिंदूर- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि 'वन रैंक वन पेंशन' में सैनिकों को एक लाख करोड़ रुपये मिल चुके हैं. बिहार के सैनिक परिवारों को भी सैकड़ों करोड़ की मदद मिल चुकी है. मैंने जम्मू-कश्मीर से 370 गिराने की गारंटी थी. आजादी के 70 साल के बाद ये काम हुआ. आज जम्मू-कश्मीर में भी भारत का संविधान पूरी तरह लागू हो रहा है. मोदी ने ये भी कहा है कि अब भारत आतंकियों को घर में घुसकर मारेगा. हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर हुआ, हमने फिर से अपनी गारंटी पूरी करके दिखाई. ऑपरेशन से आपका माथा ऊंचा हुआ, आपका सीना चौड़ा हुआ. आपको गर्व हुआ, माथा ऊंचा हुआ, लेकिन कांग्रेस-आरजेडी को ये बिल्कुल पसंद नहीं आया. धमाके पाकिस्तान में हो रहे थे और नींद कांग्रेस के शाही परिवार की उड़ी हुई थी. आजतक पाकिस्तान और कांग्रेस के नामदार दोनों ही ऑपरेशन सिंदूर के सदमे से बाहर नहीं निकल पाए.
Bihar Chunav 2025 Live Update: जंगलराज के लोगों, मत भूलो यह पब्लिक है, सब जानती है- पीएम मोदी
भोजपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'एक तरफ NDA का ईमानदार घोषणापत्र है, दूसरी तरफ जंगलराज वाले हैं, उन्होंने अपने घोषणापत्र को झूठ, छल-कपट, लोगों की आंखों में धूल झोंकने वाला दस्तावेज बना दिया है. जंगलराज के लोगों, मत भूलो यह पब्लिक है, यह सब जानती है.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: बिहार की जनता NDA को रिकॉर्ड सीटें देने जा रही है- PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोजपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'इस बार बिहार की जनता NDA को रिकॉर्ड सीटें देने जा रही है, ये जंगलराज वाले इस बार सबसे करारी हार का रिकॉर्ड बनाने वाले हैं क्योंकि बिहार की पुरानी पीढ़ी और अब नई पीढ़ी ने ठान लिया है फिर एक बार NDA सरकार.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: विकसित बिहार, विकसित भारत का आधार- पीएम मोदी
आरा, भोजपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'विकसित बिहार, विकसित भारत का आधार है. जब मैं विकसित बिहार की बात करता हूं, तो इसका मतलब है बिहार का औद्योगिक विकास, बिहार के युवाओं को बिहार में ही रोज़गार है. आरा के इस मंच से मैं कहता हूं कि आपका सपना ही हमारा संकल्प है.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: थोड़ी देर में आरा में जनसभा को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
विधानसभा चुनाव को लेकर हर राजनीतिक पार्टी अपनी-आप की जमीन मजबूत करने में लगी हुई है, क्योंकि महज कुछ दिन से रह गए हैं. जब बिहार के नई सरकार के गठन का फैसला बिहार की जनता करेगी. इसी कड़ी में आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरा पहुंचेंगे और इस इलाके के सभी एनडीए गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में जनता से मतदान करने की अपील करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन सहित एसपीजी ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है, ताकि किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं हो. वहीं माना यह जा रहा है कि देश के कई बड़े नेता इस आम सभा में शामिल होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन महज कुछ ही देर में आरा के मझौआ हवाई अड्डे पर होगा और वह जनसभा को संबोधित करेंगे. सभा स्थल पूरी तरह से तैयार हो गई है. वहीं भारी भीड़ उमड़ती हुई दिखाई दे रही है.
Bihar Chunav 2025 Live Update: इसके लिए भाजपा ज़िम्मेदार- सचिन पायलट
पटना में कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में JDU के मोकामा प्रत्याशी अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर कहा, 'जो हत्या हुई है, वह इस सरकार की नाक के नीचे हुई है, तो कौन ज़िम्मेदार है? जिस गुंडाराज बात करते हैं, जो लूटपाट, अपहरण, हत्याएं हो रही हैं, उसके लिए कौन ज़िम्मेदार है? ये पूरा माहौल बना दिया गया है जहां सबको लूटपाट की छूट है, किसके शासन में ये हो रहा है? इसके लिए भाजपा ज़िम्मेदार है.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: बिहार में क्या है, समस्त देश देख रहा है- संजय यादव
अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर NDA के नेताओं की चुप्पी पर राज्यसभा सांसद संजय यादव ने कहा विधि व्यवस्था का मामला पूरे बिहार में क्या है, यह समस्त देश देख रहा है. आरा में पिता-पुत्र की हत्या हुई. रोहतास में कई राउंड गोलियां चली. अखबार खून से सने हुए हैं. कोई भी अखबार का पेज उठा कर देख लीजिए अपराधी घटनाओं का जिक्र मिलेगा. बीजेपी और NDA के लिए आत्ममंथन और चिंतन का विषय है. तेजस्वी यादव ने हर हफ्ते क्राइम बुलेटिन जारी किया है और उसको बिहार सरकार ने प्रमाणित भी किया है. 2023 की एनसीआरबी की रिपोर्ट देखेंगे, उनमे में पांच राज्य है और उन पांचो राज्यों भाजपा शासित राज्य हैं. बिहार अपराध गरीबी और पलायन में टॉप पर है. साक्षरता दर में सबसे नीचे है. उद्योग धंधे सबसे कम बिहार में है या 20 वर्षों की सरकार में है. प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, पूरे देश के भाजपा शासित मुख्यमंत्री, मंत्री, केंद्र मंत्री यह सब बिहार में डेरा जमाये हुआ है. 17 महीने के लिए जब तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री थे, तो उन्होंने एक लकीर खींची की कैसे नौकरी दी जाती है. 2020 में उन्होंने 10 लाख नौकरियां की घोषणा की तो लोग उसे असंभव बताते थे. बजट कहां से आएगा इसको लोग प्रश्न उठते थे लेकिन तेजस्वी यादव ने मात्र 17 महीना में करके दिखाया.
Bihar Chunav 2025 Live Update: यह कार्रवाई बिहार सरकार ने नहीं की है- मीसा भारती
पटना में RJD सांसद मीसा भारती ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में JDU के मोकामा प्रत्याशी अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर कहा, 'लोगों ने मोकामा की घटना देखी, हमने 60 गाड़ियों का काफिला देखा और कैसे उन्होंने मोकामा के बाजार में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया. ऐसा लगता है कि यह कार्रवाई बिहार सरकार ने नहीं की है, चुनाव आयोग जो काम करते आया है उसपर उन्हें थोड़ी सी शर्म आई है. इसलिए ये कार्रवाई कराई गई है. यह कार्रवाई विपक्ष, खासकर बिहार की जनता के दबाव में की गई है.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: सरकार अपराधियों को संरक्षण देती, तो कल रात कार्रवाई नहीं होती- चिराग पासवान
पटना में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने RJD नेता तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'अगर सरकार अपराधियों को संरक्षण देती, तो कल रात हुई कार्रवाई नहीं होती. हमारी सरकार में एक बात पर स्पष्ट है, और जैसा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहते हैं, हम न तो किसी को फंसाते हैं और न ही बचाते हैं. इसलिए, यह न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है. किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा; सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. जैसे ही तथ्य और सबूत मिलते हैं, तुरंत कार्रवाई होगीा. हम खरमास का इंतज़ार नहीं करेंगे. हमारी सरकार में, हम यह सुनिश्चित करते हैं कि न्याय में देरी न हो. इतना (तेजस्वी यादव का) अहंकार ठीक नहीं है.' प्रधानमंत्री के बिहार दौरे पर उन्होंने कहा, 'जब भी प्रधानमंत्री आते हैं, हमारे गठबंधन को फायदा होता है. केंद्र में प्रधानमंत्री और राज्य में मुख्यमंत्री, इन दोनों की जोड़ी बिहार को विकसित बिहार बनाएगी.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: नित्यानंद राय ने RJD पर साधा निशाना
पटना में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, 'तेजस्वी यादव जानते हैं कि उनके सभी लोग, खुद तेजस्वी यादव सहित उनके सभी नेता, अपराधियों को संरक्षण देने वाले लोग हैं. जब 1990 से 2005 तक जंगलराज था, तो अपराधियों को हर जगह संरक्षण मिला. अपराध की स्थिति ऐसी थी कि नरसंहार, बलात्कार, हत्या, जातीय उन्माद, डकैती जैसे अपराध करने वाले लोग राजद के मंत्रियों के घरों में शरण लेते थे. अपराधियों को संरक्षण देना, परिवारवाद करना, गरीबों की जमीन हड़पना, यह सब राजद के स्वभाव में है.'
Bihar Chunav 2025 Live Update: आज चढ़ेगा समस्तीपुर का सियासी पारा
बिहार चुनाव को लेकर समस्तीपुर में सियासी पारा आज सातवें आसमान पर देखने को मिलेगा. आज एनडीए औरल महागठबंधन की ओर से तमाम दिग्गज नेताओं की जिले में जनसभाएं होने वाली हैं. लोजपा-रामविलास प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान आज एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा करेंगे. उनके साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी सभा में शामिल होंगे. लोजपा रामविलास के जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार सिंह उर्फ हीरा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चिराग पासवान आज उजियारपुर विधानसभा के दलसिंहसराय स्थित बाजार समिति प्रांगण में एनडीए से रालोमो उम्मीदवार प्रशांत पंकज के पक्ष में सभा कर वोट की अपील करेंगे. दूसरी जनसभा दोपहर 12:30 बजे मोहीउद्दीननगर विधानसभा के पटोरी में एनडीए से भाजपा उम्मीदवार राजेश कुमार सिंह के समर्थन में होगी. वहीं महागठबंधन के पक्ष में जनसभा को संबोधित करने यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव सरायरंजन विधानसभा में महागठबंधन प्रत्याशी अरविंद कुमार सहनी के लिए अख्तियारपुर मैदान में जनसभा को करेंगे संबोधित.
Bihar Chunav 2025 Live Update: बिहार में 'जंगलराज' नहीं बल्कि 'राक्षसराज'- इरफान अंसारी
बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के प्रचार अभियान को गति देने के लिए झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र पहुंचे. उन्होंने कई इलाकों में जाकर महागठबंधन प्रत्याशी उमैर खान के पक्ष में वोट देने की अपील की.इस दौरान कांग्रेस पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने एनडीए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा प्रहार किया.इरफान अंसारी ने कहा कि एनडीए ने एक मिनट में मेनिफेस्टो जारी किया ऐसा चुनावी मजाक पहले कभी नहीं देखा गया. भारतीय जनता पार्टी ने नीतीश कुमार को पूरी तरह से बौना बना दिया है. आज नीतीश कुमार भाजपा के सामने खुलकर बोल भी नहीं सकते. उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार को भाजपा और नीतीश कुमार की सरकार ने गहरे गड्ढे में धकेल दिया और अब उस गड्ढे को महागठबंधन 10 दिनों में भरने का संकल्प रखता है. झारखंड के मंत्री ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा भाजपा के लोग कहते है कि बिहार में जंगलराज है लेकिन सच्चाई यह है कि बिहार में जंगलराज नहीं बल्कि भाजपा ने ‘राक्षसों का राज’ पैदा किया है. उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार महागठबंधन को मौका दें, ताकि बिहार को भ्रष्टाचार और भय के अंधकार से बाहर निकाला जा सके. इरफान अंसारी ने कहा कि अगर हम इस बार भाजपा के इस राज से मुक्ति नहीं दिला सके तो आने वाली पीढ़ी हमें कभी माफ नहीं करेगी.
Bihar Chunav 2025 Live Update: यह चुनाव किसी प्रत्याशी की जीत-हार का नहीं- अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को समस्तीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव किसी एक प्रत्याशी की जीत-हार का चुनाव नहीं है, बल्कि इस चुनाव से यह तय करना है कि बिहार किसके हाथ में रहेगा. बिहार 15 सालों तक जंगलराज फैलाने वाले हाथों में रहेगा या 20 साल तक सुशासन देने वाले एनडीए के हाथ में रहेगा.
Bihar Chunav 2025 Live Update: फुलपरास में सीएम मोहन यादव की जनसभा आज
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव का फोकचाहा गांव में चुनावी सभा को करेंगे संबोधित. फुलपरास विधानसभा के जदयू प्रत्याशी शीला मंडल के लिए मांगेंगे वोट.
Bihar Chunav 2025 Live Update: दुलारचंद हत्याकांड में JDU प्रत्याशी अनंत सिंह गिरफ्तार
दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में पटना पुलिस ने 01 नवंबर की देररात बड़ी कार्रवाई करते हुए इस मामले के मुख्य आरोपी और मोकामा से जेडीयू प्रत्याशी अनंत कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में यह बड़ी कार्रवाई की गई हैय अनंत सिंह पर कार्रवाई से पहले बाढ़ अनुमंडल में बड़ी संख्या में प्रशासनिक फेरबदल की गई थी. बाढ़ के एसडीओ चंदन कुमार और एसडीपीओ 1 राकेश कुमार को यहां से हटा दिया गया था. इसके साथ ही एसडीपीओ 2 अभिषेक कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है.
Bihar Chunav 2025 Live Update: बेगूसराय-खगड़िया में राहुल गांधी करेंगे जनसभाएं
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज बिहार के चुनावी समर में उतरने वाले हैं. राहुल गांधी आज बेगूसराय और खगड़िया की जनता को संबोधित करने वाले हैं. इसके बाद राहुल गांधी 04 नवंबर को गयाजी की वजीरगंज सीट और औरंगाबाद के कुटंबा विधानसभा क्षेत्र में जनसभाएं करेंगे.
Bihar Chunav 2025 Live Update: बिहार चुनाव में आज फिर उतरेंगे PM मोदी
बिहार चुनाव के बीच आज रैलियों का सुपर संडे है. बिहार चुनाव में पीएम मोदी और राहुल गांधी आज एक बार फिर से आमने-सामने आने वाले हैं. पीएम मोदी आज आरा और नवादा में एक-एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं. इसके बाद शाम को पटना में 1.6 किलोमीटर रोड शो करेंगे. जानकारी के मुताबिक, शाम 5 बजे पीएम मोदी पटना के दिनकर गोलंबर से अपना रोडशो शुरू करेंगे और गांधी मैदान के पास उद्योग भवन तक जाएंगे. पीएम का रोडशो नाला रोड, ठाकुरबाड़ी, बारी पथ और बाकरगंज होकर गुजरेगा. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
Bihar Chunav 2025 Highlights: बिहार चुनाव के बीच आज रैलियों का सुपर संडे है. बिहार चुनाव में पीएम मोदी और राहुल गांधी आज एक बार फिर से आमने-सामने आने वाले हैं. पीएम मोदी आज आरा और नवादा में एक-एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं. इसके बाद शाम को पटना में 1.6 किलोमीटर रोड शो करेंगे. जानकारी के मुताबिक, शाम 5 बजे पीएम मोदी पटना के दिनकर गोलंबर से अपना रोडशो शुरू करेंगे और गांधी मैदान के पास उद्योग भवन तक जाएंगे. पीएम का रोडशो नाला रोड, ठाकुरबाड़ी, बारी पथ और बाकरगंज होकर गुजरेगा. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पीएम मोदी के अलावा गृहमंत्री अमित शाह भी बिहार में हैं. शाह आज 4 बड़ी रैलियों को संबोधित करने वाले हैं. वहीं दूसरी ओर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज बिहार के चुनावी समर में उतरने वाले हैं. राहुल गांधी आज बेगूसराय और खगड़िया की जनता को संबोधित करने वाले हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव भी ताबड़तोड़ रैलियां करने वाले हैं.