)
PM Modi Bihar Visit Live Update: 'रोजमर्रा की चीजों पर जीएसटी में बड़ी कमी की गई है'- पीएम मोदी
कांग्रेस और राजद वाले आपके परिवार के लिए कभी चिंता नहीं करेंगे, लेकिन मोदी के लिए आप ही मोदी का परिवार है. इसलिए मोदी कहता है सबका साथ सबका विकास. ये लोग कहते हैं, उनके परिवार का साथ और उनके परिवार का विकास. मोदी आपके घर की चिंता करता है. आने वाले दिनों में कई पर्व आने वाले हैं. इस बार दीवाली और छठ से पहले गरीबों के लिए बड़ा उपहार दिया है. अब से ठीक हफ्ते भर बाद से 22 सितंबर से देश में जीएसटी एकदम कम हो जाएगी. आपकी रोजमर्रा की चीजों पर जीएसटी में बड़ी कमी की गई है. मैं खासतौर से बताना चाहता हूं कि आपकी रसोई का खर्च कम होने वाला है. घी और खाने की कई चीजों की कीमतें घट जाएंगी. बच्चों के लिए नए कपड़े और जूते खरीदना आसान हो जाएगा. जब गरीब की चिंता करने वाली सरकार होती है, तब ऐसे ही फैसले लिए जाते हैं. आपरेशन सिंदूर में हमने दुश्मन को अपनी ताकत दिखाई है. इसमें पूर्णिया के बेटे की भी बड़ी भूमिका रही है. हमें बिहार के विकास अभियान को इसी तरह गति देनी है.
PM Modi Bihar Visit Live Update: 'महिलाएं राज्य में क्रांति कर रही हैं'- पीएम मोदी
कांग्रेस और राजद पिछले 2 दशक से राज्य की सत्ता से बाहर हैं. इसमें सबसे बड़ी भूमिका बिहार की माताएं और बहनें हैं. राजद के दौर में हत्या, बलात्कार की भुक्तभोगी सबसे अधिक यहां की माताएं और बहनें रही हैं. आज उनकी स्थिति बदल गई है. अब लखपति दीदी, ड्रोन दीदी बन रही हैं. महिलाएं राज्य में क्रांति कर रही हैं. पूरे देश के लिए बिहार प्रेरणा है. आज भी यहां 500 करोड़ रुपये का कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड जारी किया गया है.
PM Modi Bihar Visit Live Update: 'जो भी घुसपैठिए हैं बाहर जाना पड़ेगा'- पीएम मोदी
क्या कांग्रेस और राजद वाले मुफ्त इलाज और मुफ्त अनाज की सुविधा दे पाते. घुसपैठियों के कारण सीमांचल के कई जिलों में डेमोग्राफी का खतरा पैदा हो गया है. लोग अपनी बहन और बेटियों की सुरक्षा के लिए चिंतित हैं, लेकिन वोटबैंक के चलते कांग्रेस और राजद के लोग उन्हें बचाने में लगे हुए हैं. नारे लगा रहे हैं, यात्राएं निकाल रहे हैं. ये लोग बिहार की सुरक्षा और अस्मिता दोनों को दांव पर लगा रहे हैं. मैं पूर्णिया की धरती से एक बात अच्छी तरह समझा देना चाहता हूं, जरा कान खोलकर सुन लोग कांग्रेस और राजद वालों, जो भी घुसपैठिया है, उसे बाहर जाना ही होगा. यह एनडीए की पक्की जिम्मेदारी है. जो घुसपैठियों को बचाने के लिए मैदान में डटे हैं, मैं उन्हें चुनौती देता हूं, हम उन्हें हटाने का काम करते रहेंगे. भारत में भारत का कानून चलेगा. घुसपैठियों की मनमानी नहीं चलेगी. यह मोदी की गारंटी है. घुसपैठियों पर कार्रवाई होगी और देश इसका अच्छा परिणाम देखकर रहेगा.
PM Modi Bihar Visit Live Update: बिहार की तुलना बीड़ी से कर बिहार को बदनाम करने पर तुले हुए हैं- पीएम मोदी
बिहार के किसानों के पास आय का एक साधन मखाने की खेती भी रही है. पिछली सरकारों ने इस बात को नजरंदाज कर दिया था. आजकल ये लोग मखाना मखाना कर रहे हैं, लेकिन मेरी सरकार ने राष्ट्रीय मखाना बोर्ड बनाने के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाकर मखाने की उपज बढ़ाने पर काम किया जाएगा. बिहार के काम की ये गति और प्रगति कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है. कुछ लोगों ने बिहार को धोखा दिया, उनको ये बातें पच नहीं रही है. बिहार के राजगीर में हॉकी का एशिया कप जैसा बड़ा आयोजन हुआ. मेड इन बिहार रेल इंजन अफ्रीका तक जा रहा और यह बात कांग्रेस और राजद को पच नहीं रहा है. बिहार जब आगे बढ़ता है, तब ये लोग प्रपंच रचने लगते हैं. बिहार की तुलना बीड़ी से कर बिहार को बदनाम करने पर तुले हुए हैं. ऐसी मानसिकता वाले लोग कभी बिहार का भला नहीं कर सकते. जिनकी अपनी तिजोरी भरने की चिंता हो, वे राज्य का विकास क्या करेंगे.
PM Modi Bihar Visit Live Update: पीएम मोदी का पूर्णिया में संबोधन
देश के विकास के लिए बिहार का विकास होना जरूरी है तो बिहार के विकास के पूर्णिया का विकास होना जरूरी है. राजद और कांग्रेस ने बिहार के विकास पर ध्यान नहीं दिया लेकिन एनडीए सरकार लगातार विकास के काम करा रही है. हमारी डबल इंजन की सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने को प्रतिबद्ध है.
PM Modi Bihar Visit Live Update: पीएम मोदी का पूर्णिया में संबोधन
पूर्णिया एयरपोर्ट टर्मिनल की बिल्डिंग रिकॉर्ड 5 महीने से कम समय में बनाई गई है. नए एयरपोर्ट की वजह से पूर्णिया देश के एविएशन मैप पर आ गया है. एनडीए सरकार की ओर से पूरे क्षेत्र को आधुनिक और हाइटेक रेल सेवाओं से जोड़ा जा रहा है. आज भी मैंने वंदे भारत, अमृत भारत और पैसेंजर ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई है और कई रेल लाइनों का शिलान्यास किया गया है.
PM Modi Bihar Visit Live Update: पीएम मोदी का पूर्णिया में संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया में देरी से पहुंचने के लिए जनता से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि कोलकाता के कार्यक्रम में समय लगने के कारण देरी हुई, फिर भी इतनी बड़ी संख्या में लोग उनका स्वागत करने आए. इसके लिए उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया और फिर से क्षमा मांगी. आज बिहार के विकास के लिए 4,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया. रेल, हवाई अड्डा, बिजली और पानी से जुड़ी ये योजनाएं सीमांचल के सपनों को पूरा करेंगी. चार लाख से अधिक लोगों को पीएम आवास योजना के तहत पक्के घर दिए गए. धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा से पहले अपने घर में प्रवेश करना परिवारों के लिए सौभाग्य की बात है. पीएम ने इन परिवारों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने वादा किया कि हर बेघर परिवार को पक्का घर मिलेगा, यह 'मोदी की गारंटी' है. पिछले 11 सालों में सरकार ने 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बनवाए हैं और अब 3 करोड़ नए घर बनाने का काम जारी है. जब तक हर गरीब को घर नहीं मिल जाता, सरकार रुकेगी नहीं. गरीबों की सेवा ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है. आज इंजीनियर्स डे पर पीएम ने सर एम. विश्वेश्वरैया को याद किया और कहा कि भारत और बिहार के विकास में इंजीनियरों की बड़ी भूमिका है. उन्होंने देश के सभी इंजीनियरों को शुभकामनाएं दीं.

PM Modi Bihar Visit Live Update: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की पीएम मोदी के कार्यों की सराहना
पीएम मोदी जी आज पूर्णिया पधारे हैं. यहां से उन्होंने पूर्णिया हवाई अड्डा के टर्मिनल का शुभारंभ किया है. इसका लाभ सभी लोगों को मिलने वाला है. बिहार में तो सब काम कर ही दिया गया है. इससे पहले जब हम लोग सरकार में आए थे 24 नवंबर, 2005 में, उससे पहले कोई काम नहीं हुआ था. बीच में गड़बड़ तो हुआ था. सब गड़बड़ करने वालों को छोड़ दिया गया. अभी एगो नेता हमारे साथ बैठे हुए हैं, लेकिन अब कोई गड़बड़ी नहीं होगी. अब कोई सवाल ही पैदा नहीं होता. अब हम सब मिलकर काम करेंगे. बहुत कुछ कर दिया गया है. बहुत काम किया गया है. सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन की राशि 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया है. हरेक तरह का बहुत काम किया गया है. हर घर बिजली कर ही दिया गया है. बहुत कम पैसे पर किया जाता था. अब आप सभी लोगों को मुफ्त में बिजली दी जाएगी. सब तय कर दिया गया है. सब तरह से काम हो ही रहा है. हमलोगों ने बहुत तरह का काम किया है. बीच में हमलोगों ने 10 लाख सरकारी रोजगार देने का शुरू किया था. अब 10 लाख सरकारी नौकरी और 40 लाख रोजगार कर दिया गया है. अब आने वाले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया.

PM Modi Bihar Visit Live Update: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की पीएम मोदी के कार्यों की सराहना
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं. 40,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से राज्य को बहुत लाभ होगा. पूर्णिया हवाई अड्डे के निर्माण से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी.
PM Modi Bihar Visit Live Update: पीएम मोदी का मखाने की माला से भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्णिया, बिहार पहुंचने पर उनका अनोखा स्वागत किया गया. बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें मखाने से बनी माला पहनाकर सम्मानित किया.
PM Modi Bihar Visit Live Update: कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी समेत एनडीए के तमाम नेता मौजूद हैं. पीएम मोदी खुले वाहन में सवार हैं और उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद हैं.

PM Modi Bihar Visit Live Update: पीएम मोदी का पूर्णिया आगमन
पूर्णिया में प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए स्थानीय लोग काफी उत्साहित दिख रहे हैं. रैली स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, अब थोड़ी देर में प्रधानमंत्री मोदी पहुंच सकते हैं.
PM Modi Bihar Visit Live Update: पीएम ने पूर्णिया हवाई अड्डे के अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया हवाई अड्डे के नए सिविल एन्क्लेव में बने अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया. यह नया टर्मिनल भवन क्षेत्र की हवाई सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद करेगा.
PM Modi Bihar Visit Live Update: बिहार में पीएम मोदी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
बीजेपी ने एक वीडियो पोस्ट कर बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में उमड़े जनसैलाब को दिखाया, जिसमें 'बिहार संग मोदी, मोदी संग बिहार' गाना बज रहा है. पार्टी ने लिखा कि जनता का यह प्यार और उत्साह दर्शाता है कि बिहारवासियों को पीएम मोदी पर गहरा विश्वास है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
PM Modi Bihar Visit Live Update: तेजस्वी पर नित्यानंद राय का पलटवार
तेजस्वी यादव के 'जुमले' वाले बयान पर पलटवार केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पूर्णिया में जहां एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे, वहीं बिहार को तीन स्पेशल ट्रेन भी मिलने जा रहा है. तेजस्वी यादव को अगली बार अगर दिल्ली जाना हो तो वे पटना और दरभंगा के साथ-साथ पूर्णिया से भी उड़ान भर सकते हैं. पूर्णिया से वह उड़ान भर रहे होंगे तो पीएम मोदी को धन्यवाद देना उन्हें नहीं भूलना चाहिए. आजकल पटना के नए टर्मिनल से दिल्ली तथा देश के दूसरे हिस्सों के लिए सफर करने पर तेजस्वी यादव को सुखद आनंद की अनुभूति होती है, उसी तरह पूर्णिया से भी 15 सितंबर से यात्रा करने में अच्छा अनुभव जरूर महसूस होगा.
PM Modi Bihar Visit Live Update: पूर्णिया दौरे से पहले पीएम मोदी का ट्वीट
पूर्णिया दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि असम के कार्यक्रमों के बाद कोलकाता आ गया हूं, जहां Combined Commanders’ Conference में शामिल होने का सुअवसर मिलेगा. इसके बाद बिहार के पूर्णिया जाऊंगा, जहां एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन के साथ ही करीब 36,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करूंगा. मखाना और बिहार का बहुत गहरा नाता रहा है. पूर्णिया से राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की शुरुआत भी की जाएगी, जिससे इस क्षेत्र के हमारे किसान भाई-बहनों को बहुत लाभ होने वाला है.
असम के कार्यक्रमों के बाद कोलकाता आ गया हूं, जहां कल Combined Commanders’ Conference में शामिल होने का सुअवसर मिलेगा। इसके बाद बिहार के पूर्णिया जाऊंगा, जहां एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन के साथ ही करीब 36,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करूंगा। pic.twitter.com/RaB1pXzuRd
— Narendra Modi (@narendramodi) September 14, 2025
PM Modi Bihar Visit Live Update: एनएच-107 पर जीविका दीदियों का प्रदर्शन
पीएम मोदी की सभा में शामिल होने के लिए जीविका दीदियों को गाड़ी नहीं मिलने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. पटना के जानकीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर भंगहा पंचायत के चैनपुरा के निकट पूर्णिया-सहरसा एनएच 107 को जीविका दीदियों ने गाड़ी नहीं मिलने के कारण जाम कर प्रदर्शन किया.
PM Modi Bihar Visit Live Update: पीएम मोदी बेतिया को भी देंगे सौगात
पूर्णिया से पीएम मोदी बेतिया को बड़ी सौगात देने का काम करेंगे. पीएम यहां फोरलेन एक्सप्रेसवे की सौगात देंगे. जो 10 हजार 21 करोड़ की लागत से बनेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक्सप्रेस वे का शिलान्यास करेंगे. यह सड़क पटना से नौतन को जोड़ेगी. जिससे पटना की दूरी अब बेतिया से 162 किमी हो जाएगी. इस सड़क पर 100 कमी प्रति घंटा के रफ्तार से गाडियां फर्राटा भरेंगी. इसके बाद बेतिया से पटना जाने में मात्र दो घंटे का समय लगेगा. इसे लेकर पश्चिम चंपारण से बीजेपी सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल ने खुशी जताते हुए कहा कि पश्चिम चंपारण को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली का उपहार दिया है. इस फोरलेन एक्सप्रेसवे से बेतिया पटना की दूरी मात्र अब 162 किमी हो जाएगी. बाईपास मिलने से शहर को जाम की समस्या से भी मुक्ति मिल जाएगी.
PM Modi Bihar Visit Live Update: विपक्ष पर जीतन राम मांझी का हमला
पीएम मोदी के पूर्णिया दौरे को लेकर बयानबाजी जारी है. विपक्षी नेताओं की बयानबाजी पर केंद्रीय मंत्री और हम संरक्षक जीतन राम मांझी ने पलटवार करते हुए ये (विपक्ष) लोग दोगलापन की राजनीति करते हैं. मांझी ने कहा कि जब बिहार को विशेष राज्य दर्जा देने की बात हो रही थी तो विपक्ष सवाल खड़े करता था कि बिहार को विशेष दर्जा नहीं दिया जा रहा. मांझी ने कहा कि PM जब भी बिहार आते हैं तो हजारों करोड़ का तोहफा देकर जाते हैं. कहीं 8 हजार करोड़ तो कहीं 12 हजार करोड़ कहीं 20 हजार करोड़ और आज 40 हजार करोड़ रूपये की सौगात दे रहे हैं.
PM Modi Bihar Visit Live Update: पटना से पूर्णिया के लिए हुए रवाना सीएम नीतीश
पीएम मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना से पूर्णिया के लिए निकल चुके हैं. उनके साथ में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पूर्णिया जा रहे हैं. बता दें कि प्रधानमंत्री आज पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पीएम मोदी के साथ मौजूद रहेंगे.
PM Modi Bihar Visit Live Update: पीएम मोदी पर पोस्टर के जरिए निशाना साधा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्णिया दौरे से पहले आरजेडी प्रदेश कार्यालय के गेट पर पोस्टर लगाया गया है. जिसमें लिखा गया है की डबल इंजन की सरकार है फिर भी फैक्ट्री की हाहाकार है इसीलिए बिहार के युवा बेरोजगार हैं.
PM Modi Bihar Visit Live Update: आज बिहार को क्या-क्या तोहफे देंगे पीएम मोदी
PM Modi Bihar Visit Live Update: पीएम मोदी के आगमन से पहले RJD का ट्वीट
होशियार! खबरदा!
आज जुमलों का जुल्म करने जुमलेबाज “कातिया” बिहार पहुँच रहा है। #Bihar pic.twitter.com/moIylgAST3
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) September 15, 2025
PM Modi Bihar Visit Live Update: पीएम मोदी के दौरे पर तेजस्वी यादव ने साधा निशाना
पीएम मोदी के पूर्णिया दौरे पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी आज पूर्णिया में जुमलों की बारिश करने से पूर्व कृपया अपने सभा स्थल से 2-3 किलोमीटर के दायरे में अवस्थित जर्जर ग्रामीण सड़क, शिक्षक विहीन स्कूल, बदहाल स्वास्थ्य केंद्र तथा महिलाओं व युवाओं की जनसमस्याएं अवश्य सुन लें.
PM Modi Bihar Visit Live Update: पूर्णिया के ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
पीएम मोदी के आगमन को लेकर पूर्णिया पुलिस ने आज ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है. पूर्णिया पुलिस की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया है कि पीएम के दौरों को शहर की तमाम सड़कों के लिए नियम बनाए गए हैं. आज रात 10:00 बजे तक पूर्णिया जिले की सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी व्यवसायिक वाहनों की आवाजाही बैन है. वहीं पूर्णिया से बाहर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाह 14.09.2025 की रात 12:00 बजे तक निर्बाध रूप से बनी रहेगी. पूर्णिया की ओर आने वाले यात्री बसों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है. शहर के अंदर भी कई रूट डायवर्ट किए गए हैं. ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी करके लोगों को सूचित किया है.
PM Modi Bihar Visit Highlights Update: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर से बिहार आ रहे हैं. पीएम मोदी आज यानी सोमवार (15 सितंबर) को बिहार के पूर्णिया आ रहे हैं. चुनावी साल में पीएम मोदी का यह सातवां बिहार दौरा होगा. पूर्णिया में प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. इसमें हवाई अड्डा, रेलवे, ऊर्जा, सिंचाई, कृषि और आवास से जुड़ी प्रमुख योजनाएं शामिल हैं. पीएम मोदी के पूर्णिया दौरे को लेकर सियासत हाई है. राजद नेता तेजस्वी यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी आज पूर्णिया में जुमलों की बारिश करने से पूर्व कृपया अपने सभा स्थल से 2-3 किलोमीटर के दायरे में अवस्थित जर्जर ग्रामीण सड़क, शिक्षक विहीन स्कूल, बदहाल स्वास्थ्य केंद्र तथा महिलाओं व युवाओं की जनसमस्याएं अवश्य सुन लें.